Punjab Road Accident: अंतिम संस्कार के दौरान बड़ा हादसा, परिवार के 8 सदस्यों की मौत

Punjab Road Accident: पंजाब के फिरोजपुर-फाजिल्का रोड पर पिकअप और ट्राले की भीषण टक्कर में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 18 से अधिक लोग घायल हो गए हैं।

Akriti Pandey
Published on: 6 Jun 2026 11:03 AM IST
Punjab Road Accident
X

Punjab Road Accident

Punjab Road Accident: पंजाब के फिरोजपुर-फाजिल्का रोड पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में आठ लोगों की जान चली गई, जबकि डेढ़ दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। हादसा जंगा वाले मोड़ के पास उस समय हुआ जब एक महिंद्रा पिकअप वाहन और घोड़ा ट्राले के बीच जोरदार टक्कर हो गई। पिकअप में करीब 25 लोग सवार थे, जो जलालाबाद से अमृतसर के ब्यास में एक परिजन की अस्थियां विसर्जित करने जा रहे थे।

सड़क के बीच खड़े ट्राले से टकराई पिकअप

हादसे में घायल हुए अंशप्रीत ने बताया कि सभी लोग सुबह करीब साढ़े तीन बजे घर से रवाना हुए थे। रास्ते में वाहन में पेट्रोल भरवाने के बाद वे अपनी मंजिल की ओर बढ़ रहे थे। जैसे ही उनकी पिकअप जंगा वाले मोड़ के पास पहुंची, सड़क के बीच खड़े एक ट्राले से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन पलट गया और उसमें सवार कई लोग अंदर फंस गए। पिकअप पर छत भी लगाई गई थी, जिसके नीचे परिवार के कई सदस्य बैठे हुए थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

स्थानीय लोगों ने शुरू किया राहत कार्य

दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों ने घायलों को वाहन से बाहर निकालने में मदद की और तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी। इसके बाद घायलों को अलग-अलग वाहनों और एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि कुछ लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों की टीम ने सभी घायलों का उपचार शुरू कर दिया।

कई घायलों को मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर

सिविल अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. निखिल गुप्ता के अनुसार, कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। बेहतर इलाज के लिए उन्हें गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं अन्य घायलों का इलाज सिविल अस्पताल में जारी है।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सामान्य कराया। साथ ही मृतकों और घायलों की पहचान करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Akriti Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Akriti Pandey

Akriti Pandey is a Education & job Desk Content Writer at Newstrack.com.

Next Story