'परिसीमन आयोग में ज्ञानेश कुमार को किसने बैठाया?' राहुल गांधी का मोदी सरकार पर बड़ा हमला

परिसीमन बिल पर राहुल गांधी ने मोदी सरकार और ज्ञानेश कुमार को घेरा। आयोग के सदस्यों के चयन, 850 लोकसभा सीटों, असम परिसीमन और SC-ST के अधिकारों पर उठाए सवाल।

Alakha Singh
Published on: 28 Nov 2026 6:25 PM IST (Updated on: 28 Nov 2026 6:33 PM IST)
परिसीमन आयोग में ज्ञानेश कुमार को किसने बैठाया? राहुल गांधी का मोदी सरकार पर बड़ा हमला
X

Delimitation Bill: परिसीमन बिल को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मोदी सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने परिसीमन आयोग की चयन प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि आयोग के सदस्यों की नियुक्ति निष्पक्ष तरीके से नहीं हुई है। राहुल ने इसे देश की राजनीतिक व्यवस्था और लोकतंत्र को प्रभावित करने की एक बड़ी साजिश करार दिया। राहुल गांधी ने वोट चोरी के मुद्दे को दोहराते हुए कहा कि उन्होंने और देश के युवाओं ने वोट चोरी को पकड़ लिया है। इस पूरे मामले में शामिल लोगों को सजा मिलेगी और वे कहीं भाग नहीं पाएंगे। उन्होंने यहां तक कहा कि अगर प्रधानमंत्री मोदी विदेश भी भागते हैं तो उन्हें वहां से पकड़कर वापस लाया जाएगा।


परिसीमन आयोग में ज्ञानेश कुमार को बैठाने पर सवाल

राहुल गांधी ने परिसीमन आयोग की संरचना और उसके सदस्यों के चयन को लेकर सीधे सवाल खड़े किए। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को निशाने पर लेते हुए दावा किया कि वह वोट चोरी के मामले में घिरे हुए हैं और ऐसे व्यक्ति को परिसीमन आयोग में शामिल करना देश के भविष्य के लिए गंभीर चिंता का विषय है।


उन्होंने सवाल किया, "क्या आप जानते हैं कि परिसीमन आयोग में कौन-कौन है? इसमें ज्ञानेश कुमार को बैठाया गया है। उनके साथ हाईकोर्ट के एक रिटायर्ड जज हैं। अब आप समझ सकते हैं कि इन सदस्यों को किसने चुना होगा? तीसरे सदस्य को ज्ञानेश कुमार ने चुना है। जाहिर है, वह उसी व्यक्ति को चुनेंगे जो उनका अपना आदमी होगा। चौथा सदस्य भी होगा, उसे भी मोदी जी चुनेंगे।"

राहुल गांधी का आरोप है कि आयोग की चयन प्रक्रिया पर ही सवाल हैं। ऐसे में उससे निष्पक्ष परिसीमन की उम्मीद कैसे की जा सकती है? उन्होंने इसे देश की राजनीतिक व्यवस्था को अपने हिसाब से प्रभावित करने की कोशिश बताया।


असम के परिसीमन नक्शे को दिखाकर उठाए सवाल

प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने असम में हुए परिसीमन का नक्शा दिखाकर सरकार की प्रक्रिया पर सवाल उठाए। उन्होंने नक्शे की बनावट को असामान्य बताते हुए दावा किया कि कई निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं बेहद अटपटी तरीके से निर्धारित की गई हैं।


उन्होंने उदाहरण देते हुए दिखाया कि कहीं एक सीट दो अलग-अलग हिस्सों में बंटी नजर आती है तो कहीं निर्वाचन क्षेत्र का नक्शा उल्टे चांद जैसा दिखाई देता है। राहुल ने इसे परिसीमन की प्रक्रिया में कथित मनमानी का उदाहरण बताया।

850 सीटें और अगले 40 साल तक SC-ST का हक लॉक होने का दावा

राहुल गांधी ने दावा किया कि प्रस्तावित परिसीमन बिल के जरिए लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 की जा सकती है। उन्होंने आशंका जताई कि इस प्रक्रिया के परिणामस्वरूप अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के समुदायों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व और अधिकार अगले 40 साल तक प्रभावित हो सकते हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार 2011 की जनगणना के आधार पर परिसीमन कराना चाहती है, जबकि उसमें जातिगत जनगणना के आंकड़े शामिल नहीं हैं। कांग्रेस की मांग है कि परिसीमन 2021 की जाति जनगणना के आधार पर कराया जाए, ताकि दलित और वंचित समुदायों को उनकी आबादी के अनुपात में उचित प्रतिनिधित्व मिल सके।

अदाणी-अंबानी का नाम लेकर सरकार पर हमला

राहुल गांधी ने परिसीमन बिल को केवल सीटों की संख्या बढ़ाने का मामला मानने से इनकार करते हुए इसे देश के सामाजिक और आर्थिक ढांचे से जोड़ दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों का परिणाम यह होगा कि रोजगार के अवसर खत्म होंगे और देश के संसाधनों पर अदाणी तथा अंबानी जैसे उद्योगपतियों का नियंत्रण बढ़ता जाएगा।

राहुल गांधी के इस हमले से साफ है कि कांग्रेस परिसीमन के मुद्दे को केवल महिला आरक्षण तक सीमित नहीं रखना चाहती। पार्टी इसे जातिगत जनगणना, सामाजिक न्याय, राजनीतिक प्रतिनिधित्व और चुनावी निष्पक्षता से जोड़कर सरकार को घेरने की रणनीति पर आगे बढ़ रही है। संसद के विशेष सत्र से पहले इस मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव और तेज होने के आसार हैं।

Alakha Singh
ABOUT THE AUTHOR

Alakha Singh

alakhsingh2025@hotmail.com

Alakha Singh is a Senior journalist with having more than one decade of experience in digital media. Alakha Singh has covered Loksabha Elections 2014 and 2019 closely with the several state assembly elections. He has expertise in SEO oriented content writing on various topics and issues. At HT Digital Alakha Singh has been recognised as one of the top performer of the team for many years continuously. At Livehindustan Alakha has worked on National, States and Utility beats (Career Beat in last 4 years mainly), Earlier he worked with HT Digital for more than 8 years and 2.5 years with Amar Ujala web. In initial days of his career Alakha Singh also worked as a reporter (stringer) with NBT Gurgaon. He pursued P.G. Diploma in Journalism from South Campus, University of Delhi in 2013 and MAMC from Kurukshetra University in 2014. He Belongs to District Banda of Uttar Pradesh.

Next Story