TRENDING TAGS :
PA की पत्नी चुनाव हारीं तो छीन ली रोशनी! राजस्थान में 4 गांवों की 50 स्ट्रीट लाइटें हटाने पर बवाल
राजस्थान के टोंक में विधायक के PA की पत्नी के चुनाव हारने के बाद चार गांवों से करीब 50 स्ट्रीट लाइटें हटाने का मामला सामने आया है। जानिए पूरा विवाद।
Rajasthan Street Lights Controversy
Rajasthan Street Lights Controversy: राजस्थान के टोंक जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां पर पंचायत चुनाव के नतीजे के बाद करीब 50 स्ट्रीट लाइटें हटाए जाने का मामला विवादों में आ गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि निवाई से बीजेपी विधायक रामसहाय वर्मा के PA की पत्नी पंचायत समिति सदस्य का चुनाव हार गईं तो गांवों और ढाणियों में लगी स्ट्रीट लाइटें हटवा दी गईं। इस कार्रवाई के बाद इलाके में राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है।
मामला पीपलू पंचायत समिति क्षेत्र की रणोली ग्राम पंचायत के अंतर्गत आने वाले कुम्हारों की ढाणी, बेगमपुरा, हनीफगंज और बीजलपुरा गांवों से जुड़ा है। यहां अलग-अलग स्थानों पर करीब 50 LED स्ट्रीट लाइटें लगाई गई थीं। ग्रामीणों के मुताबिक, ये लाइटें दिवाली से पहले 24 अक्टूबर को चुनाव प्रचार के दौरान लगाई गई थीं। इनसे गांवों में रात के समय लोगों को काफी राहत मिली थी।
चुनाव परिणाम आने के कुछ घंटे बाद पहुंची टीम
ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत समिति सदस्य पद की बीजेपी प्रत्याशी प्रियंका शर्मा चुनाव हार गईं। उन्हें अपने प्रतिद्वंदी से 751 वोटों से हार का सामना करना पड़ा। चुनाव परिणाम घोषित होने के कुछ ही घंटे बाद बिजली निगम की टीम गांवों में पहुंची और स्ट्रीट लाइटें हटाने लगी। इस कार्रवाई को लेकर ग्रामीणों ने विरोध जताया। उनका सवाल है कि अगर ये लाइटें अवैध तरीके से लगाई गई थीं तो इन्हें लगाते समय ही बिजली निगम ने कार्रवाई क्यों नहीं की? चुनाव परिणाम आने के बाद ही इन्हें हटाने की कार्रवाई क्यों शुरू हुई?
बिजली निगम ने बताई ये वजह
वहीं, बिजली निगम के अधिकारियों का कहना है कि इन स्ट्रीट लाइटों को बिजली के खंभों पर अनाधिकृत कनेक्शन के जरिए लगाया गया था। बिजली निगम की टीम ने निरीक्षण के दौरान इन कनेक्शनों को नियमों के खिलाफ पाया, जिसके बाद लाइटें हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। रिपोर्ट के मुताबिक, बिजली निगम की टीम ने ग्रामीणों के विरोध के बीच करीब 10 खंभों से लाइटें हटा दीं। बाकी करीब 40 खंभों से लाइटें हटाने की कार्रवाई रोक दी गई।
विधायक ने आरोपों पर क्या कहा?
इस पूरे विवाद पर निवाई विधायक रामसहाय वर्मा ने राजनीतिक बदले की बात से इनकार किया है। उनका कहना है कि दिवाली से पहले उम्मीदवारों की ओर से लाइटें लगवाई गई थीं। बाद में बिजली के बिल और कनेक्शन को लेकर मामला सामने आया। विधायक के मुताबिक, नवनिर्वाचित सरपंचों ने बिजली का बिल जमा कराने पर सहमति जताई, जिसके बाद बाकी लाइटें हटाने की कार्रवाई रोक दी गई।
मामले की जांच के आदेश
बिजली निगम ने इस मामले की जांच के लिए कार्यकारी अभियंता को जिम्मेदारी सौंपी है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि स्ट्रीट लाइटें किसने लगवाई थीं, बिजली कनेक्शन किस आधार पर लिए गए थे और क्या नियमों का उल्लंघन हुआ था। फिलहाल ग्रामीणों के आरोप और बिजली निगम की दलील के बीच यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। अब जांच के नतीजों से साफ होगा कि स्ट्रीट लाइटें हटाने की कार्रवाई के पीछे वास्तविक वजह क्या थी।


