PM मोदी के नाम पर किन-किन चीजों का रखा गया नाम? जेवर एयरपोर्ट ही नहीं फल-फूल और कीट-पतंग भी शामिल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर एयरपोर्ट, स्टेडियम, मेडिकल कॉलेज, पार्क और सड़क समेत कई जगहों और चीजों के नाम जुड़े हैं।

Sachin Singh
Published on: 10 Oct 2026 3:51 PM IST (Updated on: 10 Oct 2026 5:30 PM IST)
PM मोदी के नाम पर किन-किन चीजों का रखा गया नाम? जेवर एयरपोर्ट ही नहीं फल-फूल और कीट-पतंग भी शामिल
X

PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर अब तक कई बड़े प्रोजेक्ट, खेल सुविधाएं, मेडिकल कॉलेज, सड़कें, पार्क और यहां तक कि फूलों और आम की किस्मों के नाम भी रखे जा चुके हैं। अब इस सूची में उत्तर प्रदेश के जेवर एयरपोर्ट का नाम भी जुड़ने जा रहा है।

दिलचस्प बात यह है कि यह सूची सिर्फ सरकारी इमारतों और सड़कों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें गुलाब, कमल, आम की किस्में, एक हाथी और एक कीट का वैज्ञानिक नाम भी शामिल है।

PM मोदी के नाम पर किन-किन चीजों के रखे गए नाम?

1. नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद

अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी स्टेडियम देश ही नहीं, बल्कि दुनिया के चर्चित क्रिकेट मैदानों में शामिल है। गुजरात के मोटेरा इलाके में स्थित इस स्टेडियम का नाम पहले सरदार पटेल स्टेडियम था। फरवरी 2021 में इसका नाम बदलकर नरेंद्र मोदी स्टेडियम कर दिया गया। 24 फरवरी 2021 को तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने इसका उद्घाटन किया था। उस समय स्टेडियम में करीब 1.32 लाख दर्शकों के बैठने की क्षमता बताई गई थी। यहां 11 क्रिकेट पिच हैं और यह अहमदाबाद के बड़े खेल परिसर का हिस्सा है।

2. नरेंद्र मोदी मेडिकल कॉलेज, अहमदाबाद

गुजरात के अहमदाबाद में नगर निगम के तहत चलने वाले AMC MET मेडिकल कॉलेज का नाम भी नरेंद्र मोदी के नाम पर रखा गया। दिसंबर 2022 में इसे नरेंद्र मोदी मेडिकल कॉलेज के नाम से पहचान मिली। यह कॉलेज शेट्ठ एलजी अस्पताल से जुड़ा है और साल 2009 में शुरू हुआ था। शुरुआत में यहां एमबीबीएस की 150 सीटें थीं, जिन्हें बाद में बढ़ाकर 200 कर दिया गया। कॉलेज का नाम बदलने के प्रस्ताव को सितंबर 2022 में अहमदाबाद नगर निगम की स्थायी समिति ने मंजूरी दी थी।

3. नमो ग्रैंड सेंट्रल पार्क, महाराष्ट्र

महाराष्ट्र के ठाणे में बना नमो ग्रैंड सेंट्रल पार्क भी इस सूची का हिस्सा है। फरवरी 2024 में इसे आम लोगों के लिए खोला गया था। करीब 20 एकड़ में फैला यह पार्क ठाणे के कोलशेत इलाके में स्थित है। इसका उद्घाटन उस समय महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री रहे एकनाथ शिंदे ने किया था। पार्क में हरे-भरे बगीचे, पैदल चलने और साइकिल चलाने के रास्ते, झील के आसपास का इलाका और मनोरंजन के लिए कई सुविधाएं बनाई गई हैं। यहां जापानी, चीनी, मोरक्कन और मुगल शैली से प्रेरित थीम गार्डन भी मौजूद हैं।

