पंजाब कांग्रेस में बड़ा फेरबदल तय! 2 दिन में नए अध्यक्ष का ऐलान, विजय इंदर सिंगला सबसे आगे

पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बदलने की तैयारी में है। राजा वडिंग की जगह विजय इंदर सिंगला समेत 6 नेताओं के नाम चर्चा में हैं। अगले दो दिनों में ऐलान संभव है।

Alakha Singh
Published on: 30 Sept 2026 11:11 PM IST
पंजाब कांग्रेस में बड़ा फेरबदल तय! 2 दिन में नए अध्यक्ष का ऐलान, विजय इंदर सिंगला सबसे आगे
X

Punjab Congress New President: पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस प्रदेश संगठन में बड़ा बदलाव कर सकती है। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी आलाकमान अमरिंदर सिंह राजा वडिंग की जगह नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त करने की तैयारी में है। नए अध्यक्ष के नाम का ऐलान अगले दो दिनों में होने की संभावना जताई जा रही है। रेस में पूर्व मंत्री विजय इंदर सिंगला का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है।

हाल के दिनों में पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग के बीच मतभेद की खबरों के बाद संगठन में बदलाव की चर्चा तेज हुई है। कांग्रेस ने हाल ही में भूपेश बघेल की जगह सचिन पायलट को पंजाब का प्रभारी महासचिव बनाया है। इसके बाद पायलट ने पंजाब का दौरा कर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया।

राहुल गांधी-खरगे की बैठक में हुई चर्चा

द ट्रिब्यून ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई एक बैठक में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, महासचिव केसी वेणुगोपाल और पंजाब प्रभारी सचिन पायलट ने प्रदेश अध्यक्ष बदलने के मुद्दे पर चर्चा की थी।

सूत्रों के मुताबिक, चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस के देशव्यापी विरोध कार्यक्रमों के चलते इस फैसले में देरी हुई। अब राहुल गांधी और सचिन पायलट के बीच एक और बैठक होने की संभावना है। इसके बाद पंजाब कांग्रेस के नए अध्यक्ष के नाम पर फैसला हो सकता है।

अध्यक्ष पद की रेस में कौन-कौन?

राजा वडिंग की जगह कई नेताओं के नाम चर्चा में हैं। इनमें पूर्व मंत्री विजय इंदर सिंगला, पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप बाजवा, पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, विधायक परगट सिंह, सांसद जीएस औजला और विधायक सुखबिंदर सिंह सरकारिया के नाम शामिल बताए जा रहे हैं।

पार्टी के एक वरिष्ठ नेता के मुताबिक, प्रदेश अध्यक्ष के लिए किसी सांसद के बजाय विधायक या पूर्व विधायक को जिम्मेदारी देने पर भी विचार हो सकता है। साथ ही किसी नए जाट चेहरे को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की संभावना से भी इनकार नहीं किया गया है।

जुलाई में बने थे राजा वडिंग अध्यक्ष

अमरिंदर सिंह राजा वडिंग को इसी साल 1 जुलाई को पंजाब कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था। हालांकि, उनके चयन को लेकर चरणजीत सिंह चन्नी समेत पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेताओं की नाराजगी सामने आई थी।

सचिन पायलट के पंजाब प्रभारी बनने के बाद संगठन में बदलाव की अटकलों ने जोर पकड़ा। पायलट ने पंजाब दौरे के दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और संगठन की जमीनी स्थिति पर फीडबैक लिया।

जिला अध्यक्षों से फीडबैक ले रहे पायलट

पार्टी के एक वरिष्ठ नेता के मुताबिक, सचिन पायलट जिला कांग्रेस अध्यक्षों के साथ लगातार संपर्क में हैं। उनसे मिलने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं से भी संगठन को लेकर फीडबैक लिया जा रहा है।

एक नेता ने दावा किया कि पायलट और उनके निजी स्टाफ नेताओं और कार्यकर्ताओं की ओर से बताई गई महत्वपूर्ण बातों को नोट कर रहे हैं। इसे पंजाब कांग्रेस में संगठनात्मक बदलाव की तैयारी से जोड़कर देखा जा रहा है।

Alakha Singh
ABOUT THE AUTHOR

Alakha Singh

alakhsingh2025@hotmail.com

Alakha Singh is a Senior journalist with having more than one decade of experience in digital media. Alakha Singh has covered Loksabha Elections 2014 and 2019 closely with the several state assembly elections. He has expertise in SEO oriented content writing on various topics and issues. At HT Digital Alakha Singh has been recognised as one of the top performer of the team for many years continuously. At Livehindustan Alakha has worked on National, States and Utility beats (Career Beat in last 4 years mainly), Earlier he worked with HT Digital for more than 8 years and 2.5 years with Amar Ujala web. In initial days of his career Alakha Singh also worked as a reporter (stringer) with NBT Gurgaon. He pursued P.G. Diploma in Journalism from South Campus, University of Delhi in 2013 and MAMC from Kurukshetra University in 2014. He Belongs to District Banda of Uttar Pradesh.

Next Story