राहुल गांधी ने खींचा डीके शिवकुमार का कॉलर? हिमंत बिस्वा सरमा ने शेयर किया VIDEO, उठाए सवाल

Rahul Gandhi Pulls Collar: राहुल गांधी का डीके शिवकुमार का कॉलर खींचने वाला वीडियो वायरल है। हिमंत बिस्वा सरमा ने राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए इसे सार्वजनिक अपमान बताया और 2015 की घटना याद दिलाई।

Aditya Kumar Verma
Published on: 13 Oct 2026 5:32 PM IST
Rahul Gandhi Pulls DK Shivakumar’s Collar
X

Ai Edited Image

Rahul Gandhi Pulls Collar: असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। मामला दिल्ली में विपक्षी मार्च के दौरान सामने आए एक वीडियो से जुड़ा है, जिसमें राहुल गांधी कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार का कॉलर पकड़कर उन्हें पीछे खींचते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी पर निशाना साधना शुरू कर दिया है।

हिमंत बिस्वा सरमा ने इस घटना को सार्वजनिक अपमान बताया और सवाल किया कि क्या कर्नाटक के नेता इस तरह के व्यवहार को स्वीकार करेंगे। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो शेयर करते हुए अपने कांग्रेस छोड़ने से जुड़ी 2015 की घटना को भी याद किया।

'2015 में अपमान सहने से मना किया था'

हिमंत बिस्वा सरमा ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए लिखा कि 2015 में एक गर्वित असमिया के रूप में उन्होंने अपमान सहने से इनकार कर दिया था। उन्होंने कहा कि भगवान उन पर मेहरबान थे।

हिमंत ने डीके शिवकुमार का जिक्र करते हुए कहा कि वह सिर्फ एक व्यक्ति नहीं हैं। वह एक संवैधानिक पद पर हैं और ऐसे राज्य का चेहरा हैं, जिसका गौरवशाली इतिहास और समृद्ध संस्कृति है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या डीके शिवकुमार इस सार्वजनिक अपमान के आगे झुकेंगे।

‘मुखौटा बदल सकते हैं, असली चेहरा वही रहता है’

असम के मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी की छवि पर भी तंज कसा। उन्होंने लिखा कि ‘रीइन्वेंशन’ घमंड को नहीं छिपा सकता। आप जितना चाहें मुखौटा बदल लें, असली चेहरा वही रहता है।

हिमंत के इस बयान को उनकी 2015 की कांग्रेस से नाराजगी और पार्टी छोड़ने की घटना से जोड़कर देखा जा रहा है। उन्होंने उस समय राहुल गांधी से नाराज होकर कांग्रेस छोड़ दी थी और अब डीके शिवकुमार से जुड़े वीडियो के बहाने उन्होंने उस पुराने घटनाक्रम को फिर याद किया है।

वीडियो में क्या दिखा?

वायरल हो रहे वीडियो में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड़ के बीच डीके शिवकुमार आगे बढ़ने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं। राहुल गांधी, नेहा बोरा और प्रियंका गांधी के साथ मार्च कर रहे थे।

इसी दौरान जब डीके शिवकुमार दाईं ओर से आगे बढ़ने की कोशिश करते हैं, तो राहुल गांधी उनका कुर्ते का कॉलर पकड़कर उन्हें पीछे की ओर खींचते नजर आते हैं। इससे शिवकुमार का संतुलन बिगड़ता दिखाई देता है। इसके बाद सुरक्षाकर्मी उन्हें और पीछे की ओर ले जाते नजर आते हैं।

इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और इसे लेकर भाजपा नेताओं की ओर से कांग्रेस और राहुल गांधी पर लगातार निशाना साधा जा रहा है।

'7 करोड़ कन्नड़ लोगों की इज्जत का अपमान'

वायरल वीडियो को लेकर बेंगलुरु साउथ के भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या ने भी राहुल गांधी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि अगर राजनीति को अलग रख दिया जाए तो डीके शिवकुमार कर्नाटक का प्रतिनिधित्व करते हैं।

तेजस्वी सूर्या ने कहा कि इस तरह की सार्वजनिक बेइज्जती सात करोड़ कन्नड़ लोगों की इज्जत का अपमान है। उन्होंने इस घटना की तुलना पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी द्वारा वीरेंद्र पाटिल को हटाए जाने की घटना से भी की।

'विशेषाधिकार किसी को बेइज्जती का हक नहीं देता'

भाजपा सांसद विवेक ठाकुर ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा कि राजनीतिक विशेषाधिकार किसी व्यक्ति को दूसरों की बेइज्जती करने का अधिकार नहीं देता।

वीडियो को लेकर भाजपा नेताओं की प्रतिक्रियाओं के बीच राहुल गांधी और डीके शिवकुमार से जुड़ी यह घटना राजनीतिक विवाद का मुद्दा बन गई है।

किस मुद्दे को लेकर निकला था मार्च?

यह घटना सोमवार को राहुल गांधी के नेतृत्व में दिल्ली में सुप्रीम कोर्ट की ओर निकाले गए विपक्षी मार्च के दौरान हुई। इंडिया गठबंधन के नेता वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर (SIR) में कथित गड़बड़ियों को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ज्ञापन देना चाहते थे।

मार्च के बाद विपक्षी नेताओं ने मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत से मिलने की कोशिश भी की, लेकिन उनकी मुलाकात नहीं हो सकी।

राहुल गांधी के साथ प्रियंका गांधी, नेहा बोरा, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ता भी मार्च में शामिल थे। डीके शिवकुमार के अलावा कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी इस मार्च का हिस्सा बने थे।

इसी मार्च के दौरान सामने आए राहुल गांधी और डीके शिवकुमार के वीडियो ने अब नया राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। हिमंत बिस्वा सरमा से लेकर भाजपा के कई नेताओं ने इसे लेकर राहुल गांधी पर सवाल उठाए हैं।

Aditya Kumar Verma
ABOUT THE AUTHOR

Aditya Kumar Verma

Content Writer Mail ID - adityakumarverma993@gmail.comadityakumarverma993@gmail.com

आदित्य कुमार वर्मा उत्तर प्रदेश के पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव प्राप्त है। उन्होंने भारतीय राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य और मानवीय सरोकारों से जुड़ी खबरों की व्यापक रिपोर्टिंग की है। उनके पास मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (MJMC) की डिग्री है और वे रिपोर्टर, एंकर तथा सब-एडिटर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। साथ ही वो उत्तर प्रदेश की राजनीति, शासन-प्रशासन और नौकरशाही व्यवस्था की गहरी समझ रखते हैं। पत्रकारिता के अलावा उन्हें पुस्तकों का अध्ययन, लेखन, कविता-लेखन और पाठ और यात्राएं करना विशेष रूप से पसंद है। विभिन्न संस्कृतियों और समाजों को करीब से जानने-समझने की उनकी रुचि ने उनके दृष्टिकोण को व्यापक बनाया है, जिसका सकारात्मक प्रभाव उनकी लेखन शैली और रिपोर्टिंग में भी देखने को मिलता है।

Next Story