Qatar Explosion: MEA ने दिया कतर LNG हादसे पर बयान, भारतीयों की मौत पर जताई गहरी संवेदना

Qatar Explosion: कतर के रास लाफान LNG कॉम्प्लेक्स में हुए विस्फोट में 12 भारतीयों की मौत के बाद पीएम मोदी और कतर के अमीर के बीच बातचीत हुई। दोनों देशों ने शोक व्यक्त कर सहयोग और सहायता का भरोसा दिया।

Harsh Sharma
Published on: 24 Jun 2026 10:43 PM IST
Qatar Explosion: MEA ने दिया कतर LNG हादसे पर बयान, भारतीयों की मौत पर जताई गहरी संवेदना
X

Qatar Explosion: कतर के रास लाफान इंडस्ट्रियल सिटी स्थित एलएनजी कॉम्प्लेक्स में हुए भीषण विस्फोट और आग की घटना में 12 भारतीय नागरिकों की मौत के बाद भारत और कतर के बीच लगातार संपर्क बना हुआ है। इस दुखद हादसे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी के बीच फोन पर बातचीत हुई, जिसमें दोनों नेताओं ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

पीएम मोदी ने जताया आभार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने कतर के अमीर से बातचीत की है। इस दौरान उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले भारतीय नागरिकों के प्रति संवेदना व्यक्त करने के लिए कतर के अमीर का धन्यवाद किया। दोनों नेताओं ने इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के दुख में साझेदारी जताई।

MEA ने दी बातचीत की जानकारी

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने भी इस मामले पर जानकारी देते हुए कहा कि कतर में हुए इस हादसे में भारत ने अपने 12 नागरिकों को खो दिया है। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद कतर के अमीर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फोन कर शोक व्यक्त किया। दोनों नेताओं ने मृतकों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। रणधीर जायसवाल के अनुसार, भारत और कतर दोनों देश एक-दूसरे के साथ एकजुट होकर खड़े हैं और कतर में रह रहे भारतीय नागरिकों के कल्याण और सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।

पश्चिम एशिया की स्थिति पर भी हुई चर्चा

प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, बातचीत के दौरान पश्चिम एशिया के मौजूदा हालात पर भी चर्चा हुई। प्रधानमंत्री मोदी ने क्षेत्र में शांति स्थापित करने के लिए कतर की भूमिका की सराहना की और उम्मीद जताई कि कूटनीतिक प्रयास क्षेत्र में स्थायी शांति और स्थिरता लाने में मदद करेंगे।

द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर जोर

दोनों नेताओं ने भारत और कतर के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही भविष्य में भी लगातार संपर्क बनाए रखने पर सहमति जताई गई। प्रधानमंत्री मोदी ने हादसे के बाद घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने और प्रभावित परिवारों को सहयोग देने के लिए कतर सरकार का आभार व्यक्त किया।

रास लाफान इंडस्ट्रियल सिटी में हुआ था हादसा

रविवार शाम कतर के रास लाफान इंडस्ट्रियल सिटी स्थित बरजान गैस सप्लाई सुविधा में जोरदार विस्फोट के बाद आग लग गई थी। यह संयंत्र कतरएनर्जी एलएनजी द्वारा संचालित किया जाता है। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी। कतर के ऊर्जा राज्य मंत्री साद शरीदा अल-काबी के मुताबिक, इस हादसे में कुल 13 लोगों की मौत हुई है और 66 लोग घायल हुए हैं। दोहा स्थित भारतीय दूतावास ने पुष्टि की है कि मृतकों में 12 भारतीय नागरिक शामिल हैं। फिलहाल भारत और कतर के अधिकारी राहत और सहायता कार्यों के लिए लगातार समन्वय बनाए हुए हैं। दोनों देशों ने इस मुश्किल समय में प्रभावित परिवारों के साथ खड़े रहने और हर संभव मदद उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है।

Harsh Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Harsh Sharma

Harsh Sharma is a Content Writer at Newstrack.com.

Next Story