नई नवेली दुल्हन निकली ‘हत्यारन’, शादी के महज 90 दिन बाद कराई पति की क्रूर हत्या, दिल दहला देगा कांड

Wife Killed Husband: शादी के महज तीन महीने बाद एक नवविवाहिता ने अपने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर अपने ही पति की बेरहमी से हत्या करवा दी।

Shishumanjali kharwar
Published on: 5 Feb 2026 4:19 PM IST
Wife Killed Husband
X

Wife Killed Husband

Wife Killed Husband: श्रीगंगानगर जिले से एक चौंकाने वाला हत्याकांड सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। यहां शादी के महज तीन महीने बाद एक नवविवाहिता ने अपने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर अपने ही पति की बेरहमी से हत्या करवा दी। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि 27 वर्षीय आशीष कुमार की हत्या उसकी पत्नी अंजली उर्फ अर्जु (23) ने अपने प्रेमी संजय उर्फ संजू (25) के साथ मिलकर पूरी योजना के तहत अंजाम दी।

पुलिस के मुताबिक, सादुलशहर निवासी अंजली और संजय पिछले छह से सात वर्षों से एक-दूसरे के संपर्क में थे। दोनों ने श्रीगंगानगर के एक ही कॉलेज से बीए की पढ़ाई की थी, जहां से उनके रिश्ते की शुरुआत हुई। अंजली के परिजनों को इस प्रेम संबंध की जानकारी थी, इसके बावजूद 30 अक्टूबर 2025 को उसकी शादी रावला निवासी आशीष कुमार से कर दी गई। आशीष बीएससी पास था और हाल ही में एक निजी स्कूल में शिक्षक के रूप में नियुक्त हुआ था।

शादी के बाद अंजली इस रिश्ते से खुश नहीं थी। वहीं संजय भी इस स्थिति से परेशान था, क्योंकि विवाह के बाद दोनों का मिलना-जुलना लगभग बंद हो गया था। अंजली चाहती थी कि वह श्रीगंगानगर में रहकर एमए की पढ़ाई करे, ताकि संजय के साथ संपर्क बना रहे। उसने कई बार इस बात को लेकर पति आशीष से अनुरोध किया, लेकिन आशीष ने इसे स्वीकार नहीं किया। इसी बात से अंजली के मन में नाराजगी बढ़ती गई और वह लगातार प्रेमी से फोन पर बातचीत करती रही। हत्या से करीब 16 दिन पहले अंजली मायके गई थी। इसी दौरान उसने संजय के साथ मिलकर आशीष को रास्ते से हटाने की साजिश रची। योजना के अनुसार, आशीष को सुनसान जगह पर ले जाकर हत्या कर दी जानी थी और घटना को लूट या हादसे का रूप देना था।

एसपी अमृता दुहन के अनुसार, 30 जनवरी की रात अंजली रोज की तरह खाना खाने के बाद घूमने के बहाने आशीष को घर से बाहर ले गई। उसने पहले से तय योजना के तहत संजय को अपनी लोकेशन भेज दी। कुछ ही देर में संजय अपने दो साथियों रोहित उर्फ रॉकी और बादल उर्फ सिद्धार्थ के साथ मौके पर पहुंच गया। तीनों आरोपी झाड़ियों में छिप गए। जैसे ही दंपती वहां पहुंचे, अंजली के इशारे पर आरोपियों ने डंडों से आशीष के सिर पर हमला कर दिया। जब वह गंभीर रूप से घायल हो गया और सांसें चलती रहीं, तो मफलर से उसका गला घोंट दिया गया।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोटों और गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई है। वारदात के बाद अंजली ने आशीष का मोबाइल फोन और अपने कानों के झुमके आरोपियों को सौंप दिए, ताकि हत्या को लूट का मामला दिखाया जा सके। पुलिस ने अंजली, उसके प्रेमी संजय और दोनों साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह हत्या पूरी तरह सुनियोजित थी और इसमें पत्नी की सक्रिय भूमिका सामने आने से लोग स्तब्ध हैं।

Shishumanjali kharwar
ABOUT THE AUTHOR

Shishumanjali kharwar

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story