TRENDING TAGS :
'आजम खान को जेल में डाल दिया, हैदराबाद वाले को कुछ नहीं किया...' राकेश टिकैत का किस पर तंज?
Rakesh Tikait: आजम खान की जेल से रिहाई पर राकेश टिकैत ने सरकार की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने बिना नाम लिए असदुद्दीन ओवैसी पर भी निशाना साधा। जानिए टिकैत ने क्या कहा।
Rakesh Tikait Statement
Rakesh Tikait: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान की जेल से रिहाई के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भारतीय किसान यूनियन (BKU) के नेता राकेश टिकैत ने इस मामले को लेकर सरकार की कार्रवाई पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आजम खान को मुस्लिम होने की वजह से जेल में बंद किया गया। इतना ही नहीं, टिकैत ने बिना नाम लिए AIMIM प्रमुख और हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी पर भी निशाना साधा। उन्होंने सवाल उठाया कि एक तरफ आजम खान के खिलाफ कार्रवाई हुई, वहीं हैदराबाद से आने वाले नेता के बयानों पर कोई कदम क्यों नहीं उठाया गया।
'आजम खान को जेल में डाल दिया, हैदराबाद वाले को कुछ नहीं किया'
दिल्ली में गुरुवार को एक मीडिया से बातचीत के दौरान राकेश टिकैत ने आजम खान की रिहाई पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सरकार ने कई मामलों में कार्रवाई की है, लेकिन बड़े-बड़े अपराधों में शामिल लोग खुलेआम घूम रहे हैं। इसके उलट आजम खान को जेल में बंद कर दिया गया।
टिकैत ने आरोप लगाया कि आजम खान को मुसलमान होने के कारण जेल भेजा गया। उन्होंने कहा, 'उन्होंने आजम खान को जेल में डाल दिया क्योंकि वह एक मुसलमान हैं। ये दिखाना चाहते हैं कि हम मुसलमानों को कैप्चर करेंगे।' इसी बातचीत में उन्होंने हैदराबाद के एक नेता का जिक्र करते हुए कहा कि उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई।
ओवैसी का नाम पूछने पर टिकैत ने दिया यह जवाब
राकेश टिकैत ने कहा कि हैदराबाद से आने वाला एक व्यक्ति लगातार बेतुके बयान देता रहता है, लेकिन उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं होती। उनके इस बयान को AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी पर निशाने के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, जब पत्रकारों ने उनसे उस नेता का नाम पूछा तो टिकैत ने कहा, 'मुझे नहीं पता, भाई, हम उस व्यक्ति का नाम नहीं जानते हैं, ठीक से याद नहीं रहता है।'


