TRENDING TAGS :
संसद में महिला आरक्षण रोका, अब भुगतना होगा! PM मोदी की अखिलेश यादव को सीधी चेतावनी- UP की महिलाएं नहीं करेंगी माफ
भाजपा मुख्यालय में भाषण के दौरान पीएम मोदी ने महिला आरक्षण मुद्दे पर समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि संसद में विरोध करने वाली सपा को यूपी की महिलाओं के आक्रोश का सामना करना पड़ेगा।
नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। पश्चिम बंगाल, असम समेत पांच राज्यों में मिले जनादेश का जिक्र करते हुए उन्होंने इसे ऐतिहासिक और अभूतपूर्व बताया, लेकिन अपने भाषण के दौरान महिला आरक्षण के मुद्दे पर सपा को सीधे निशाने पर लिया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जिस समाजवादी पार्टी ने संसद में महिला आरक्षण का विरोध किया, उसे उत्तर प्रदेश की महिलाओं के आक्रोश का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि महिला विरोधी राजनीति करने वाले दल अपने इस “पाप” से बच नहीं पाएंगे और जनता उन्हें इसका जवाब जरूर देगी।
नारी शक्ति विकसित भारत की आधारशिला
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि विकसित भारत के निर्माण में नारी शक्ति की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आज देश की महिलाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं और हर क्षेत्र में अपनी भागीदारी बढ़ा रही हैं। हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने महिला सशक्तिकरण की इस गति को रोकने का प्रयास किया। प्रधानमंत्री के अनुसार, संसद में “नारी शक्ति वंदन संशोधन” को पास नहीं होने देना महिलाओं के अधिकारों के खिलाफ कदम है।
विपक्षी दलों पर साधा निशाना
प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस, टीएमसी और डीएमके का नाम लेते हुए कहा कि इन दलों को महिलाओं ने चुनाव में सजा दी है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में अन्य राज्यों में भी महिलाएं ऐसे दलों को जवाब देंगी सपा पर विशेष रूप से हमला करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की महिलाएं महिला आरक्षण का विरोध करने वालों को कभी माफ नहीं करेंगी।
जनादेश को बताया “भरोसे की जीत”
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने पांच राज्यों के चुनाव परिणामों को जनता के भरोसे और लोकतंत्र की जीत बताया। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि वर्षों की तपस्या आज सफलता में बदलती नजर आ रही है।


