TRENDING TAGS :
IIT नहीं, अब ITI वालों का दबदबा! लखनऊ की धरती से PM मोदी का बड़ा मैसेज, भविष्य को लेकर बड़ा ऐलान
पीएम मोदी ने लखनऊ में आयोजित राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में हुनर और कौशल की अहमियत पर जोर दिया। जानिए उन्होंने IIT और ITI को लेकर क्या कहा?
PM Modi Speech IIT vs ITI
PM Modi on IIT vs ITI: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को यूपी की राजधानी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में हिस्सा लिया। उन्होंने इस दौरान युवाओं को हुनर और कौशल की अहमियत समझाते हुए बड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य सिर्फ बड़ी-बड़ी डिग्रियों और शैक्षणिक संस्थानों से नहीं, बल्कि उन युवाओं से भी बनेगा जिनके पास काम करने का हुनर और तकनीकी दक्षता है। प्रधानमंत्री ने IIT और ITI की तुलना करते हुए कहा कि चाहे कोई IIT में पढ़ता हो या ITI में, दोनों ही देश की अमानत, सामर्थ्य और भविष्य हैं।
इस कार्यक्रम का आयोजन पहली बार दिल्ली से बाहर किया गया। समारोह में देशभर के ITI, NSTI और ट्रेनिंग संस्थानों के 52 राष्ट्रीय स्तर के टॉपर्स को सम्मानित किया गया।
IIT और ITI दोनों भारत की ताकत हैं
प्रधानमंत्री ने अपने दिन के कार्यक्रमों का जिक्र करते हुए कहा कि वह पहले पश्चिम बंगाल के IIT खड़गपुर गए थे, जहां संस्थान के 75 साल पूरे होने का कार्यक्रम था। इसके बाद वह लखनऊ में ITI के विद्यार्थियों के बीच पहुंचे।
पीएम मोदी ने कहा कि जिस ऊर्जा, उत्साह और उम्मीद के साथ वह IIT खड़गपुर गए थे, उसी उमंग के साथ ITI के विद्यार्थियों के बीच भी आए हैं। उनके मुताबिक, IIT हो या ITI, दोनों ही भारत की ताकत हैं और देश के भविष्य को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएंगे। पीएम मोदी के इस बयान को कौशल आधारित शिक्षा और व्यावसायिक प्रशिक्षण को सामाजिक सम्मान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण संदेश माना जा रहा है।
डिग्री के साथ हुनर भी जरूरी, बदलनी होगी सोच
पीएम मोदी ने कहा कि किसी भी राष्ट्र की तरक्की इस बात पर निर्भर करती है कि वह अपने युवाओं के कौशल का कितना बेहतर इस्तेमाल करता है। भारत में हुनर और कारीगरी की पुरानी परंपरा रही है। उन्होंने लखनऊ की चिकनकारी, बनारसी और कांचीपुरम की सिल्क, कश्मीर की पश्मीना, कलमकारी और धातु शिल्प जैसी पारंपरिक कलाओं का उदाहरण दिया।
प्रधानमंत्री ने इस बात पर भी जोर दिया कि समाज में हाथ से काम करने वाले लोगों और तकनीकी हुनर रखने वाले युवाओं को पर्याप्त सम्मान मिलना चाहिए। लंबे समय तक कौशल आधारित काम को कमतर समझने की मानसिकता रही है। अब इसे बदलने की जरूरत है। उन्होंने युवाओं को संदेश दिया कि उन्हें अपने हुनर पर गर्व करना चाहिए। देश के विकास में तकनीशियन, कारीगर और कुशल कामगारों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
ITI छात्रों की उंगलियों में भारत का भविष्य
उन्होंने कहा कि उन्हें ITI के छात्रों की उंगलियों में भारत का भविष्य दिखाई देता है। उनके हुनर में देश की ताकत नजर आती है। पीएम मोदी ने कहा कि AI को लेकर कई तरह की चिंताएं जताई जा रही हैं। कहा जा रहा है कि इससे लोगों की नौकरियां जा सकती हैं, लेकिन जिसके पास हुनर है, उसका रोजगार कोई नहीं छीन सकता है। उन्होंने कहा पहले कॉलेज और यूनिवर्सिटी से डिग्री लेने वाले छात्रों के लिए ही दीक्षांत समारोह होते थे। लेकिन उन्होंने तय किया कि ITI के छात्रों को भी उसी सम्मान के साथ दीक्षांत समारोह में शामिल किया जाएगा।
ITI की बढ़ती अहमियत के पीछे है रोजगार और उद्योग की जरूरत
भारत में उद्योगों के विस्तार के साथ प्रशिक्षित तकनीकी कर्मचारियों की मांग भी बढ़ रही है। मैन्युफैक्चरिंग, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, निर्माण, बिजली, मशीनरी और नई तकनीक से जुड़े क्षेत्रों में ITI प्रशिक्षित युवाओं की अहम भूमिका है।
ऐसे में ITI को केवल पारंपरिक ट्रेड की पढ़ाई तक सीमित नहीं रखा जा सकता। आधुनिक तकनीक और उद्योगों की जरूरतों के मुताबिक प्रशिक्षण देने पर जोर दिया जा रहा है। केंद्र सरकार ने ITI के आधुनिकीकरण के लिए PM-SETU योजना भी शुरू की है। इसके तहत 1,000 सरकारी ITI को अपग्रेड करने की योजना है। इसमें आधुनिक लैब, स्मार्ट क्लासरूम और उद्योगों की जरूरत के मुताबिक नए कोर्स शामिल हैं।
भारत में कितने IIT और कितने ITI हैं?
प्रधानमंत्री के बयान के बीच यह जानना भी दिलचस्प है कि भारत में IIT और ITI संस्थानों की संख्या कितनी है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक दोनों संस्थानों के नेटवर्क में बड़ा अंतर है।
1. भारत में IIT की संख्या: 23
शिक्षा मंत्रालय और PIB के आंकड़ों के अनुसार, जून 2025 तक भारत में कुल 23 IIT थे। साल 2014 में इनकी संख्या 16 थी। इस तरह सात नए IIT जुड़े।
2. भारत में ITI की संख्या: 13,856
कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय की ओर से 22 जुलाई 2026 को जारी आंकड़ों के मुताबिक, देश में कुल 13,856 ITI हैं। साल 2014 में इनकी संख्या 9,642 थी। यानी पिछले करीब 12 वर्षों में 4,214 ITI बढ़े हैं।


