'Compromised PM कभी इस टेबल पर नहीं बैठ सकता', राहुल गांधी ने तस्वीर के बहाने मोदी पर साधा निशाना

ट्रंप, शी जिनपिंग और व्लादिमीर पुतिन की त्रिपक्षीय बैठक की तस्वीर साझा कर राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर हमला बोला। बोले- कमजोर और समझौता करने वाला प्रधानमंत्री इस टेबल पर नहीं बैठ सकता।

Alakha Singh
Published on: 20 Nov 2026 10:44 AM IST (Updated on: 20 Nov 2026 10:48 AM IST)
Compromised PM कभी इस टेबल पर नहीं बैठ सकता, राहुल गांधी ने तस्वीर के बहाने मोदी पर साधा निशाना
X

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति और अंतरराष्ट्रीय कूटनीति को लेकर बड़ा सवाल खड़ा किया है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की एक साथ हुई दुर्लभ त्रिपक्षीय बैठक की तस्वीर साझा करते हुए राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर सीधा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगर देश में कांग्रेस की सरकार होती तो भारत के प्रधानमंत्री भी इस टेबल पर बैठे होते। राहुल ने तंज कसते हुए कहा कि एक कमजोर और समझौता करने वाला प्रधानमंत्री कभी इस टेबल पर नहीं बैठ सकता।

राहुल गांधी का यह बयान ऐसे समय आया है, जब वैश्विक राजनीति में अमेरिका, चीन और रूस के बीच नए समीकरण बनने की चर्चा तेज है। तीनों देशों के शीर्ष नेताओं की एक साथ हुई मुलाकात को अंतरराष्ट्रीय कूटनीति के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।

ट्रंप, जिनपिंग और पुतिन की तस्वीर शेयर कर साधा निशाना

राहुल गांधी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ट्रंप, जिनपिंग और पुतिन की मुलाकात की तस्वीर साझा की। इसके साथ उन्होंने लिखा, "अगर कांग्रेस सत्ता में होती तो भारत के प्रधानमंत्री भी इस टेबल पर बैठे होते। एक समझौता करने वाला प्रधानमंत्री कभी इस टेबल पर नहीं बैठ सकता।"

राहुल गांधी के इस बयान में प्रधानमंत्री मोदी पर दो स्तरों पर हमला नजर आया। पहला, उन्होंने भारत की वैश्विक कूटनीतिक भूमिका पर सवाल उठाया और दूसरा, प्रधानमंत्री की नेतृत्व क्षमता को लेकर विपक्ष का हमला तेज किया। राहुल का आरोप है कि मौजूदा सरकार के नेतृत्व में भारत को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर वह महत्व नहीं मिल रहा, जिसका वह हकदार है।

अमेरिका, चीन और रूस के बीच क्या हुई बातचीत?

रिपोर्ट के मुताबिक, चीन, रूस और अमेरिका ने संयुक्त राष्ट्र में सुधारों की दिशा में काम करने, तेल की आपूर्ति बढ़ाने और परमाणु जोखिम कम करने के लिए बातचीत जारी रखने पर सहमति जताई। यह घोषणा चीन के टेक हब शेनझेन स्थित एक विला में ट्रंप, शी जिनपिंग और व्लादिमीर पुतिन की ऐतिहासिक बैठक के बाद सामने आई।

तीनों वैश्विक शक्तियों के नेताओं की इस मुलाकात को अंतरराष्ट्रीय शक्ति संतुलन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ऐसे में भारत की इस बातचीत में मौजूदगी को लेकर राहुल गांधी ने राजनीतिक सवाल खड़ा किया है।

शिकागो में भी विदेश नीति पर सरकार को घेरा था

राहुल गांधी ने इससे पहले बुधवार को यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान भी भारत की विदेश नीति पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि अंतरराष्ट्रीय मामलों में भारत को अधिक सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। राहुल ने चिंता जताई कि वैश्विक चर्चाओं में भारत की भूमिका एक प्रमुख खिलाड़ी के बजाय 'साइड प्लेयर' जैसी होती जा रही है।

उन्होंने पाकिस्तान की भूमिका का जिक्र करते हुए भी अंतरराष्ट्रीय बातचीत में भारत की स्थिति पर सवाल उठाए थे। राहुल का तर्क रहा कि भारत को वैश्विक मामलों में केवल घटनाओं पर प्रतिक्रिया देने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि अंतरराष्ट्रीय फैसलों को प्रभावित करने की क्षमता भी दिखानी चाहिए।

विदेश नीति पर फिर आमने-सामने होंगे BJP और कांग्रेस

राहुल गांधी के इस बयान से विदेश नीति को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच राजनीतिक टकराव और तेज होने के संकेत हैं। कांग्रेस जहां प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और भारत की अंतरराष्ट्रीय स्थिति पर सवाल उठा रही है, वहीं बीजेपी अक्सर मोदी सरकार की विदेश नीति को भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा और मजबूत कूटनीतिक संबंधों का उदाहरण बताती रही है।

हालांकि, ट्रंप, जिनपिंग और पुतिन की बैठक में भारत की अनुपस्थिति को लेकर राहुल गांधी ने जो सवाल उठाया है, वह केवल एक तस्वीर तक सीमित नहीं है। इसके जरिए उन्होंने भारत की वैश्विक भूमिका, रणनीतिक स्वतंत्रता और प्रधानमंत्री के नेतृत्व को सीधे राजनीतिक बहस के केंद्र में ला दिया है। अब देखना होगा कि बीजेपी इस हमले का क्या जवाब देती है।

Alakha Singh
ABOUT THE AUTHOR

Alakha Singh

alakhsingh2025@hotmail.com

Alakha Singh is a Senior journalist with having more than one decade of experience in digital media. Alakha Singh has covered Loksabha Elections 2014 and 2019 closely with the several state assembly elections. He has expertise in SEO oriented content writing on various topics and issues. At HT Digital Alakha Singh has been recognised as one of the top performer of the team for many years continuously. At Livehindustan Alakha has worked on National, States and Utility beats (Career Beat in last 4 years mainly), Earlier he worked with HT Digital for more than 8 years and 2.5 years with Amar Ujala web. In initial days of his career Alakha Singh also worked as a reporter (stringer) with NBT Gurgaon. He pursued P.G. Diploma in Journalism from South Campus, University of Delhi in 2013 and MAMC from Kurukshetra University in 2014. He Belongs to District Banda of Uttar Pradesh.

Next Story