TRENDING TAGS :
'क्या अब बहुत देर...', चेन्नई पहुंचने से पहले ही स्टालिन का राहुल को सीधा जवाब, मनाने की थी तैयारी!
Rahul Gandhi-Stalin Clash: परिसीमन विधेयक को लेकर कांग्रेस और डीएमके के बीच सियासी हलचल तेज हो गई है। राहुल गांधी की अपील से पहले एमके स्टालिन ने साफ कहा कि तमिलनाडु के हितों से समझौता नहीं होगा। स्टालिन ने 'जहाज रवाना हो चुका है' कहकर भी दिया बड़ा संदेश।
Image Source- Social Media
Rahul Gandhi-Stalin Clash: परिसीमन विधेयक (Delimitation Bill) को लेकर कांग्रेस और डीएमके के बीच खींचतान तेज होती नजर आ रही है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी विपक्षी गठबंधन इंडिया के दूसरे नेताओं के साथ तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन से मुलाकात करने चेन्नई पहुंच रहे हैं। इस मुलाकात का मकसद स्टालिन और उनकी पार्टी को प्रस्तावित परिसीमन विधेयक के खिलाफ एकजुट करने की कोशिश करना है। लेकिन राहुल गांधी के चेन्नई पहुंचने से पहले ही एमके स्टालिन ने सोशल मीडिया के जरिए अपना रुख साफ कर दिया है और कांग्रेस नेता को सीधे जवाब दिया है।
स्टालिन ने कहा कि डीएमके ने हमेशा तमिलनाडु और तमिल लोगों के हितों को सबसे ऊपर रखा है और इस मामले में भी पार्टी किसी तरह का समझौता नहीं करेगी। उनके बयान के साथ ही डीएमके की ओर से एक ऐसा संदेश भी सामने आया, जिसमें कांग्रेस की कोशिशों पर सवाल उठाते हुए कहा गया कि क्या अब बहुत देर हो चुकी है और जहाज रवाना हो चुका है।
स्टालिन ने राहुल गांधी को दिया सीधा जवाब
एमके स्टालिन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राहुल गांधी के बयान के जवाब में लिखा कि संविधान और राज्यों के अधिकारों की रक्षा में डीएमके की ऐतिहासिक भूमिका को स्वीकार करने के लिए वह राहुल गांधी का धन्यवाद करते हैं। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ने हमेशा तमिलनाडु और तमिल लोगों के हितों को सर्वोपरि रखकर फैसले लिए हैं और आगे भी इसी रास्ते पर चलेगी।
स्टालिन ने अपने संदेश में कहा कि इस मुद्दे पर डीएमके कोई समझौता नहीं करेगी। उन्होंने कट्टाबोम्मन और एट्टप्पन का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें विश्वास है कि इतिहास उनकी पार्टी को वीरों के रूप में याद करेगा, न कि गद्दारों के रूप में।
डीएमके की ओर से जारी संदेश में कांग्रेस की कोशिशों को लेकर भी टिप्पणी की गई। पार्टी ने कहा कि चेन्नई में राहुल गांधी का स्वागत है और उनसे काफी उम्मीदें थीं। पार्टी ने यह भी कहा कि जब उनके नेता ने राहुल गांधी को अपना छोटा भाई कहा था, तब वह सभी के भाई बन गए थे। डीएमके ने दोहराया कि तमिलनाडु और यहां के लोगों के हितों को हमेशा प्राथमिकता दी जाएगी।
इसी संदेश में डीएमके ने सवाल उठाया कि क्या अब बहुत देर हो चुकी है और जहाज रवाना हो चुका है। इस टिप्पणी को परिसीमन के मुद्दे पर कांग्रेस और डीएमके के बीच मतभेद के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
राहुल गांधी स्टालिन को मनाने चेन्नई पहुंच रहे
राहुल गांधी विपक्षी गठबंधन इंडिया (INDIA Alliance) के अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ चेन्नई पहुंच रहे हैं। उनका प्रयास एमके स्टालिन और डीएमके को प्रस्तावित परिसीमन विधेयक का विरोध करने के लिए साथ लाने का है। विपक्ष इस मुद्दे पर सभी दलों को एकजुट करने की कोशिश कर रहा है, ताकि लोकसभा सीटों के बंटवारे और परिसीमन प्रक्रिया में केंद्र सरकार की ओर से प्रस्तावित बदलावों का विरोध किया जा सके।
राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट करके बताया कि वह विपक्षी गठबंधन के नेताओं के साथ स्टालिन से मुलाकात करेंगे। इस दौरान वह डीएमके से प्रस्तावित कानून के खिलाफ विपक्ष के साथ खड़े होने की अपील करेंगे।
‘850 सीटों का प्रस्ताव लोकतंत्र को कमजोर कर सकता है’
राहुल गांधी ने प्रस्तावित परिसीमन प्रक्रिया को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव देश के लोकतंत्र को कमजोर कर सकता है। राहुल गांधी के मुताबिक, इस प्रस्ताव के जरिए बीजेपी और आरएसएस को अपने राजनीतिक फायदे के लिए देश का चुनावी नक्शा बदलने का अवसर मिल सकता है।
उन्होंने एमके स्टालिन को याद दिलाया कि वह लंबे समय से तमिल विरोधी ताकतों के खिलाफ आवाज उठाते रहे हैं। राहुल गांधी ने कहा कि देश के हित, तमिलनाडु के अधिकारों और संविधान की रक्षा के लिए सभी विपक्षी दलों को एक साथ आकर प्रस्तावित विधेयक का विरोध करना चाहिए।
कांग्रेस की कोशिश है कि परिसीमन के मुद्दे पर विपक्षी गठबंधन की एकजुटता बनी रहे और दक्षिण भारत के राज्यों के हितों को लेकर सभी दल एक साझा रुख अपनाएं।
DMK पहले भी परिसीमन का कर चुकी है विरोध
डीएमके इससे पहले अप्रैल में संसद में पेश किए गए परिसीमन प्रस्ताव का भी विरोध कर चुकी है। पार्टी का तर्क रहा है कि अगर लोकसभा सीटों का पुनर्वितरण केवल आबादी के आधार पर किया जाता है, तो दक्षिण भारत के राज्यों को नुकसान उठाना पड़ सकता है।
डीएमके का कहना है कि तमिलनाडु और दक्षिण भारत के दूसरे राज्यों ने जनसंख्या नियंत्रण समेत कई क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन किया है। ऐसे में केवल आबादी के आधार पर लोकसभा सीटों का बंटवारा करने से इन राज्यों के प्रतिनिधित्व पर असर पड़ने की आशंका है।
परिसीमन के मुद्दे पर कांग्रेस जहां विपक्षी दलों को एकजुट करने की कोशिश कर रही है, वहीं एमके स्टालिन ने अपने बयान से तमिलनाडु के हितों को प्राथमिकता देने का स्पष्ट संदेश दिया है। अब राहुल गांधी और स्टालिन की मुलाकात में इस मुद्दे पर क्या सहमति बनती है, इस पर राजनीतिक नजरें टिकी हैं।


