DMK को मनाकर हारे राहुल अब शरद पवार से अस्पताल में मिले, परिसीमन बिल पर INDIA गठबंधन बेबस!

परिसीमन बिल पर कांग्रेस ने आखिरी कोशिश के तौर पर पूरी ताकत झोंक दी है। एमके स्टालिन के बाद अब राहुल गांधी, ममता बनर्जी और मल्लिकार्जुन खड़गे शरद पवार को मनाने मुंबई पहुंचे। जानिए INDIA गठबंधन में क्यों बढ़ी दरार।

Alakha Singh
Published on: 29 Nov 2026 10:45 PM IST
DMK को मनाकर हारे राहुल अब शरद पवार से अस्पताल में मिले, परिसीमन बिल पर INDIA गठबंधन बेबस!
X

नई दिल्ली/मुंबई: परिसीमन बिल पर मोदी सरकार को घेरने निकली कांग्रेस अब अपने ही INDIA गठबंधन के सहयोगियों को एकजुट रखने की चुनौती से जूझ रही है। पहले तमिलनाडु में एमके स्टालिन ने राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे की अपील ठुकराकर बिल के समर्थन पर अडिग रहने का ऐलान किया। अब कांग्रेस ने महाराष्ट्र में शरद पवार को मनाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और ममता बनर्जी समेत विपक्ष के कई दिग्गज नेता मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल पहुंच गए हैं। लेकिन जिस तरह से एक के बाद एक गठबंधन के साथी पाला बदल रहे हैं उसे कांग्रेस व विपक्षी नेता बेबस नजर आ रहे हैं। सवाल बड़ा है कि क्या राहुल गांधी शरद पवार का रुख बदल पाएंगे या संसद के विशेष सत्र से ठीक पहले विपक्ष की एकजुटता को दूसरा बड़ा झटका लगेगा?

शरद पवार को मनाने मुंबई पहुंचा विपक्ष का कुनबा

रविवार रात INDIA गठबंधन के कई वरिष्ठ नेता मुंबई पहुंचे। इन नेताओं में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, केसी वेणुगोपाल, डीके शिवकुमार, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, कपिल सिब्बल और अभिषेक बनर्जी समेत कई नेता शामिल हैं।

सभी नेता ब्रीच कैंडी अस्पताल पहुंचे, जहां एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार भर्ती हैं। विपक्षी नेताओं का मकसद शरद पवार से मुलाकात कर परिसीमन विधेयक पर उनकी पार्टी के रुख पर दोबारा विचार करने की अपील करना है।

हालांकि, पवार की पार्टी पहले ही विधेयक को सशर्त समर्थन देने का संकेत दे चुकी है। ऐसे में कांग्रेस की यह मुलाकात राजनीतिक रूप से बेहद अहम मानी जा रही है।

शरद पवार की पार्टी ने पहले ही दे दिया है समर्थन का संकेत

शरद पवार की एनसीपी (एसपी) ने 27 नवंबर को ही परिसीमन विधेयक के समर्थन का ऐलान कर दिया था। पार्टी के विधायक और राष्ट्रीय प्रवक्ता जितेंद्र आव्हाड ने कहा था कि उनकी पार्टी परिसीमन का समर्थन करेगी, लेकिन लोकसभा की सीटों में सभी राज्यों के लिए समान रूप से 50 प्रतिशत वृद्धि होनी चाहिए।

पार्टी का तर्क है कि परिसीमन संवैधानिक प्रक्रिया है और इसे आगे बढ़ना चाहिए। हालांकि, इसके लिए राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व का संतुलन बनाए रखना जरूरी है।

एनसीपी (एसपी) के पास लोकसभा में आठ सांसद हैं। पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद सुप्रिया सुले भी पहले समान अनुपात में सीटें बढ़ाने की शर्त पर समर्थन का संकेत दे चुकी हैं।

रविवार को पार्टी के प्रवक्ता राज राजापुरकर ने भी कहा कि पार्टी सोमवार को संसद के पटल पर अपना रुख स्पष्ट करेगी। उन्होंने यह भी साफ किया कि परिसीमन पर मतभेद के बावजूद एनसीपी (एसपी) INDIA गठबंधन का हिस्सा बनी रहेगी।

स्टालिन ने राहुल गांधी को दिया झटका, कांग्रेस की रणनीति पर उठाए सवाल

शरद पवार से पहले कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने रविवार को चेन्नई में डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन से मुलाकात की थी। इस प्रतिनिधिमंडल में राहुल गांधी, सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और ममता बनर्जी समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल थे।

