TRENDING TAGS :
राजस्थान पंचायत चुनाव में करारी हार से BJP में हड़कंप, मदन राठौड़ समेत बड़े नेता दिल्ली तलब
राजस्थान पंचायत चुनाव में BJP की करारी हार के बाद हाईकमान सख्त हो गया है। मदन राठौड़, संजय भाटिया समेत बड़े नेता दिल्ली तलब, बीएल संतोष के साथ होगी समीक्षा बैठक। जानिए कांग्रेस की जीत और बीजेपी की हार की बड़ी वजहें।
Rajasthan BJP News: राजस्थान के पंचायत चुनाव में कांग्रेस के हाथों मिली करारी शिकस्त ने बीजेपी की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। ग्रामीण इलाकों में पार्टी के कमजोर प्रदर्शन के बाद केंद्रीय नेतृत्व एक्शन मोड में आ गया है। प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ समेत संगठन के बड़े नेताओं को दिल्ली बुलाया गया है। राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष के साथ होने वाली बैठक में हार के कारणों, संगठन की कमजोरियों और नेताओं की जवाबदेही पर चर्चा होगी।
राजस्थान में पंचायत चुनाव के नतीजों ने सत्तारूढ़ बीजेपी को बड़ा राजनीतिक झटका दिया है। पंचायत समिति से लेकर जिला परिषद तक कांग्रेस ने बीजेपी को पीछे छोड़ दिया। नतीजों में पार्टी की कमजोर होती ग्रामीण पकड़ ने प्रदेश संगठन के साथ-साथ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सरकार की चिंता भी बढ़ा दी है।
चुनावी नतीजों के बाद बीजेपी हाईकमान ने प्रदेश संगठन से रिपोर्ट लेने का फैसला किया है। इसी सिलसिले में प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, संगठन महामंत्री अजय कुमार और पार्टी के चारों प्रदेश महामंत्रियों को दिल्ली बुलाया गया है। राजस्थान के प्रभारी संजय भाटिया और सह-प्रभारी भी बैठक में शामिल होंगे।
25 नवंबर को होने वाली इस अहम बैठक की अगुवाई बीजेपी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष करेंगे। मदन राठौड़ और संजय भाटिया दिल्ली रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और प्रदेश के अन्य नेताओं से भी चर्चा कर चुके हैं। अब केंद्रीय नेतृत्व के सामने चुनावी प्रदर्शन का पूरा फीडबैक रखा जाएगा।
25 साल में पंचायत समिति चुनाव का सबसे कमजोर प्रदर्शन
बीजेपी की चिंता सिर्फ सीटों की संख्या तक सीमित नहीं है। पार्टी के वोट शेयर में भी गिरावट दर्ज की गई है। पिछले पंचायत समिति चुनावों की तुलना में इस बार बीजेपी का प्रदर्शन काफी कमजोर रहा है।
2020-21 के पंचायत समिति चुनाव में बीजेपी को 38.06 फीसदी वोट मिले थे, जो 2026 में घटकर 33.78 फीसदी रह गए। इसे पिछले 25 वर्षों में पंचायत समिति चुनावों में पार्टी का सबसे कमजोर प्रदर्शन बताया जा रहा है। वहीं, जिला परिषद चुनाव में भी बीजेपी का वोट शेयर 42.42 फीसदी से गिरकर 37.77 फीसदी पर आ गया। दूसरी ओर कांग्रेस का जिला परिषद वोट शेयर 42.59 फीसदी से बढ़कर 43.40 फीसदी हो गया।
पंचायत समिति और जिला परिषद में कांग्रेस ने BJP को पछाड़ा
राज्य निर्वाचन आयोग के उपलब्ध नतीजों के मुताबिक, पंचायत समिति की 7,543 सीटों में से 7,520 के परिणाम घोषित हुए। इनमें कांग्रेस ने 3,758 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि बीजेपी महज 2,213 सीटों पर सिमट गई। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) को 497 और निर्दलीय उम्मीदवारों को 662 सीटें मिलीं।
जिला परिषद चुनाव में भी कांग्रेस ने बड़ी बढ़त बनाई। कुल 1,275 सीटों में से 1,271 के नतीजे घोषित हुए। इनमें कांग्रेस को 794 और बीजेपी को सिर्फ 357 सीटें मिलीं। आरएलपी को 51 और भारत आदिवासी पार्टी (BAP) को 43 सीटें हासिल हुईं।
पंचायत चुनाव में कांग्रेस बनाम बीजेपी
पंचायत समिति चुनाव
कांग्रेस- 3,758
बीजेपी-2,213
जिला परिषद चुनाव
कांग्रेस-794
बीजेपी-357
उपलब्ध घोषित नतीजे, 21 नवंबर 2026 के आंकड़े।
राजपूत, जाट और आदिवासी वोट बैंक में नाराजगी बनी चुनौती
बीजेपी के खराब प्रदर्शन के पीछे कई राजनीतिक वजहें भी सामने आ रही हैं। पार्टी के परंपरागत वोट बैंक माने जाने वाले राजपूत, देवासी, आदिवासी और जाट समुदायों में नाराजगी को इसकी एक वजह माना जा रहा है।
चित्तौड़गढ़, राजसमंद, सिरोही, जालोर, बाड़मेर, नागौर और चूरू जैसे इलाकों में बीजेपी को नुकसान उठाना पड़ा। कुछ जगहों पर नाराज मतदाताओं ने मतदान से दूरी बनाई तो कुछ ने निर्दलीय और क्षेत्रीय दलों का समर्थन किया।
इसके अलावा मंत्रियों और बीजेपी नेताओं के प्रभाव वाले इलाकों में भी पार्टी को झटके लगे। जयपुर, जोधपुर, बीकानेर और भीलवाड़ा जैसे क्षेत्रों में कांग्रेस की मजबूत वापसी ने बीजेपी के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है।
चार जिलों में मतगणना बाकी, आगे की रणनीति पर भी नजर
राजस्थान के चार जिलों कोटा, बारां, करौली और श्रीगंगानगर में पंचायत चुनाव की मतगणना 17 दिसंबर तक टाल दी गई है। इन जिलों में मौजूदा पंचायत समितियों और जिला परिषदों का कार्यकाल अगले महीने समाप्त हो रहा है।
ऐसे में बीजेपी के लिए चुनौती और बढ़ सकती है। दिल्ली में होने वाली बैठक में प्रदेश संगठन की चुनावी तैयारियों, स्थानीय नेताओं की भूमिका और ग्रामीण क्षेत्रों में पार्टी की कमजोर होती पकड़ पर चर्चा होने की संभावना है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या बीजेपी हाईकमान इस हार के लिए सिर्फ संगठनात्मक कमजोरी को जिम्मेदार मानेगा या फिर प्रदेश सरकार के कामकाज और स्थानीय नेतृत्व की भूमिका की भी समीक्षा होगी?
दिसंबर में भजनलाल शर्मा सरकार के तीन साल पूरे होने वाले हैं। ऐसे समय में पंचायत चुनाव के नतीजों ने बीजेपी के लिए राजनीतिक चेतावनी दे दी है। अब सबकी निगाहें दिल्ली की बैठक पर टिकी हैं कि हार की समीक्षा के बाद प्रदेश संगठन में कोई बड़ा बदलाव होता है या नहीं।


