TRENDING TAGS :
26/11 Attack: राष्ट्रपति मुर्मू ने शहीदों को किया नमन, अमित शाह बोले- आतंकवाद के खिलाफ भारत की निर्णायक कार्रवाई जारी
26/11 Mumbai Terror Attack की 18वीं बरसी पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, गृह मंत्री अमित शाह और अन्य नेताओं ने शहीदों व पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी। जानें नेताओं ने क्या कहा।
नई दिल्ली: मुंबई में 26 नवंबर 2008 को हुए आतंकी हमले की 18वीं बरसी पर देशभर में शहीदों और हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को याद किया जा रहा है। इस मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 26/11 हमले के पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित की और आतंकियों का मुकाबला करने वाले सेना के जवानों, पुलिसकर्मियों तथा सुरक्षाबलों के साहस और बलिदान को नमन किया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी मुंबई आतंकी हमले के पीड़ितों और शहीद सुरक्षा कर्मियों को श्रद्धांजलि दी।
राष्ट्रपति मुर्मू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपने संदेश में लिखा कि 26/11 मुंबई आतंकी हमले की बरसी पर वह उन निर्दोष लोगों को याद करते हुए नमन करती हैं, जिन्होंने इस हमले में अपनी जान गंवाई। उन्होंने आतंकियों के खिलाफ मोर्चा संभालने वाले बहादुर जवानों, पुलिसकर्मियों और सुरक्षाकर्मियों के साहस की सराहना की। राष्ट्रपति ने कहा कि उनका बलिदान और निस्वार्थ सेवा हमेशा देश की स्मृतियों में अंकित रहेगी।
उन्होंने आगे कहा कि आतंकवाद लोगों की जिंदगी को तबाह कर सकता है, लेकिन साहस, करुणा और एकजुटता से खड़े राष्ट्र की भावना को कभी नहीं तोड़ सकता। देश इस दिन हमले में जीवित बचे लोगों और उनके परिवारों के साथ खड़ा है। उन्होंने आतंकवाद के सभी स्वरूपों को समाप्त करने और अधिक शांतिपूर्ण एवं मानवीय दुनिया बनाने के सामूहिक संकल्प को दोहराया।
अमित शाह ने आतंकवाद के खिलाफ भारत के संकल्प को दोहराया
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी 26/11 हमले की 18वीं बरसी पर पीड़ितों और शहीद सुरक्षाकर्मियों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि 2008 में आज ही के दिन मुंबई पर हुए आतंकी हमलों ने पूरे देश को झकझोर दिया था। शाह ने आतंकियों का मुकाबला करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले जवानों को नमन किया और निर्दोष नागरिकों की मौत पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
अमित शाह ने अपने संदेश में कहा कि आतंकवाद मानवता के खिलाफ सबसे जघन्य अपराध है। मोदी सरकार की आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति की दुनियाभर में सराहना हो रही है। उन्होंने कहा कि भारत आतंकवाद के हर स्वरूप और हर साजिश के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करते हुए वैश्विक लड़ाई में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
मुंबई में राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि
26/11 हमले की बरसी पर महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई पुलिस मुख्यालय में शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार, महाराष्ट्र के डीजीपी सदानंद दाते, मुंबई पुलिस कमिश्नर देवेन भारती समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों से मुलाकात भी की।
गेटवे ऑफ इंडिया पर NSG का विशेष स्मृति कार्यक्रम
इस साल 26/11 की 18वीं बरसी पर मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया पर NSG की ओर से '#NEVEREVER' थीम के तहत विशेष स्मृति एवं संकल्प समारोह आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में शहीदों और पीड़ितों की तस्वीरें, मोमबत्तियों से तैयार लिविंग मेमोरियल, पुष्पांजलि और श्रद्धांजलि कार्यक्रम शामिल हैं।
इसके अलावा मुंबई के 11 कॉलेजों और 26 स्कूलों में शांति, सतर्कता और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए संकल्प गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। शाम को गेटवे ऑफ इंडिया को तिरंगे की रोशनी से सजाया जाएगा।
26 नवंबर 2008 को क्या हुआ था?
26 नवंबर 2008 को पाकिस्तान से समुद्र के रास्ते मुंबई पहुंचे लश्कर-ए-तैयबा के 10 आतंकियों ने शहर के कई प्रमुख ठिकानों पर समन्वित हमले किए थे। आतंकियों ने छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, ताज होटल, ओबेरॉय-ट्राइडेंट होटल, नरीमन हाउस, लियोपोल्ड कैफे और कामा अस्पताल को निशाना बनाया था।
करीब 60 घंटे तक चले इस आतंकी हमले में 166 लोगों की जान चली गई, जबकि 300 से अधिक लोग घायल हुए थे। मुंबई पुलिस और NSG के जवानों ने आतंकियों का मुकाबला किया। इस दौरान हेमंत करकरे, अशोक काम्टे, विजय सालस्कर और तुकाराम ओंबले समेत कई बहादुर सुरक्षाकर्मियों ने देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। हमले में शामिल एकमात्र जिंदा पकड़े गए आतंकी अजमल कसाब को मुकदमे के बाद 21 नवंबर 2012 को फांसी दी गई थी।