कांग्रेस की कोशिश थी कि स्टालिन अपनी पार्टी के सांसदों को परिसीमन विधेयक के विरोध में खड़ा करें। लेकिन बैठक के बाद स्टालिन ने अपने फैसले में बदलाव के संकेत नहीं दिए।

उन्होंने साफ कहा कि अगर नए परिसीमन विधेयक का विरोध किया गया तो तमिलनाडु को मिलने वाली न्यूनतम सुरक्षा भी खत्म हो सकती है। स्टालिन के मुताबिक, कांग्रेस और विपक्षी दलों ने विधेयक का विरोध करने की बात तो कही, लेकिन इसके विकल्प के तौर पर कोई ठोस प्रस्ताव नहीं दिया। स्टालिन ने कहा, 'हमारे लिए तमिलनाडु सबसे पहले है।'

उन्होंने यह भी दावा किया कि डीएमके ने अपनी संसदीय ताकत का इस्तेमाल करके तमिलनाडु के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को अगले 25 वर्षों तक सुरक्षित करने का प्रयास किया है। पार्टी का कहना है कि नए प्रस्ताव में उसकी शुरुआत से उठाई गई मांगों को शामिल किया गया है।

आखिर परिसीमन बिल पर क्यों बिखर रहा है विपक्ष?

दरअसल, मोदी सरकार 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े संवैधानिक संशोधन विधेयक को आगे बढ़ाने की तैयारी में है।

प्रस्तावित व्यवस्था में लोकसभा की सीटों में 50 प्रतिशत तक वृद्धि और राज्यों के बीच मौजूदा आनुपातिक प्रतिनिधित्व को 2051 तक सुरक्षित रखने का प्रावधान शामिल है। सरकार का तर्क है कि इससे महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का रास्ता मिलेगा।

वहीं कांग्रेस और उसके कई सहयोगी दलों को आशंका है कि परिसीमन की प्रक्रिया का इस्तेमाल राजनीतिक समीकरण बदलने और सत्ता पक्ष को फायदा पहुंचाने के लिए किया जा सकता है।

INDIA गठबंधन ने शनिवार की बैठक में संसद के भीतर विधेयक का विरोध करने का फैसला किया था। लेकिन डीएमके और एनसीपी (एसपी) के समर्थन के संकेत ने गठबंधन की रणनीति को मुश्किल में डाल दिया है।

शरद पवार की सेहत भी चर्चा में

85 वर्षीय शरद पवार फिलहाल मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती हैं। उन्हें डिहाइड्रेशन के कारण कमजोरी की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि, उनके करीबी सहयोगियों के मुताबिक उनकी हालत में सुधार है और सभी जरूरी जांच रिपोर्ट सामान्य हैं।

ऐसे में अस्पताल पहुंचकर विपक्षी नेताओं की उनसे मुलाकात राजनीतिक तौर पर भी खास मायने रखती है।

सोमवार से संसद में असली परीक्षा

30 नवंबर से संसद का विशेष सत्र शुरू होने जा रहा है। ऐसे में कांग्रेस के पास सहयोगियों को मनाने के लिए समय बेहद कम है। स्टालिन ने अपना रुख स्पष्ट कर दिया है और शरद पवार की पार्टी भी समर्थन की घोषणा कर चुकी है।

अब देखना होगा कि राहुल गांधी और खड़गे की मुंबई में हुई मुलाकात का क्या नतीजा निकलता है। क्या शरद पवार अपनी पार्टी के फैसले पर पुनर्विचार करेंगे या कांग्रेस को संसद में अपने ही गठबंधन के सहयोगियों के अलग रुख का सामना करना पड़ेगा?

फिलहाल परिसीमन का मुद्दा मोदी सरकार और विपक्ष के बीच संवैधानिक लड़ाई से आगे बढ़कर INDIA गठबंधन की एकजुटता की सबसे बड़ी परीक्षा बन गया है।

Alakha Singh
ABOUT THE AUTHOR

Alakha Singh

alakhsingh2025@hotmail.com

Alakha Singh is a Senior journalist with having more than one decade of experience in digital media. Alakha Singh has covered Loksabha Elections 2014 and 2019 closely with the several state assembly elections. He has expertise in SEO oriented content writing on various topics and issues. At HT Digital Alakha Singh has been recognised as one of the top performer of the team for many years continuously. At Livehindustan Alakha has worked on National, States and Utility beats (Career Beat in last 4 years mainly), Earlier he worked with HT Digital for more than 8 years and 2.5 years with Amar Ujala web. In initial days of his career Alakha Singh also worked as a reporter (stringer) with NBT Gurgaon. He pursued P.G. Diploma in Journalism from South Campus, University of Delhi in 2013 and MAMC from Kurukshetra University in 2014. He Belongs to District Banda of Uttar Pradesh.

Next Story