महेश भागचंदका कौन हैं, जिनके ऊपर आई राम मंदिर ट्रस्ट कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी? गोविंद देव गिरि बने महासचिव

राम मंदिर ट्रस्ट में बड़ा प्रशासनिक बदलाव करते हुए महेश भागचंदका को नया कोषाध्यक्ष और स्वामी गोविंद देव गिरि को महासचिव बनाया गया है।

Sachin Singh
Published on: 2 Sept 2026 9:45 PM IST (Updated on: 2 Sept 2026 9:46 PM IST)
महेश भागचंदका कौन हैं, जिनके ऊपर आई राम मंदिर ट्रस्ट कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी? गोविंद देव गिरि बने महासचिव
X

Ram Mandir Trust, Mahesh Bhagchandka: अयोध्या स्थित श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में बुधवार को बड़े प्रशासनिक बदलाव किए गए। ट्रस्ट ने तीन नए सदस्यों को शामिल करने के साथ ही कई अहम जिम्मेदारियां भी तय कर दी हैं। दिल्ली के महेश भागचंदका, अयोध्या के मदन मोहन पांडेय और शिकोहाबाद की डॉ. निर्मला यादव को ट्रस्ट का नया सदस्य बनाया गया है।

इसके कुछ ही समय बाद महेश भागचंदका को ट्रस्ट का कोषाध्यक्ष और स्वामी गोविंद देव गिरि को महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं, रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का पहला मुख्य कार्यकारी अधिकारी यानी CEO नियुक्त किया गया है।

कौन हैं महेश भागचंदका?

महेश भागचंदका दिल्ली के रहने वाले कारोबारी, समाजसेवी और लेखक हैं। वह विश्व हिंदू परिषद (VHP) के वरिष्ठ नेता रहे अशोक सिंघल के रिश्तेदार भी हैं। अशोक सिंघल राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख चेहरों में शामिल रहे हैं। अशोक सिंघल फाउंडेशन के मुताबिक, महेश भागचंदका आध्यात्मिक विचारों वाले व्यक्ति हैं। उन्हें संगीत सुनना, यात्रा करना, थिएटर जाना और आध्यात्मिक गतिविधियों में रुचि है।

महेश भागचंदका ने अशोक सिंघल की आत्मकथा भी लिखी है। इसके अलावा उन्होंने अपनी एक कविता की किताब भी प्रकाशित की है। भागचंदका एक सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक (PSU) के बोर्ड सदस्य के तौर पर भी काम कर चुके हैं। करीब चार दशक लंबे अपने कारोबारी करियर में उन्होंने बायोलॉजिकल, इंफ्रास्ट्रक्चर, एंटरटेनमेंट और टेक्नोलॉजी जैसे अलग-अलग क्षेत्रों में मजबूत कारोबारी आधार तैयार किया। वह M2K ग्रुप के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर (CMD) भी हैं।

M2K ग्रुप की वेबसाइट के मुताबिक, कंपनी की शुरुआत लोगों को बेहतर जीवनशैली और बेहतर जीवन स्तर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई थी। समय के साथ M2K ने इंफ्रास्ट्रक्चर, रियल एस्टेट, मल्टीप्लेक्स, बायोलॉजिकल और M2K टेक्नोलॉजी के क्षेत्रों में अपना कारोबार फैलाया है।

कंपनी का कहना है कि वह अपने सभी कारोबार में भरोसे, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों को महत्व देती है। साथ ही, एक जिम्मेदार कॉरपोरेट नागरिक के तौर पर देश के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध है। कंपनी के मुताबिक, उसके ग्राहकों का लगातार मिल रहा समर्थन उसे बेहतर भविष्य और बेहतर भारत के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है।

M2K ग्रुप के अनुसार, उसकी मुख्य ताकत मजबूत वित्तीय स्थिति, तकनीकी क्षमता और संसाधनों के मजबूत आधार से आती है। इन्हीं क्षमताओं के जरिए कंपनी अलग-अलग जगहों पर इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े प्रोजेक्ट शुरू करने और उन्हें पूरा करने का काम करती है। कंपनी का दावा है कि उसके कई बड़े प्रोजेक्ट्स ने उद्योग के मानकों को नए स्तर तक पहुंचाया है और लोगों की उम्मीदों और आकांक्षाओं को भी नई ऊंचाई दी है।

स्वामी गोविंद देव गिरि बने महासचिव

स्वामी गोविंद देव गिरि ट्रस्ट के प्रमुख और पुराने सदस्यों में शामिल हैं। इससे पहले वह ट्रस्ट में कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अब उन्हें महासचिव बनाया गया है। इस बदलाव को ट्रस्ट के प्रशासनिक ढांचे में एक महत्वपूर्ण परिवर्तन के तौर पर देखा जा रहा है। स्वामी गोविंद देव गिरि लंबे समय से राम मंदिर से जुड़े कार्यों और ट्रस्ट की गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं। ऐसे में उनकी भूमिका में बदलाव के बावजूद ट्रस्ट के शीर्ष प्रशासन में उनकी मौजूदगी बनी रहेगी।

जितेंद्र मिश्रा बने राम मंदिर ट्रस्ट के पहले CEO

राम मंदिर ट्रस्ट के प्रशासनिक ढांचे में सबसे बड़ा बदलाव रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा की नियुक्ति है। उन्हें ट्रस्ट का पहला मुख्य कार्यकारी अधिकारी यानी CEO बनाया गया है। यह पद मंदिर ट्रस्ट के रोजमर्रा के प्रशासन और संचालन को ज्यादा व्यवस्थित करने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Sachin Singh
ABOUT THE AUTHOR

Sachin Singh

Conetent Writer Mail ID - sachinsingh.alert@gmail.comsachinsingh.alert@gmail.com

Sachin Singh is a media professional with 4 years of experience in the field of journalism and digital media. After completing his education at Jamia Millia Islamia Central University, he has worked with reputed media organizations such as Editor ji, ABP News and Doordarshan. Currently, Sachin Singh is working as a Content Writer with News Track, where he contributes to fast-paced digital news coverage and content creation. His areas of interest include politics, national and international affairs, and food. With experience across different formats of journalism, he focuses on producing informative, accurate, and engaging content for digital audiences.

Next Story