TRENDING TAGS :
राहुल गांधी की शिव-पार्वती वाली पोस्ट से मचा सियासी बवाल, CM हिमंत ने सोनिया गांधी तक को घेरा
राहुल गांधी ने भगवान शिव और माता पार्वती की तस्वीर शेयर कर खुद को सच्चा हिंदू बताया और BJP-RSS पर निशाना साधा। उनकी पोस्ट पर CM हिमंत बिस्वा सरमा के पुराने तीखे बयान से सियासी विवाद तेज।
नई दिल्ली। भगवान शिव और माता पार्वती की तस्वीर के साथ राहुल गांधी की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने नया सियासी संग्राम छेड़ दिया है। भाजपा और आरएसएस के समर्थकों को भय, क्रोध और नफरत के जाल में फंसा बताने वाले राहुल गांधी ने खुद को 'सच्चा हिंदू' बताते हुए उन्हें इस जाल से मुक्त कराने की बात कही है। राहुल के इस बयान पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा पहले ही तीखा हमला बोल चुके हैं। अब राहुल की नई पोस्ट ने कांग्रेस और भाजपा के बीच धार्मिक प्रतीकों और हिंदुत्व को लेकर सियासी टकराव को और हवा दे दी है।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भगवान शिव और माता पार्वती के उमा-महेश्वर स्वरूप की तस्वीर साझा करते हुए भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के समर्थकों पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भय, क्रोध और नफरत ने भाजपा-आरएसएस समर्थकों के दिलों में ऐसा जाल बुन दिया है, जो उन्हें प्रेम महसूस करने और उसे व्यक्त करने से रोकता है।
राहुल गांधी ने लिखा, ''भय, क्रोध और नफरत ने भाजपा और आरएसएस के समर्थकों के दिलों में एक ऐसा जाल बुन दिया है, जो उन्हें प्रेम का अनुभव करने और उसे व्यक्त करने से रोकता है। एक सच्चे हिंदू के तौर पर मेरा कर्तव्य है कि मैं उन्हें इस जाल से मुक्त करूं, ताकि वे भी अपने जीवन में प्रेम और अपनेपन की अद्भुत सुंदरता और आनंद का अनुभव कर सकें।''
उन्होंने अपनी पोस्ट के आखिर में 'सत्यम शिवम सुंदरम' भी लिखा। राहुल की इस पोस्ट को उनकी मां सोनिया गांधी की पुस्तक विमोचन के दौरान दिए गए बयान पर मचे विवाद के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है।
माता-पिता के प्रेम का किस्सा सुनाकर घिरे राहुल गांधी
दरअसल, सोमवार को नई दिल्ली में कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की पुस्तक 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' के विमोचन समारोह में राहुल गांधी ने अपने माता-पिता के निजी जीवन से जुड़ा एक किस्सा सुनाया था। उन्होंने बताया कि बचपन में दोपहर और रात के भोजन के समय उनकी मां सोनिया गांधी अक्सर पिता राजीव गांधी की गोद में बैठकर खाना खाती थीं।
राहुल ने कहा कि बचपन में उन्हें यह बिल्कुल सामान्य लगता था। यहां तक कि वह अपने दोस्तों के घर जाकर उनसे पूछते थे कि उनकी मां उनके पिता की गोद में बैठकर खाना क्यों नहीं खाती हैं?
राहुल की इस टिप्पणी को लेकर सोशल मीडिया पर भाजपा समर्थकों ने सवाल उठाए। देखते ही देखते माता-पिता के प्रेम का यह निजी किस्सा राजनीतिक विवाद में बदल गया।
हिमंत बिस्वा सरमा ने सोनिया गांधी को भी लपेटा
राहुल गांधी के बयान पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बेहद तीखी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने सोशल मीडिया पर सोनिया गांधी को संबोधित करते हुए लिखा था, ''सॉरी मैडम, आपके जीवन के इतने खास मौके पर भी वह आपको शर्मिंदा होने से नहीं रोक पाए। देश को यह बहुत पहले ही समझ आ गया था। उम्मीद है अब आपको भी दिख जाएगा।''
हिमंत ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए आगे लिखा था कि यह मामला अब प्रोडक्ट लॉन्च और री-लॉन्च की बात से काफी आगे निकल चुका है। उनका यह कटाक्ष राहुल गांधी की राजनीतिक छवि और नेतृत्व क्षमता पर सीधा हमला माना गया।
शिव-पार्वती की तस्वीर से राहुल ने दिया सियासी जवाब?
अब राहुल गांधी ने शिव-पार्वती की तस्वीर के साथ 'सच्चे हिंदू' होने और प्रेम का संदेश देते हुए एक बार फिर भाजपा-आरएसएस पर हमला बोला है। उनकी पोस्ट में धार्मिक प्रतीक, हिंदुत्व की व्याख्या और राजनीतिक विरोधियों के प्रति प्रेम का संदेश एक साथ नजर आता है।
दूसरी तरफ हिमंत बिस्वा सरमा इस मुद्दे पर राहुल को घेरने का कोई मौका छोड़ते नहीं दिख रहे हैं। ऐसे में सोनिया गांधी की किताब के विमोचन से शुरू हुआ विवाद अब राहुल गांधी बनाम हिमंत सरमा की जुबानी जंग में तब्दील होता दिखाई दे रहा है। सवाल यह है कि राहुल की इस पोस्ट को भाजपा किस तरह जवाब देती है और क्या यह विवाद आने वाले दिनों में हिंदुत्व की सियासत का नया अखाड़ा बनेगा?


