TRENDING TAGS :
Punjab: गैंगस्टरों के शूटर होने का शक, आढ़ती ने चला दीं गोलियां, एक की मौत, दो गंभीर
पंजाब के तरनतारन जिले के खेमकरण में गैंगस्टरों के शूटर होने के शक में ट्रांसपोर्टर मनजीत सिंह कट्टा ने एक गाड़ी पर गोलियां चला दीं।
Punjab: पंजाब के तरनतारन जिले के खेमकरण कस्बे में बुधवार दोपहर फायरिंग की एक घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि आढ़ती और ट्रांसपोर्टर मनजीत सिंह कट्टा को शक था कि उनका पीछा कर रहे लोग गैंगस्टरों के शूटर हो सकते हैं।
इसी संदेह के चलते उन्होंने रेलवे फाटक के पास दूसरी गाड़ी पर गोलियां चला दीं। गोली लगने से तीन लोग घायल हो गए, जिनमें से गुरसेवक सिंह की मौत हो गई। घायल हरकीरत सिंह और साजन सिंह को भिखीविंड के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मंदिर से लौट रहे थे मनजीत सिंह कट्टा
जानकारी के मुताबिक, भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास स्थित खेमकरण निवासी मनजीत सिंह कट्टा बुधवार को अपनी पत्नी के साथ कार में सवार होकर घरियाला मंदिर में माथा टेकने गए थे। वहां से लौटते समय जब वह गांव मेहंदीपुर के मोड़ पर पहुंचे, तो उन्हें एक दूसरी गाड़ी अपने पीछे आती दिखाई दी।
बताया जा रहा है कि मनजीत सिंह कट्टा को संदेह हुआ कि उस गाड़ी में गैंगस्टरों के शूटर सवार हैं। इसके बाद जब वह रेलवे फाटक के पास पहुंचे, तो उन्होंने दूसरी गाड़ी पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। इस गोलीबारी में तीन लोगों को गोली लगी। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां गुरसेवक सिंह ने दम तोड़ दिया। वहीं, हरकीरत सिंह और साजन सिंह की हालत गंभीर बताई जा रही है।
गैंगस्टरों से मिल रही थीं धमकियां
बताया जा रहा है कि ट्रांसपोर्टर मनजीत सिंह कट्टा को पिछले कई दिनों से गैंगस्टरों की ओर से धमकियां मिल रही थीं। सुरक्षा को देखते हुए पुलिस की तरफ से उन्हें एक कांस्टेबल भी उपलब्ध कराया गया था। इसके अलावा, उन्होंने अपनी निजी सुरक्षा का भी इंतजाम कर रखा था।
घटना के बाद मनजीत सिंह कट्टा ने सार्वजनिक रूप से लोगों को संबोधित भी किया। उन्होंने दावा किया कि यह मामला रंगदारी से जुड़ा है और लोगों को अपनी सुरक्षा खुद करनी पड़ रही है। हालांकि, उनके इस दावे और गोलीबारी के पीछे की पूरी वजह की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
एसएसपी बोले- शक के आधार पर गोली चलाना गंभीर अपराध
घटना को लेकर तरनतारन के एसएसपी सुरेंद्र लांबा ने स्पष्ट किया कि संदेह के आधार पर किसी पर गोलियां चलाना गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि ट्रांसपोर्टर मनजीत सिंह कट्टा की ओर से अपने साथियों के साथ की गई गोलीबारी को मामूली अपराध नहीं माना जा सकता। किसी व्यक्ति पर केवल शक होने से उस पर गोली चलाने की अनुमति नहीं दी जा सकती।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी अतुल सोनी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना के कारणों, गोलीबारी में इस्तेमाल किए गए हथियारों और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है। फिलहाल, मामले में जांच के निष्कर्ष सामने आने का इंतजार है।


