अर्धनारीश्वर शिव-पार्वती की तस्वीर शेयर कर क्यों भड़के राहुल गांधी? BJP-RSS को बोला- असभ्य, लालची और पुरुषवादी

राहुल गांधी ने BJP और RSS पर निशाना साधते हुए उन्हें भारतीय आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं को नहीं समझने वाला बताया।

Sachin Singh
Published on: 22 Nov 2026 7:19 PM IST (Updated on: 22 Nov 2026 7:23 PM IST)
अर्धनारीश्वर शिव-पार्वती की तस्वीर शेयर कर क्यों भड़के राहुल गांधी? BJP-RSS को बोला- असभ्य, लालची और पुरुषवादी
X

Rahul Gandhi: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (BJP) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर निशाना साधा है। इस बार उन्होंने दोनों संगठनों पर भारतीय आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं को नहीं समझने का आरोप लगाया है। राहुल गांधी ने BJP और RSS से जुड़े लोगों को 'असभ्य, लालची, जातिवादी और पुरुषवादी सोच वाला' बताते हुए कहा कि उन्हें भारत की आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं की बिल्कुल समझ नहीं है। उन्होंने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट के साथ अपनी बात रखी। इस पोस्ट में उन्होंने महाराष्ट्र की एलिफेंटा गुफाओं में बनी अर्धनारीश्वर की मूर्ति की तस्वीर शेयर की। इस मूर्ति में भगवान शिव और माता पार्वती को एक ही संयुक्त स्वरूप में दिखाया गया है।

राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में लिखा, 'जितना ज्यादा मैं भारतीय आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं को समझने की कोशिश कर रहा हूं, उतना ही यह बात साफ होती जा रही है। BJP और RSS को इन परंपराओं की बिल्कुल भी समझ नहीं है।' उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब कुछ दिन पहले ही वह अपनी मां सोनिया गांधी की किताब 'Belonging: A Journey Of Love' के विमोचन के दौरान माता-पिता के रिश्ते को लेकर दिए गए बयान पर विवादों में घिर गए थे।

पहले भी शिव-पार्वती की मूर्ति शेयर कर कही थी प्यार की बात

राहुल गांधी ने मंगलवार को भी सोशल मीडिया पर एक मंदिर की मूर्ति की तस्वीर शेयर की थी। यह 12वीं सदी की मूर्ति थी, जिसमें माता पार्वती भगवान शिव की गोद में बैठी दिखाई दे रही हैं। इस तस्वीर के साथ राहुल गांधी ने BJP और RSS के समर्थकों को लेकर अपनी बात रखी थी।

उन्होंने लिखा था कि BJP और RSS के समर्थकों के दिलों में डर, गुस्से और नफरत ने एक जाल बुन दिया है। इसी वजह से वे प्यार का इजहार नहीं कर पाते।

राहुल गांधी ने आगे लिखा था, "एक सच्चे हिंदू के तौर पर यह मेरा कर्तव्य है कि मैं उन्हें इस जाल से बाहर निकालूं, ताकि वे भी अपने जीवन में प्यार और अपनेपन की अद्भुत सुंदरता और खुशी को महसूस कर सकें। सत्यम शिवम सुंदरम।"

सोनिया गांधी की किताब के विमोचन पर दिए बयान से शुरू हुआ विवाद

राहुल गांधी की ताजा पोस्ट से पहले उनकी मां सोनिया गांधी की किताब के विमोचन के दौरान दिए गए बयान को लेकर विवाद हुआ था। पिछले सोमवार को किताब के लॉन्च कार्यक्रम में राहुल गांधी ने अपने माता-पिता सोनिया गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के बीच रिश्ते और उनके आपसी प्यार को याद किया था।

उन्होंने बताया था कि जब परिवार के लोग साथ बैठकर खाना खाते थे, तब उनके पिता बैठे होते थे और उनकी गोद में मां बैठी रहती थीं। राहुल गांधी ने कहा था कि बचपन में उन्हें लगता था कि माता-पिता का इस तरह एक-दूसरे के प्रति प्यार जताना सामान्य बात है।

उन्होंने अपने दोस्तों के घर का एक किस्सा भी सुनाया। राहुल गांधी के मुताबिक, जब वह अपने दोस्तों के घर जाते थे तो वहां उनके माता-पिता एक-दूसरे की गोद में नहीं बैठते थे। यह देखकर उन्हें हैरानी होती थी। उन्होंने अपने दोस्तों से पूछा था, 'तुम्हारी मां तुम्हारे पिता की गोद में क्यों नहीं बैठती हैं?'

