राजस्थान पंचायत चुनाव में किन वजहों डूबी BJP की लुटिया? इन 13 मुद्दों ने बढ़ाई पार्टी की टेंशन

राजस्थान के पंचायत चुनावों में बीजेपी के कमजोर प्रदर्शन के बाद हार की वजहों पर पार्टी और राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

Sachin Singh
Published on: 21 Nov 2026 9:58 PM IST
राजस्थान पंचायत चुनाव में किन वजहों डूबी BJP की लुटिया? इन 13 मुद्दों ने बढ़ाई पार्टी की टेंशन
X

Rajasthan Panchayat Elections: राजस्थान के पंचायत राज चुनावों में बीजेपी के कमजोर प्रदर्शन के बाद पार्टी के भीतर हार की वजहों पर मंथन शुरू हो गया है। इस बार चर्चा सिर्फ टिकट वितरण और स्थानीय नेताओं की नाराजगी तक सीमित नहीं है, बल्कि UGC विवाद और EWS आरक्षण का मुद्दा भी राजनीतिक बहस के केंद्र में आ गया है। हालांकि जानकारों का मानना है कि हार के पीछे एक नहीं, कई वजहें हो सकती हैं।

राजस्थान के पंचायत चुनावों के नतीजों ने बीजेपी के सामने ग्रामीण इलाकों में अपनी पकड़ को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। शहरी निकाय चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करने वाली पार्टी को पंचायत स्तर पर वैसी सफलता नहीं मिली। इसके बाद अब पार्टी के कमजोर प्रदर्शन की वजहों की तलाश शुरू हो गई है। इस बीच UGC विवाद को लेकर सामान्य वर्ग के एक हिस्से की नाराजगी भी चर्चा में आ गई है। कुछ सामाजिक संगठनों का दावा है कि UGC के प्रावधानों और EWS आरक्षण को आसान बनाने की मांग पर सरकार के रवैये से नाराज मतदाताओं ने इस बार बीजेपी से दूरी बनाई। हालांकि सिर्फ इसी मुद्दे को हार की वजह मानना सही नहीं होगा। चुनाव में स्थानीय उम्मीदवारों की छवि, जातीय समीकरण और ग्रामीण समस्याओं ने भी भूमिका निभाई हो सकती है।

UGC विवाद से सामान्य वर्ग की नाराजगी का दावा

श्री राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना ने बीजेपी के प्रदर्शन को UGC विवाद से जोड़ते हुए कहा कि सामान्य वर्ग, खासकर स्वर्ण समाज के एक हिस्से में इस मुद्दे को लेकर नाराजगी थी। उनके मुताबिक, कुछ मतदाताओं ने इस बार अपना राजनीतिक रुख बदला और कांग्रेस के साथ छोटे व स्थानीय दलों के उम्मीदवारों को भी समर्थन दिया। हालांकि मकराना ने यह भी साफ किया कि UGC का मुद्दा केंद्र सरकार से जुड़ा है और इस मामले में उनकी नाराजगी राज्य सरकार या मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से सीधे तौर पर नहीं है।

शहरों में मजबूत, गांवों में कमजोर क्यों पड़ी BJP?

वरिष्ठ पत्रकार और राजनीतिक विश्लेषक एसपी मित्तल का कहना है कि बीजेपी शहरी निकाय चुनावों के नतीजों का सही तरीके से आकलन नहीं कर पाई। उनके मुताबिक, पंचायत चुनाव में पार्टी के कमजोर प्रदर्शन के पीछे UGC विवाद भी एक वजह हो सकता है। शहरी निकाय चुनावों में बीजेपी की स्थिति मजबूत रही थी, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में कांग्रेस ने बेहतर प्रदर्शन किया। पंचायत समिति और जिला परिषद, दोनों स्तरों पर कांग्रेस ने बीजेपी से ज्यादा सीटें हासिल कीं। ऐसे में पार्टी के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि शहरों के मुकाबले गांवों में मतदाताओं का रुख क्यों बदला?

