सोमनाथ में PM मोदी का भव्य रोड शो, 75 साल बाद पहली बार हुआ मंदिर का कुंभाभिषेक

Somnath Amrit Mahotsav 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 11 मई को गुजरात के एक दिवसीय दौरे पर हैं। वो सुबह 10 बजे हेलिपैड से सोमनाथ पहुंचे जहां वो हेलिपैड से मंदिर तक 1 किलोमीटर लंबा रोड शो किया।

Priya Singh Bisen
Published on: 11 May 2026 11:26 AM IST (Updated on: 11 May 2026 1:53 PM IST)
Somnath Amrit Mahotsav 2026
X

Somnath Amrit Mahotsav 2026

Somnath Amrit Mahotsav 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सोमवार गुजरात के एक दिवसीय दौरे पर सोमनाथ पहुंचे, जहां उनका शानदार तरीके से स्वागत किया गया। प्रथम ज्योतिर्लिंग सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 साल पूरे होने के शुभ अवसर पर आयोजित ‘सोमनाथ अमृत पर्व-2026’ में हिस्सा लेने पहुंचे प्रधानमंत्री ने हेलिपैड से मंदिर तक करीब एक किलोमीटर लंबा रोड शो किया। इस दौरान सड़क के दोनों ओर हजारों श्रद्धालुओं और समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी दिखाई दी।

पीएम मोदी का हुआ 75 ढोल, शंख और डमरुओं के साथ स्वागत

सुबह करीब 10 बजे सोमनाथ पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत 75 ढोल, शंख और डमरुओं की गूंज के साथ किया गया। पारंपरिक परिधानों में सजी 100 कन्याओं ने ‘कलश नृत्य’ प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया। वहीं, गुजरात के विभिन्न हिस्सों से आए कलाकारों ने भगवान शिव और शिव परिवार की झांकियों के माध्यम से श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

मंदिर परिसर में हुई पुष्पों की वर्षा

प्रधानमंत्री ने सोमनाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना कर देश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद मंदिर का ऐतिहासिक कुंभाभिषेक समारोह संपन्न हुआ। जानकारी के मुताबिक, 11 पवित्र स्थानों से लाए गए जल से मंदिर का अभिषेक किया गया। इस खास मौके पर आसमान में भारतीय वायुसेना की ‘सूर्य किरण’ टीम ने शानदार एयर शो किया, जबकि मंदिर परिसर में पुष्प वर्षा भी की गई। यह पहला मौका माना जा रहा है जब पुनर्निर्माण के बाद सोमनाथ मंदिर का इस स्तर पर कुंभाभिषेक आयोजित किया गया।

परिसर को आकर्षक रोशनी और फूलों से सजाया गया

‘अमृत पर्व’ के लिए पूरे सोमनाथ मंदिर परिसर को आकर्षक रोशनी और फूलों से सजाया गया है। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने एक विशेष प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। इस प्रदर्शनी में सोमनाथ मंदिर के प्राचीन इतिहास, बार-बार हुए आक्रमणों, मंदिर के विनाश और फिर लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल के संकल्प से हुए पुनर्निर्माण की पूरी यात्रा को दर्शाया गया है।

बड़ी LED स्क्रीन पर दुर्लभ तस्वीरों और स्लाइड शो के माध्यम से मंदिर के ऐतिहासिक महत्व को दिखाया गया। प्रदर्शनी का प्रमुख आकर्षण प्रधानमंत्री मोदी का वह संदेश रहा, जिसमें उन्होंने कहा था कि “विकसित भारत के निर्माण की जड़ में हमारी आध्यात्मिक शक्ति ही सर्वशक्तिमान है।”

'सोमनाथ में हर कोने में भक्ति का अनुभव'

प्रधानमंत्री ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सोमनाथ यात्रा से अपनी तस्वीरें साझा की हैं। इसके साथ कैप्शन में उन्होंने लिखा, 'सोमनाथ में, हर कोने में भक्ति का अनुभव किया जा सकता है। फिर से बने मंदिर के भक्तों के लिए दरवाजे खुलने के 75 साल पूरे होने पर अनगिनत लोग एक साथ आए हैं। वो दिन वाकई में भारत की सभ्यता की यात्रा में एक मील का पत्थर था।'

वडोदरा में PM मोदी की विशाल जनसभा

PM मोदी आज दोपहर 1 बजे से 3:30 बजे तक सागर दर्शन सर्किट हाउस में रुकेंगे। वहीं, शाम को प्रधानमंत्री वडोदरा के लिए प्रस्थान होंगे। वडोदरा में शाम 5 बजे वो 'सरदार धाम' का लोकार्पण करेंगे और वहां एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। वापस दिल्ली लौटने से पहले शाम 7 बजे वडोदरा की सड़कों पर प्रधानमंत्री का रोड शो होगा, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के इकठ्ठा होने की उम्मीद है।

Priya Singh Bisen

Priya Singh Bisen

Mail ID - Priyasinghbisen96@gmail.com

Content Writer

Next Story