मणिपुर नहीं! अब सिर्फ वोट चोरी की बात, राहुल गांधी ने गुजरात दौरे पर कही बड़ी बात

राहुल गांधी ने गुजरात दौरे पर पीएम मोदी के मणिपुर दौरे पर प्रतिक्रिया दी और 'वोट चोरी' के मुद्दे को प्रमुख बताया। कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर में उन्होंने भाजपा पर निशाना साधा और आगामी चुनावों में पार्टी की रणनीति पर चर्चा की। जानें पूरी खबर।

Harsh Sharma
Published on: 12 Sept 2025 3:42 PM IST
मणिपुर नहीं! अब सिर्फ वोट चोरी की बात, राहुल गांधी ने गुजरात दौरे पर कही बड़ी बात
X

Rahul Gandhi Visit Gujarat: लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी एक बार फिर गुजरात के दौरे पर पहुंचे हैं। गुजरात के केशोद में मीडिया ने उनसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मणिपुर दौरे पर प्रतिक्रिया मांगी। इस पर राहुल गांधी ने कहा, "मणिपुर में लंबे समय से समस्या चल रही है। अब जाकर वे दौरा कर रहे हैं, यह ठीक है। हालांकि, राहुल गांधी ने इसके बाद देश के सबसे बड़े मुद्दे की ओर इशारा करते हुए कहा कि, "मणिपुर का मुद्दा महत्वपूर्ण है, लेकिन इस वक्त देश में मुख्य मुद्दा 'वोट चोरी' का है। हरियाणा और महाराष्ट्र में चुनावी जनादेश चुराए गए हैं। अब हर जगह लोग 'वोट चोर' कह रहे हैं।" राहुल गांधी ने कर्नाटक का उदाहरण देते हुए कहा, "हमने कर्नाटक में यह दिखा दिया था कि किस तरह चुनावों में धांधली होती है।

राहुल गांधी ने यह बयान उस समय दिया जब वह गुजरात में कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लेने के लिए पहुंचे थे। जूनागढ़ में आयोजित इस शिविर में राहुल गांधी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।

कांग्रेस का प्रशिक्षण शिविर और भाजपा पर निशाना

राहुल गांधी का गुजरात दौरा पार्टी की नई दिशा को लेकर अहम माना जा रहा है। गुजरात में भाजपा के खिलाफ कांग्रेस को मजबूत करने के लिए राहुल गांधी और अन्य पार्टी नेता निरंतर प्रयास कर रहे हैं। इस दौरान, कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी महत्वपूर्ण बयान दिया। खरगे ने कहा, गुजरात के दो महान नेताओं ने देश को आज़ादी दिलाई और इसे एक किया, लेकिन अब गुजरात से दिल्ली गए दो लोग लोकतंत्र को कमजोर कर रहे हैं और आज़ादी को छीनने की कोशिश कर रहे हैं।" खरगे ने यह बयान बिना नाम लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए दिया।

गुजरात में आगामी चुनाव और कांग्रेस की रणनीति

कांग्रेस का यह प्रशिक्षण शिविर ऐसे वक्त पर हो रहा है जब गुजरात में नगर महानगरपालिका और नगर पालिका के चुनाव नजदीक हैं। इस शिविर का उद्देश्य पार्टी कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारी के लिए प्रशिक्षित करना है। प्रशिक्षण शिविर में जिला अध्यक्षों को विशेष रूप से मार्गदर्शन दिया जा रहा है, ताकि वे चुनावी रणनीतियों को बेहतर तरीके से लागू कर सकें। राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे दोनों ही इस बात पर जोर दे रहे हैं कि गुजरात में भाजपा को हराने के लिए कांग्रेस को एकजुट होकर काम करना होगा। कांग्रेस की कोशिश है कि पार्टी को और अधिक मजबूत किया जाए ताकि आने वाले चुनावों में वह भाजपा को कड़ी टक्कर दे सके।

1 / 4
Your Score0/ 4
Harsh Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Harsh Sharma

Harsh Sharma is a Content Writer at Newstrack.com.

Next Story