TRENDING TAGS :
अमेरिका में राहुल गांधी की बड़ी चेतावनी, बोले- भारत आर्थिक तबाही की ओर, बेरोजगारी ने तोड़ी कमर
अमेरिका की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में राहुल गांधी ने भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर बड़ा बयान दिया। बेरोजगारी, मैन्युफैक्चरिंग संकट, शिक्षा व्यवस्था और अडानी-अंबानी का नाम लेकर मोदी सरकार पर साधा निशाना।
Rahul Gandhi US Visit: अमेरिका दौरे पर पहुंचे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर बड़ी चेतावनी देकर देश की सियासत गरमा दी है। राहुल गांधी ने कहा कि भारत इस समय एक बड़े आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है। देश में बेरोजगारी की समस्या गंभीर होती जा रही है, शिक्षा व्यवस्था में गहरी खामियां हैं और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर अपनी ताकत खो चुका है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर भारत मौजूदा आर्थिक रास्ते पर चलता रहा तो आने वाले समय में मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।
न्यूयॉर्क की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में मंगलवार को आयोजित एक फायरसाइड चैट के दौरान राहुल गांधी ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने 'मेक इन इंडिया' और 'स्टार्टअप इंडिया' जैसी योजनाओं की सफलता पर सवाल उठाते हुए कहा कि भारत का आर्थिक मॉडल करीब एक दशक पहले ही नतीजे देना बंद कर चुका है। राहुल के मुताबिक, सरकार की योजनाएं देश की आर्थिक रीढ़ को मजबूत करने में सफल नहीं रही हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि मीडिया भले ही इस संकट को नजरअंदाज कर दे, लेकिन देश में बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था की समस्याएं हकीकत हैं। भारत के सामने सबसे बड़ी चुनौती युवाओं के लिए पर्याप्त रोजगार पैदा करना है। उन्होंने छोटे और मझोले कारोबारों (MSME) तथा कृषि क्षेत्र को रोजगार का असली आधार बताते हुए कहा कि इन क्षेत्रों को मजबूत किए बिना देश की आर्थिक स्थिति नहीं सुधर सकती।
'सर्विस सेक्टर से सबको नौकरी नहीं मिल सकती'
राहुल गांधी ने कहा कि भारत में यह मान लिया गया है कि मैन्युफैक्चरिंग की अब जरूरत नहीं है, जबकि हकीकत इसके उलट है। केवल सर्विस सेक्टर के भरोसे देश की बड़ी आबादी को रोजगार नहीं दिया जा सकता। उन्होंने कहा कि सर्विस सेक्टर कुछ प्रतिशत लोगों को रोजगार दे सकता है, लेकिन इससे हर युवा के भविष्य की गारंटी नहीं मिल सकती।
उन्होंने कहा, "हम मैन्युफैक्चरिंग के बिना सफलतापूर्वक आगे नहीं बढ़ सकते। ऐसा बिल्कुल नहीं हो सकता।" राहुल के मुताबिक, छोटे और मझोले उद्योगों को दोबारा मजबूत करना और कृषि क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ाना देश की प्राथमिकता होनी चाहिए।
युवाओं को डिग्री के बाद भी भविष्य की चिंता
कोलंबिया यूनिवर्सिटी में बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने भारतीय युवाओं की बढ़ती निराशा का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि खासतौर पर मध्यमवर्गीय परिवारों से आने वाले पढ़े-लिखे युवाओं को अपना भविष्य सुरक्षित नजर नहीं आ रहा है।
राहुल ने कहा कि युवा अब अपने माता-पिता की पीढ़ी के अनुभवों और करियर संबंधी सलाह पर भी सवाल उठा रहे हैं। उन्हें लगता है कि जिस रास्ते पर चलकर उनके माता-पिता ने सफलता हासिल की, वह आज के दौर में काम नहीं कर रहा है।