4. नरेंद्र मोदी मार्ग, सिक्किम

सिक्किम में गंगटोक से त्सोमगो झील और नाथुला सीमा क्षेत्र की ओर जाने वाली सड़क का नाम भी नरेंद्र मोदी मार्ग रखा गया है। दिसंबर 2021 में इस सड़क का उद्घाटन किया गया था। करीब 19.5 किलोमीटर लंबा यह मार्ग पुराने जवाहरलाल नेहरू रोड के विकल्प के तौर पर बनाया गया। इसका निर्माण सीमा सड़क संगठन ने किया। इस सड़क से गंगटोक और त्सोमगो झील के बीच की दूरी करीब 15 किलोमीटर कम होने की बात कही गई थी। स्थानीय ग्राम सभा ने भी प्रधानमंत्री के नाम पर सड़क का नाम रखने के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी।

5. नरेंद्र मोदी पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास संस्थान

गुजरात की राजधानी गांधीनगर में पंचायत अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को प्रशिक्षण देने वाले संस्थान का नाम भी नरेंद्र मोदी के नाम पर रखने का प्रस्ताव सामने आया था। साल 2023 में गुजरात राज्य पंचायत परिषद के तहत चलने वाले पंचायत तालीम केंद्र का नाम बदलकर 'नरेंद्र मोदी पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास संस्थान' करने की योजना बताई गई थी।

6. फूलों की दुनिया में भी मोदी के नाम की पहचान

प्रधानमंत्री मोदी के नाम पर कई फूलों की किस्मों के नाम रखे गए हैं। जुलाई 2017 में इजरायल में गुलदाउदी के एक नए फूल का नाम 'MODI' रखा गया था। इसके अलावा भारत में 'मोदी रोज' नाम का गुलाब भी है, जिसे अगस्त 2014 में महाराष्ट्र की डोंबिवली रोज सोसाइटी में पेश किया गया था। फूलों की इस लिस्ट में 'नमो 108' कमल भी शामिल है। इस कमल में 108 पंखुड़ियां हैं, जो भारतीय परंपरा में खास धार्मिक महत्व रखती हैं।

7. आम की कई किस्मों को भी मिला 'नमो' और 'मोदी' नाम

आम की किस्मों में भी प्रधानमंत्री मोदी के नाम का इस्तेमाल किया गया है। मई 2014 में उत्तर प्रदेश के प्रसिद्ध आम उत्पादक हाजी कलीमुल्लाह खान ने 'नमो आम' नाम की एक हाइब्रिड किस्म पेश की थी। इसके अलावा उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश के कुछ उत्पादकों की ओर से मोदी, मोदी-1, मोदी-2 और मोदी-3 नाम वाली आम की किस्मों का भी जिक्र सामने आया। साल 2019 में लखनऊ के एक आम महोत्सव में प्रदर्शित 'मोदी' नाम के एक आम का वजन करीब 450 ग्राम बताया गया था।

8. केरल में 'मोदी' नाम का हाथी

केरल के कोल्लम जिले के पुथेनकुलम गांव में 'मोदी' नाम का एक हाथी भी चर्चा में रहा है। मई 2014 में किसान शाजी कावेरी ने इस हाथी को अपनाया था और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति अपनी पसंद के कारण उसका नाम मोदी रख दिया था।

9. एक छोटे कीट के वैज्ञानिक नाम में भी नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री मोदी के नाम से जुड़ी सूची में एक छोटे से कीट का नाम भी शामिल है। साल 2019 में ‘इंडियन फॉरेस्टर’ पत्रिका में प्रकाशित एक वैज्ञानिक शोधपत्र में सफेद मक्खी की एक प्रजाति का नाम 'Pseudozaphanera narendramodii' रखा गया था। शोधकर्ताओं एथिराज रघुपति और आर. राधाकृष्णन ने तमिलनाडु में इस कीट का डिटेल दिया था।

Sachin Singh
ABOUT THE AUTHOR

Sachin Singh

Conetent Writer Mail ID - sachinsingh.alert@gmail.comsachinsingh.alert@gmail.com

Sachin Singh is a media professional with 4 years of experience in the field of journalism and digital media. After completing his education at Jamia Millia Islamia Central University, he has worked with reputed media organizations such as Editor ji, ABP News and Doordarshan. Currently, Sachin Singh is working as a Content Writer with News Track, where he contributes to fast-paced digital news coverage and content creation. His areas of interest include politics, national and international affairs, and food. With experience across different formats of journalism, he focuses on producing informative, accurate, and engaging content for digital audiences.

Next Story