शपथ लेते ही PK ने अपने ही वादे से मारी पलटी! मीडिया के सामने किया बड़ा ऐलान

Prashant Kishor Oath Ceremony: बिहार विधानसभा की सदस्यता की शपथ लेते ही प्रशांत किशोर ने लखीसराय जाकर अशोक धाम मंदिर हादसे का जायजा लेने का ऐलान किया था, लेकिन बाद में उनका दौरा रद्द हो गया। जन सुराज ने बताया कि अब प्रशांत किशोर मंगलवार को लखीसराय पहुंचेंगे।

Harsh Srivastava
Published on: 17 Aug 2026 3:07 PM IST
शपथ लेते ही PK ने अपने ही वादे से मारी पलटी! मीडिया के सामने किया बड़ा ऐलान
X

Prashant Kishor Oath Ceremony: बिहार की राजनीति में अपनी नई पहचान बना चुके जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं। सोमवार को बिहार विधानसभा में पद एवं गोपनीयता की शपथ लेने के तुरंत बाद उन्होंने मीडिया के सामने बड़ा बयान दिया था। बांकीपुर सीट से नए-नवेले विधायक बने प्रशांत किशोर ने विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार के कक्ष में सदस्यता ग्रहण की। बाहर निकलते ही जब पत्रकारों ने उनसे लखीसराय हादसे पर सवाल पूछा, तो उन्होंने तुरंत कहा कि वे बिना कोई समय गंवाए सीधे लखीसराय के लिए रवाना हो रहे हैं ताकि जमीनी हकीकत का जायजा ले सकें।

अशोक धाम मंदिर में बड़ा हादसा

दरअसल, लखीसराय के प्रसिद्ध अशोक धाम मंदिर में सोमवार की सुबह एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। सावन की सोमवारी के अवसर पर जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। इसी दौरान कतार के पास बिजली का एक पोल अचानक गिर गया, जिससे पूरे परिसर में करंट फैलने की अफवाह उड़ गई। इस अफवाह के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई और भयंकर भगदड़ हो गई। इस दुखद घटना में 7 महिलाओं की जान चली गई, जबकि 24 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानिए क्यों टालना पड़ा दौरा

शपथ लेने के तुरंत बाद लखीसराय जाने की बात कहने वाले प्रशांत किशोर को अचानक अपना फैसला बदलना पड़ा। जन सुराज पार्टी के आधिकारिक सूत्रों ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि प्रशांत किशोर का सोमवार का दौरा रद्द कर दिया गया है। स्थानीय पार्टी नेताओं ने उन्हें सलाह दी कि हादसे के तुरंत बाद बने संवेदनशील हालात और सोमवारी की अत्यधिक भीड़ को देखते हुए आज जाना सही नहीं होगा। अब वे मंगलवार को लखीसराय पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मिलेंगे और घटना स्थल का जायजा लेंगे।

सदन का सदस्य बनने पर दिग्गजों को किया याद

इससे पहले विधानसभा की सदस्यता लेने के बाद प्रशांत किशोर ने मीडिया को संबोधित करते हुए बिहार के महान जननायकों को याद किया। उन्होंने कर्पूरी ठाकुर, डॉक्टर श्रीकृष्ण सिंह, लालू प्रसाद यादव, नीतीश कुमार, रामविलास पासवान और सुशील कुमार मोदी जैसे नेताओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जिस सदन में इन दिग्गजों ने राज्य के विकास और समाज कल्याण के लिए दशकों तक काम किया, उसका हिस्सा बनना उनके लिए बेहद गर्व और जिम्मेदारी की बात है।

19 हजार से अधिक वोटों की ऐतिहासिक जीत के साथ पहुंचे विधानसभा

आपको बता दें कि प्रशांत किशोर हाल ही में 3 अगस्त को हुए बांकीपुर उपचुनाव में विजयी घोषित हुए थे। उन्होंने भाजपा के प्रत्याशी नीरज सिन्हा को 19 हजार से अधिक मतों के भारी अंतर से शिकस्त दी थी। इस चुनाव में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की उम्मीदवार रेखा गुप्ता को 15 हजार वोट भी नहीं मिल सके थे और उनकी जमानत जब्त हो गई थी। तेजस्वी यादव की अनुपस्थिति और तेज प्रताप यादव के समर्थन के बीच प्रशांत किशोर की इस एकतरफा जीत ने पूरे बिहार के राजनीतिक गलियारों में तहलका मचा दिया था।

Harsh Srivastava
ABOUT THE AUTHOR

Harsh Srivastava

Content Writer Mail ID - harshsri764@gmail.comharshsri764@gmail.com

हर्ष श्रीवास्तव वाराणसी के रहने वाले पत्रकार और डिजिटल कंटेंट प्रोफेशनल हैं। वर्तमान में वे लखनऊ स्थित न्यूज़ट्रैक में डेस्क इंचार्ज के पद पर कार्यरत हैं। यहां वे कंटेंट प्लानिंग, एडिटोरियल कोऑर्डिनेशन, न्यूज़रूम संचालन के साथ-साथ रिसर्च आधारित एक्सप्लेनर, न्यूज़ फीचर और विश्लेषणात्मक लेख तैयार करते हैं। उनके पास मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (MJMC) की डिग्री है। उन्होंने वर्ष 2023 में पत्रकारिता की शुरुआत की और हिन्दुस्तान, टाइम्स इंटरनेट, इंडिया न्यूज़ जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। वाराणसी, दिल्ली और लखनऊ में काम करने के दौरान उन्हें रिपोर्टिंग, कंटेंट राइटिंग और डिजिटल पत्रकारिता का अनुभव प्राप्त हुआ। हर्ष की विशेष रुचि राजनीति, चुनाव, अपराध, सार्वजनिक नीति, सुशासन और समसामयिक विषयों पर शोध-आधारित पत्रकारिता में है। वे गहन रिसर्च, फैक्ट-चेकिंग और सरल भाषा के माध्यम से जटिल विषयों को पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावी ढंग से पहुंचाने का प्रयास करते हैं।

Next Story