इंदिरा और राजीव गांधी की हत्या को भी किया याद

इस कार्यक्रम में राहुल गांधी ने अपने परिवार के साथ हुई उन दर्दनाक घटनाओं का भी जिक्र किया, जिन्होंने उनके परिवार को गहरा सदमा दिया था। उन्होंने अपनी दादी और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या और पिता राजीव गांधी की हत्या को याद किया।

राहुल गांधी ने कहा था, "और फिर हमने यह सब बिखरते हुए देखा। धीरे-धीरे नहीं, बल्कि अचानक... हमने अपने एक सहारे (इंदिरा गांधी) को गोली लगते हुए देखा और फिर हमने अपने सबसे बड़े सहारे (राजीव गांधी) को टुकड़ों में उड़ते हुए देखा।"

हिमंत बिस्वा सरमा ने राहुल गांधी पर साधा था निशाना

राहुल गांधी के इस बयान पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा समेत कई लोगों ने आलोचना की थी। सरमा ने राहुल गांधी के भाषण का वीडियो शेयर करते हुए उन पर निशाना साधा था।

उन्होंने लिखा था, "माफ कीजिए मैडम, वह आपकी जिंदगी के इतने खास दिन पर भी आपको शर्मिंदगी से नहीं बचा पाए। देश को यह बात बहुत पहले समझ आ गई थी। उम्मीद है कि अब आप भी इसे समझ पाएंगी। यह ऐसा प्रोडक्ट है, जिसे लॉन्च और दोबारा लॉन्च करने से भी कोई फायदा नहीं होने वाला।"

सोशल मीडिया पर भी राहुल गांधी के बयान को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिली थीं। कुछ लोगों ने उनके बयान की आलोचना की, तो कुछ ने उनका बचाव करते हुए कहा कि वह अपने माता-पिता के बीच प्यार और अपनापन के बारे में खुलकर बात कर रहे थे।

कांग्रेस ने किया राहुल गांधी का बचाव

विवाद के बीच कांग्रेस पार्टी ने राहुल गांधी का समर्थन किया। पार्टी ने कहा कि राहुल गांधी ने रिश्तों में प्यार, अपनापन और बराबरी जैसे जरूरी मुद्दों पर बातचीत शुरू की है।

कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर लिखा, "प्यार को छिपाने की जरूरत नहीं है, अपनापन कमजोरी नहीं है और बराबरी की शुरुआत अपने साथी को समान समझने से होती है।"

पार्टी ने यह पोस्ट राहुल गांधी के पहले दिए गए बयान के साथ साझा की। इस तरह माता-पिता के रिश्ते पर राहुल गांधी की टिप्पणी के बाद शुरू हुआ विवाद अब उनकी BJP और RSS पर की गई नई टिप्पणी तक पहुंच गया है।

Sachin Singh
ABOUT THE AUTHOR

Sachin Singh

Conetent Writer Mail ID - sachinsingh.alert@gmail.comsachinsingh.alert@gmail.com

Sachin Singh is a media professional with 4 years of experience in the field of journalism and digital media. After completing his education at Jamia Millia Islamia Central University, he has worked with reputed media organizations such as Editor ji, ABP News and Doordarshan. Currently, Sachin Singh is working as a Content Writer with News Track, where he contributes to fast-paced digital news coverage and content creation. His areas of interest include politics, national and international affairs, and food. With experience across different formats of journalism, he focuses on producing informative, accurate, and engaging content for digital audiences.

Next Story