TRENDING TAGS :
पंजाब फतह के लिए BJP ने बुना जाल! कांग्रेस-अकाली दल के 7 बागी नेताओं के साथ बड़ा गेमप्लान, चुनाव समिति में और 9 सदस्य कौन?
पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले बीजेपी ने 16 सदस्यों वाली राज्य चुनाव समिति का गठन किया है।
Punjab Assembly Election 2027: पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने चुनावी रणनीति बनाने और संगठन को मजबूत करने के लिए 16 सदस्यों वाली राज्य चुनाव समिति का गठन किया है। इस समिति में तीन विशेष आमंत्रित सदस्य भी शामिल किए गए हैं। खास बात यह है कि कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल छोड़कर बीजेपी में आए सात नेताओं को इस समिति में अहम जिम्मेदारी दी गई है।
समिति में कौन-कौन से नेता शामिल?
बीजेपी की इस चुनाव समिति में पंजाब प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल, पूर्व सांसद सुनील जाखड़, पूर्व केंद्रीय मंत्री परनीत कौर, पूर्व सांसद रवनीत सिंह बिट्टू, पूर्व मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी और अकाली दल के पूर्व विधायक मनजीत सिंह मन्ना को शामिल किया गया है।
इनमें से छह नेता पहले कांग्रेस में रह चुके हैं, जबकि मनजीत सिंह मन्ना अकाली दल छोड़कर बीजेपी में आए थे। इसके अलावा लंबे समय से पार्टी से जुड़े कई वरिष्ठ नेताओं को भी समिति में जगह मिली है। इनमें तरुण चुघ, अश्वनी शर्मा, अविनाश राय खन्ना, मनोरंजन कालिया, श्वेत मलिक, प्रदेश संगठन महामंत्री श्रीनिवासुलु, विजय सांपला, दिनेश बब्बू और जंगी लाल महाजन शामिल हैं।
कैप्टन अमरिंदर सिंह का नाम गायब, पत्नी परनीत कौर को मिली जगह
इस समिति में सबसे ज्यादा चर्चा पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का नाम शामिल नहीं होने को लेकर हो रही है। कैप्टन की पत्नी और पूर्व सांसद परनीत कौर को चुनाव समिति में जगह दी गई है, लेकिन खुद कैप्टन अमरिंदर सिंह का नाम सूची में नहीं है। इसे पंजाब बीजेपी में नेताओं की भूमिका और चुनावी रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
मिशन 2027 के लिए बीजेपी की तैयारी
बीजेपी इस समिति के जरिए अपने पुराने संगठनात्मक नेताओं के साथ दूसरी पार्टियों से आए अनुभवी नेताओं को भी चुनावी तैयारी में शामिल करना चाहती है। पार्टी का फोकस पंजाब में अपना जनाधार बढ़ाने और 2027 के विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करने पर है।
हालांकि, नई समिति का पंजाब की राजनीति पर क्या असर पड़ेगा और क्या चुनाव से पहले बीजेपी और अकाली दल के बीच गठबंधन की कोई संभावना बनेगी, यह आने वाले दिनों में साफ होगा।
पंजाब में अब तक अकेले सरकार नहीं बना पाई बीजेपी
पंजाब विधानसभा चुनाव अगले साल फरवरी या मार्च में होने की संभावना है। बीजेपी अब तक पंजाब में अपने दम पर सरकार नहीं बना पाई है। हालांकि, पार्टी पहले शिरोमणि अकाली दल के नेतृत्व वाली सरकार का हिस्सा रह चुकी है।
2022 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 73 सीटों पर चुनाव लड़ा था, लेकिन उसे सिर्फ दो सीटों पर जीत मिली थी। पार्टी को उस चुनाव में 6.65 प्रतिशत वोट मिले थे। ऐसे में 2027 का चुनाव बीजेपी के लिए पंजाब में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की बड़ी चुनौती होगा।