उन्होंने कहा कि युवाओं की नाराजगी की असली वजह रोजगार और भविष्य को लेकर अनिश्चितता है। राहुल के मुताबिक, सिर्फ डिग्री हासिल कर लेना अब नौकरी और बेहतर जीवन की गारंटी नहीं रह गया है।
अडानी-अंबानी का नाम लेकर निजी निवेश पर सवाल
राहुल गांधी ने देश में निजी निवेश की स्थिति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत में छोटे और मझोले कारोबारी संघर्ष कर रहे हैं, जबकि बड़े कारोबारी समूहों का विस्तार जारी है।
उन्होंने उद्योगपति गौतम अडानी और मुकेश अंबानी का नाम लेते हुए पूछा कि आखिर देश में निजी निवेश क्यों नहीं बढ़ रहा है और आर्थिक विकास का फायदा कुछ चुनिंदा बड़े कारोबारी समूहों तक ही क्यों सीमित दिखाई दे रहा है।
राहुल ने टाटा समूह का जिक्र करते हुए भी सवाल उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में संपत्ति और आर्थिक ताकत का केंद्रीकरण बढ़ रहा है। उनके मुताबिक, इस स्थिति से किसानों, दलितों, आदिवासियों और समाज के दूसरे वर्गों के सामने चुनौतियां पैदा हो रही हैं।
चुनावी प्रक्रिया पर भी उठाए सवाल
राहुल गांधी ने अपनी बातचीत में भारतीय लोकतंत्र और चुनावी प्रक्रिया का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ियों के कारण लोकतांत्रिक राजनीति प्रभावित हो रही है।
उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के पास कथित चुनावी अनियमितताओं से जुड़े पर्याप्त सबूत हैं और व्यवस्था के भीतर से भी कुछ लोग जानकारी सामने ला रहे हैं। राहुल ने कहा कि चुनावी व्यवस्था को दुरुस्त करना जरूरी है, क्योंकि इसके बिना लोकतांत्रिक राजनीति को मजबूत नहीं किया जा सकता।
बीजेपी ने राहुल गांधी पर किया पलटवार
राहुल गांधी के बयान सामने आने के बाद बुधवार को बीजेपी ने उन पर तीखा हमला बोला। बीजेपी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने राहुल गांधी को 'मीर जाफर' बताते हुए आरोप लगाया कि वह विदेश जाकर भारत की छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।
बीजेपी के अन्य नेताओं ने भी राहुल गांधी के बयान को भारत विरोधी प्रचार करार दिया। बीजेपी ने अर्थव्यवस्था के प्रदर्शन के समर्थन में GDP ग्रोथ, IMF और Moody's के अनुमानों का हवाला देते हुए कहा कि भारत की आर्थिक प्रगति मजबूत बनी हुई है।
बीजेपी प्रवक्ता सीआर केसवन ने भी राहुल पर विदेश में भारत की छवि खराब करने का आरोप लगाया। इस तरह राहुल के आर्थिक बयान ने कांग्रेस और बीजेपी के बीच नया राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है।
अमेरिका दौरे पर राहुल गांधी, शिकागो यूनिवर्सिटी भी जाएंगे
राहुल गांधी दो दिवसीय अमेरिका दौरे पर हैं। 17 नवंबर को उन्होंने न्यूयॉर्क की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में छात्रों और शिक्षाविदों के साथ बातचीत की। इस कार्यक्रम में पत्रकार लीडिया पोलग्रीन ने उनसे सवाल-जवाब किए।
18 नवंबर को राहुल गांधी के शिकागो यूनिवर्सिटी जाने का कार्यक्रम है। यहां भी वह छात्रों और शिक्षाविदों के साथ संवाद करेंगे।
हालांकि, भारत की अर्थव्यवस्था पर तीखी टिप्पणी करने के साथ राहुल गांधी ने यह भी कहा कि उन्हें देश के भविष्य को लेकर उम्मीद है। उन्होंने कहा कि वह भारत को लेकर आशावादी हैं, लेकिन चिंता इस बात की है कि देश समय गंवा रहा है। अगर अगले पांच से दस साल तक यही स्थिति बनी रही तो भारत गंभीर मुश्किल में फंस सकता है।