टिकट से लेकर खाद तक, इन मुद्दों ने बढ़ाई मुश्किलें

बीजेपी के कमजोर प्रदर्शन के पीछे कई स्थानीय और राजनीतिक कारण भी गिनाए जा रहे हैं। इनमें टिकट वितरण से नाराजगी, नेताओं और कार्यकर्ताओं की अनदेखी और किसानों से जुड़े मुद्दे शामिल हैं। कुछ जगहों पर पार्टी नेताओं के परिवार के सदस्यों को टिकट दिए जाने से भी नाराजगी की बात सामने आई है। दावा है कि इससे नाराज नेताओं और उनके समर्थकों ने चुनाव में पार्टी का साथ नहीं दिया।

संभावित वजहों में ये मुद्दे शामिल हैं:

  1. राजनीतिक नियुक्तियों और मंत्रिमंडल विस्तार में देरी।
  2. टिकट वितरण और उम्मीदवारों की स्थानीय छवि।
  3. जातीय और सामाजिक समीकरणों का सही आकलन नहीं होना।
  4. निर्दलीय और क्षेत्रीय दलों के उम्मीदवारों का प्रभाव।
  5. ग्रामीण इलाकों में खाद की कमी से किसानों की नाराजगी।
  6. सामान्य वर्ग में UGC विवाद को लेकर असंतोष।
  7. EWS आरक्षण को आसान बनाने की मांग पर सरकार की कथित उदासीनता।
  8. लोगों को प्रभावित करने वाली नई जनकल्याणकारी योजनाओं की कमी।
  9. स्थानीय जनप्रतिनिधियों के कामकाज को लेकर सवाल।
  10. विपक्ष के आरोपों और नैरेटिव का जवाब देने में ढिलाई।
  11. पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं की नाराजगी।
  12. शहरी निकाय चुनावों की जीत के बाद आत्ममुग्धता।
  13. कुछ जगहों पर नेताओं के परिवार के सदस्यों को टिकट दिए जाने से नाराजगी।

2028 विधानसभा चुनाव से पहले BJP के सामने बड़ी चुनौती

पंचायत चुनाव के नतीजों के बाद बीजेपी के सामने अब ग्रामीण क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने की चुनौती है। पार्टी को यह समझना होगा कि शहरी और ग्रामीण मतदाताओं के रुख में इतना अंतर क्यों आया। इसके लिए सिर्फ UGC विवाद या किसी एक मुद्दे को जिम्मेदार मानने के बजाय प्रत्याशी चयन, स्थानीय नेताओं की नाराजगी, किसानों की समस्याओं और सरकार के कामकाज की भी समीक्षा करनी होगी।

राजस्थान में अगला बड़ा चुनाव 2028 का विधानसभा चुनाव है। उससे पहले बीजेपी को गांवों में अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करनी होगी। UGC विवाद और EWS आरक्षण को लेकर सामान्य वर्ग की नाराजगी का दावा भी अब इस सियासी समीक्षा का हिस्सा बन गया है। हालांकि इन मुद्दों का चुनावी नतीजों पर कितना असर पड़ा, यह पार्टी की समीक्षा और आने वाले राजनीतिक घटनाक्रम से ही ज्यादा साफ हो पाएगा।

Sachin Singh
ABOUT THE AUTHOR

Sachin Singh

Conetent Writer Mail ID - sachinsingh.alert@gmail.comsachinsingh.alert@gmail.com

Sachin Singh is a media professional with 4 years of experience in the field of journalism and digital media. After completing his education at Jamia Millia Islamia Central University, he has worked with reputed media organizations such as Editor ji, ABP News and Doordarshan. Currently, Sachin Singh is working as a Content Writer with News Track, where he contributes to fast-paced digital news coverage and content creation. His areas of interest include politics, national and international affairs, and food. With experience across different formats of journalism, he focuses on producing informative, accurate, and engaging content for digital audiences.

Next Story