TRENDING TAGS :
पैसों के लिए माता-पिता ने ही बेटियों को बनाया शोषण का शिकार, छह नाबालिग मुक्त
Rajasthan News: राजस्थान के झालावाड़ में 12 से 17 साल की छह नाबालिग बच्चियों को पुलिस ने मुक्त कराया। मामले में माता-पिता और दलालों समेत पांच आरोपी गिरफ्तार, जांच में यौन शोषण की पुष्टि हुई।
फोटो-सोशल मीडिया
Rajasthan News: राजस्थान के झालावाड़ जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। यहां जिन माता-पिता पर अपनी बेटियों की सुरक्षा और देखभाल की जिम्मेदारी थी, वही कथित तौर पर पैसों के लालच में दलालों के माध्यम से उनका यौन शोषण करवा रहे थे। मामले में 12 से 17 साल तक की छह नाबालिग लड़कियां शामिल हैं। मुखबिर से मिली सूचना के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बच्चियों को मुक्त कराया और पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, इस पूरे मामले का खुलासा मुखबिर की सूचना के आधार पर हुआ। शुक्रवार को पुलिस की 15 टीमों ने 100 से अधिक पुलिसकर्मियों के साथ अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान माता-पिता और दलालों समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया। झालावाड़ के पुलिस अधीक्षक अमित बुढानिया ने बताया कि पुलिस ने छह नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराकर बालिका गृह भेज दिया है।
चिकित्सा जांच में सामने आईं गंभीर बातें
जानकारी के मुताबिक, पुलिस द्वारा मुक्त कराई गई बच्चियों की चिकित्सा जांच कराई गई। जांच में पांच नाबालिग लड़कियों के साथ कई बार यौन शोषण किए जाने की पुष्टि हुई है। वहीं, दो नाबालिगों में यौन संचारित संक्रमण (STI) भी पाए गए हैं। ये संक्रमण मुख्य रूप से असुरक्षित यौन संपर्क के जरिए एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में फैल सकते हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आगे की जांच कर रही है।
स्पाई कैमरों से रखी जा रही थी नजर
पुलिस अधीक्षक के अनुसार, कार्रवाई से पहले पुलिस टीमों ने स्पाई कैमरों की मदद से निगरानी की थी। इसके लिए पुलिसकर्मियों को डेरों के आसपास तैनात किया गया था। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी जब्त की है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम और पॉक्सो (POCSO) कानून के तहत मुकदमा दर्ज किया है। फिलहाल गिरफ्तार किए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। वहीं, मुक्त कराई गई सभी छह नाबालिगों को बालिका गृह में सुरक्षित रखा गया है।


