TRENDING TAGS :
पंजाब चुनाव से पहले चला SIR का 'हंटर'! 1360000 मतदाता हुए 'क्लीन बोल्ड', जानिए अब राज्य में बचे कितने वोटर्स
चुनाव आयोग ने SIR प्रक्रिया के बाद पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों की फाइनल वोटर लिस्ट जारी कर दी है।
Punjab SIR 2026: पंजाब में वोटर लिस्ट को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। चुनाव आयोग ने सोमवार, 12 अक्टूबर को विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR की प्रक्रिया पूरी होने के बाद राज्य की फाइनल वोटर लिस्ट जारी कर दी। इस सूची में 13 लाख 60 हजार से ज्यादा मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं, जबकि करीब 7.97 लाख नए मतदाताओं को जगह मिली है।
चुनाव आयोग के मुताबिक, पंजाब में जब जून में SIR की प्रक्रिया शुरू हुई थी, तब कुल मतदाताओं की संख्या 2 करोड़ 14 लाख 61 हजार 43 थी। अब फाइनल लिस्ट में यह आंकड़ा घटकर 2 करोड़ 1 लाख 727 रह गया है। यह सूची राज्य की सभी 117 विधानसभा सीटों के लिए जारी की गई है। आयोग ने बताया कि वोटर लिस्ट को अपडेट करने के लिए बड़े स्तर पर जांच-पड़ताल की गई और जिन लोगों के नाम दर्ज नहीं हो पाए हैं, उनके लिए भी रजिस्ट्रेशन का रास्ता खुला रखा गया है।
SIR के बाद कितने नाम हटे और कितने नए मतदाता जुड़े?
चुनाव आयोग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पंजाब की फाइनल वोटर लिस्ट से कुल 13,60,316 मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। वहीं, 7,97,263 नए मतदाताओं को सूची में शामिल किया गया। SIR शुरू होने के समय राज्य में 2,14,61,043 पंजीकृत मतदाता थे। अब फाइनल सूची में इनकी संख्या 2,01,00,727 हो गई है। यानी कुल मतदाताओं की संख्या में पहले के मुकाबले कमी दर्ज की गई है।
ड्राफ्ट लिस्ट के मुकाबले फाइनल सूची में बढ़े मतदाता
चुनाव आयोग ने इससे पहले पंजाब की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी की थी, जिसमें 1,93,94,435 मतदाताओं के नाम शामिल थे। अब फाइनल सूची में इनकी संख्या बढ़कर 2,01,00,727 हो गई है। आयोग के अनुसार, ड्राफ्ट सूची की तुलना में फाइनल सूची में मतदाताओं की संख्या में 3.64 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। इसका मतलब है कि ड्राफ्ट लिस्ट के बाद जांच और दावों-आपत्तियों की प्रक्रिया के दौरान नए नाम भी जोड़े गए।
35 लाख से ज्यादा मतदाताओं को भेजे गए नोटिस
SIR की प्रक्रिया के दौरान कुल 35,49,036 मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए थे। आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, विस्तृत जांच और कारणों सहित आदेश जारी करने के बाद इनमें से 86,038 लोगों को अपात्र घोषित किया गया। इस पूरी प्रक्रिया का उद्देश्य वोटर लिस्ट की जांच करना और पात्र मतदाताओं के नाम शामिल करना बताया गया है।
फाइनल वोटर लिस्ट में पुरुष, महिला और तीसरे लिंग के कितने मतदाता?
पंजाब की अंतिम मतदाता सूची में कुल 2,01,00,727 मतदाता शामिल हैं। इनमें 1,03,76,026 पुरुष, 97,24,195 महिलाएं और तीसरे लिंग के 506 मतदाता हैं। इस तरह राज्य की फाइनल वोटर लिस्ट में पुरुष मतदाताओं की संख्या महिलाओं के मुकाबले ज्यादा है।
मतदान केंद्रों की संख्या भी बढ़ाई गई
चुनाव आयोग ने मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पंजाब के सभी जिलों में मतदान केंद्रों का पुनर्गठन भी किया। इसके बाद राज्य में मतदान केंद्रों की संख्या 24,453 से बढ़ाकर 25,332 कर दी गई है। आयोग का कहना है कि मतदान केंद्रों की व्यवस्था को बेहतर बनाने से लोगों को वोट डालने में सुविधा मिल सकती है।
वोटर लिस्ट में नाम नहीं है तो क्या करें?
अगर कोई पात्र व्यक्ति फाइनल वोटर लिस्ट में अपना नाम नहीं पाता है या नया मतदाता बनना चाहता है, तो उसके पास रजिस्ट्रेशन कराने का विकल्प है। ऐसे लोग फॉर्म नंबर 6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन चुनाव आयोग के ECI ऐप के जरिए ऑनलाइन किया जा सकता है। इसके अलावा अपने क्षेत्र के बूथ लेवल ऑफिसर यानी BLO के माध्यम से ऑफलाइन आवेदन भी जमा किया जा सकता है।
चुनाव आयोग की पात्र मतदाताओं से अपील
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने उन सभी पात्र लोगों से आवेदन करने की अपील की है, जिनका नाम किसी वजह से फाइनल वोटर लिस्ट में शामिल नहीं हो पाया है। नए मतदाता भी फॉर्म नंबर 6 भरकर अपना नाम जुड़वा सकते हैं। आयोग की ओर से पंजाब के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों की अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई है। ऐसे में मतदाताओं के लिए जरूरी है कि वे अपना नाम और उससे जुड़ी जानकारी जांच लें, ताकि चुनाव के समय मतदान करने में किसी तरह की परेशानी न हो।


