AAP छोड़ BJP में आए राघव चड्ढा को मिला बड़ा रोल! पंजाब चुनाव से पहले पार्टी ने सौंपी अहम जिम्मेदारी

Raghav Chadha Key Role in BJP: पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले बीजेपी ने राघव चड्ढा को मैनिफेस्टो कमेटी में शामिल कर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। अविनाश राय खन्ना कमेटी के चेयरमैन होंगे, जबकि सुनील जाखड़ को चार्जशीट कमेटी की कमान मिली है। जानिए दोनों कमेटियों में किस-किस को मिली जगह।

Aditya Kumar Verma
Published on: 15 Nov 2026 10:44 PM IST
Raghav Chadha Key Role in BJP
X

Image Source- Social Media

Raghav Chadha Key Role in BJP: पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने आम आदमी पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए बनाई गई मैनिफेस्टो कमेटी (Manifesto Committee) में शामिल किया गया है। उनके साथ आम आदमी पार्टी छोड़कर बीजेपी में आए पांच अन्य राज्यसभा सांसदों को भी मैनिफेस्टो और चार्जशीट कमेटी में जगह मिली है।

पंजाब बीजेपी अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने रविवार को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले दो राज्य स्तरीय कमेटियों का गठन किया। इनमें एक मैनिफेस्टो कमेटी है, जो चुनाव के लिए पार्टी का घोषणा पत्र तैयार करने का काम करेगी। वहीं दूसरी चार्जशीट कमेटी है, जो चुनाव से पहले राजनीतिक मुद्दों और विरोधियों के खिलाफ आरोपों से जुड़े काम को देखेगी।

अविनाश राय खन्ना संभालेंगे मैनिफेस्टो कमेटी की कमान

बीजेपी की ओर से बनाई गई मैनिफेस्टो कमेटी की जिम्मेदारी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद अविनाश राय खन्ना को सौंपी गई है। उन्हें इस कमेटी का चेयरमैन बनाया गया है। उनके साथ कुल 12 अन्य नेताओं को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।

इस कमेटी में मनप्रीत सिंह बादल, अश्वनी शर्मा, मनोरंजन कालिया, सोम प्रकाश, राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी, अश्वनी सेखरी, सतनाम सिंह संधू, राघव चड्ढा, राजिंदर गुप्ता, हरभजन सिंह, परमपाल कौर और एचएस फुल्का को जगह मिली है।

इस तरह राघव चड्ढा भी अब पंजाब में बीजेपी के चुनावी घोषणा पत्र को तैयार करने वाली टीम का हिस्सा होंगे। आम आदमी पार्टी छोड़कर बीजेपी में आए नेताओं को इन कमेटियों में जगह दिए जाने को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

सुनील जाखड़ को मिली चार्जशीट कमेटी की जिम्मेदारी

मैनिफेस्टो कमेटी के साथ बीजेपी ने चार्जशीट कमेटी (Chargesheet Committee) का भी गठन किया है। इसकी कमान पार्टी के वरिष्ठ नेता सुनील जाखड़ को सौंपी गई है। इस कमेटी में भी कई वरिष्ठ नेताओं और पूर्व केंद्रीय मंत्रियों को शामिल किया गया है।

चार्जशीट कमेटी के सदस्यों में इकबाल सिंह लालपुरा, विजय सांपला, श्वेत मलिक, महारानी परनीत कौर, रवनीत सिंह बिट्टू, दिनेश बब्बू, सुशील रिंकू, गेजा राम, विक्रमजीत सिंह साहनी, अशोक मित्तल, संदीप पाठक, एसएस चन्नी और जगमीत सिंह बराड़ के नाम शामिल हैं।

बीजेपी कार्यालय की ओर से जारी प्रेस बयान में बताया गया कि पंजाब बीजेपी अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने इन दोनों राज्य स्तरीय कमेटियों का गठन किया है। ढिल्लों ने यह भी कहा कि आने वाले दिनों में पार्टी की ओर से कुछ और कमेटियों की घोषणा की जाएगी।

कांग्रेस ने भी बनाई चार सदस्यीय समिति

दूसरी तरफ पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने भी अपनी संगठनात्मक तैयारियां शुरू कर दी हैं। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह ने रविवार को चार सदस्यीय समिति का गठन किया। इस समिति को दूसरे दलों के नेताओं को कांग्रेस में शामिल करने की प्रक्रिया की निगरानी और समन्वय की जिम्मेदारी दी गई है।

समिति में पूर्व विधायक और कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य विजय इंदर सिंगला, विधायक एवं विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल की उपनेता अरुणा चौधरी, पूर्व विधायक कुशलदीप सिंह ढिल्लों और विधायक हरदेव सिंह लड्डी को शामिल किया गया है।

दूसरे दलों से आने वाले नेताओं पर रहेगी नजर

कांग्रेस की ओर से जारी बयान के मुताबिक, यह समिति सुनिश्चित करेगी कि किसी भी नेता को पार्टी में शामिल करने से पहले संबंधित क्षेत्र के वरिष्ठ नेताओं और जिला कांग्रेस अध्यक्षों के साथ उचित विचार-विमर्श किया जाए।

पार्टी ने कहा है कि नए नेताओं को शामिल करने की प्रक्रिया में स्थानीय नेतृत्व की राय को भी महत्व दिया जाएगा। संबंधित क्षेत्र के नेताओं और जिला कांग्रेस अध्यक्षों के साथ बेहतर तालमेल बनाने के बाद ही किसी नेता की कांग्रेस में एंट्री की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

117 सीटों पर होना है मुकाबला

पंजाब की 117 सदस्यीय विधानसभा के लिए अगले साल की शुरुआत में चुनाव होने हैं। ऐसे में बीजेपी और कांग्रेस दोनों ने अपनी-अपनी चुनावी और संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। बीजेपी ने जहां मैनिफेस्टो और चार्जशीट कमेटियों के जरिए चुनावी कामकाज की जिम्मेदारियां बांटी हैं, वहीं कांग्रेस ने दूसरी पार्टियों से आने वाले नेताओं को शामिल करने की प्रक्रिया को व्यवस्थित करने के लिए समिति बनाई है।

अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में दोनों पार्टियां अपनी चुनावी तैयारियों को किस तरह आगे बढ़ाती हैं और पंजाब की राजनीति में इन नई जिम्मेदारियों का क्या असर देखने को मिलता है।

Aditya Kumar Verma
ABOUT THE AUTHOR

Aditya Kumar Verma

Content Writer Mail ID - adityakumarverma993@gmail.comadityakumarverma993@gmail.com

आदित्य कुमार वर्मा उत्तर प्रदेश के पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव प्राप्त है। उन्होंने भारतीय राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य और मानवीय सरोकारों से जुड़ी खबरों की व्यापक रिपोर्टिंग की है। उनके पास मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (MJMC) की डिग्री है और वे रिपोर्टर, एंकर तथा सब-एडिटर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। साथ ही वो उत्तर प्रदेश की राजनीति, शासन-प्रशासन और नौकरशाही व्यवस्था की गहरी समझ रखते हैं। पत्रकारिता के अलावा उन्हें पुस्तकों का अध्ययन, लेखन, कविता-लेखन और पाठ और यात्राएं करना विशेष रूप से पसंद है। विभिन्न संस्कृतियों और समाजों को करीब से जानने-समझने की उनकी रुचि ने उनके दृष्टिकोण को व्यापक बनाया है, जिसका सकारात्मक प्रभाव उनकी लेखन शैली और रिपोर्टिंग में भी देखने को मिलता है।

Next Story