Rajasthan News: बेटियों को आत्मरक्षा के गुर सिखाएगी पुलिस, दो विभागों के बीच हुआ समझौता

Rajasthan News: शैक्षणिक सत्र 2026-27 में 36,765 सरकारी स्कूलों की कक्षा 6 से 12 तक की छात्राओं को मिलेगा प्रशिक्षण, पुलिस और शिक्षा विभाग ने किया तीन साल का समझौता।

Newstrack Network
Published on: 23 Nov 2026 5:05 PM IST
Police, agreement between two departments to teach daughters how to defend themselves
X

बेटियों को आत्मरक्षा के गुर सिखाएगी पुलिस, दो विभागों के बीच हुआ समझौता (Photo- Newstrack)

Rajasthan News: राजस्थान में बालिकाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए पुलिस और शिक्षा विभाग ने बड़ी पहल की है। प्रदेश की 23.32 लाख बेटियों को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देने के लिए दोनों विभागों के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इस कार्यक्रम के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रदेश के 36,765 राजकीय विद्यालयों में कक्षा 6 से 12 तक पढ़ने वाली बालिकाओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाए जाएंगे। इसके लिए रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जाएगा।

पुलिस और शिक्षा विभाग के बीच हुआ समझौता

जयपुर में सोमवार, 23 नवंबर को आयोजित कार्यक्रम में महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा की मौजूदगी में एमओयू संपन्न हुआ। राजस्थान पुलिस की ओर से एडीजी कम्युनिटी पुलिसिंग लता मनोज कुमार और शिक्षा विभाग की ओर से राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद की राज्य परियोजना निदेशक डॉ. रश्मि शर्मा ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।

इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं को शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक रूप से मजबूत बनाना है। इसके साथ ही उनमें आत्मविश्वास और खुद की सुरक्षा करने की क्षमता विकसित की जाएगी, ताकि वे घर, विद्यालय और सार्वजनिक स्थानों पर खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें।

महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि इस पहल से प्रदेश के सभी जिलों में विद्यालय स्तर पर बालिका सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ेगी और छात्राओं में आत्मविश्वास मजबूत होगा। उन्होंने इस अभियान को लेकर राजस्थान पुलिस की प्रतिबद्धता जताई। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस काम में राजस्थान पुलिस से जुड़े संस्थानों का भी सहयोग लिया जाए।

राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद की राज्य परियोजना निदेशक डॉ. रश्मि शर्मा ने कहा कि पुलिस और शिक्षा विभाग का यह साझा प्रयास बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण साबित होगा। इससे विद्यालयों में सुरक्षित, संवेदनशील और भरोसेमंद माहौल तैयार करने में भी मदद मिलेगी।

11,701 विद्यालयों के शिक्षकों को दिया जाएगा प्रशिक्षण

कार्यक्रम को प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए शिक्षकों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। एडीजी लता मनोज कुमार ने बताया कि राजस्थान पुलिस के सहयोग से प्रदेश के 11,701 पीईईओ/यूसीईईओ विद्यालयों के एक पीईटी अथवा सामान्य शिक्षक को ब्लॉक स्तर पर प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके बाद ये प्रशिक्षित शिक्षक अपने क्षेत्र के विद्यालयों में एक महिला पीईटी अथवा सामान्य महिला शिक्षक को प्रशिक्षण देंगे।

विद्यालय स्तर पर प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली महिला शिक्षक अपने-अपने विद्यालयों में कक्षा 6 से 12 तक की बालिकाओं को आत्मरक्षा की अलग-अलग तकनीकें सिखाएंगी। इस पूरी प्रक्रिया के लिए कुल 319 प्रशिक्षण बैच आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक बैच में 15 से 60 प्रतिभागी शामिल होंगे। पुलिस और शिक्षा विभाग के बीच हुआ यह समझौता हस्ताक्षर की तारीख से अगले तीन वर्षों तक प्रभावी रहेगा।

आत्मरक्षा के साथ हेल्पलाइन सेवाओं की भी मिलेगी जानकारी

प्रशिक्षण कार्यक्रम में छात्राओं को केवल आत्मरक्षा की व्यावहारिक तकनीकें ही नहीं सिखाई जाएंगी, बल्कि उन्हें आपातकालीन सहायता सेवाओं और महिला सुरक्षा हेल्पलाइन के सही इस्तेमाल की जानकारी भी दी जाएगी। इसके अलावा बालिकाओं को शारीरिक स्वास्थ्य, पोषण, जेंडर संवेदनशीलता, सुरक्षा और बाल अधिकारों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों के बारे में भी जागरूक किया जाएगा।

इस पहल के जरिए प्रदेश की लाखों छात्राओं को अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाने और जरूरत पड़ने पर खुद की रक्षा करने के लिए तैयार करने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में उपमहानिरीक्षक कुंवर राष्ट्रदीप और दीपक भार्गव सहित राजस्थान पुलिस और शिक्षा विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story