TRENDING TAGS :
रांची में छात्रों का आंदोलन और तेज, 6 अभ्यर्थी आमरण अनशन पर; 10 अगस्त को विधानसभा घेराव की चेतावनी
रांची में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का आंदोलन तेज हो गया है। 6 अभ्यर्थी आमरण अनशन पर बैठ गए हैं, तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी और 10 अगस्त को विधानसभा घेराव की चेतावनी दी गई है।
Ranchi Student Protest: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC), JSSC-CGL और अन्य भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ रांची में छात्रों का आंदोलन लगातार उग्र होता जा रहा है। रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में पिछले 10 दिनों से चल रहे अनिश्चितकालीन धरने के बीच बुधवार को छात्रों ने तिरंगा यात्रा निकालने और आमरण अनशन तेज करने का ऐलान किया। विधानसभा के मानसून सत्र से ठीक पहले आंदोलन ने सरकार की चिंता बढ़ा दी है।
प्रदर्शनकारी छात्र बुधवार शाम 5 बजे जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से फिरायालाल चौक तक तिरंगा यात्रा निकालेंगे। आंदोलनकारियों का कहना है कि यह यात्रा शांतिपूर्ण होगी, लेकिन सरकार तक उनकी आवाज पहुंचाने का प्रतीक बनेगी।
6 अभ्यर्थी आमरण अनशन पर
आंदोलन को और तेज करते हुए छह अभ्यर्थी आमरण अनशन पर बैठ गए हैं। इनमें छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो भी शामिल हैं, जो बुधवार को अपने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल के चौथे दिन में प्रवेश कर गए। मंगलवार रात से पांच और अभ्यर्थियों ने अनशन शुरू किया, जिनमें दो महिला अभ्यर्थी भी शामिल हैं।
अनशन पर बैठीं सबीता कुमारी ने कहा कि सरकार की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाने के कारण उन्हें यह रास्ता अपनाना पड़ा। वहीं हबीबा ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भावुक अपील करते हुए कहा, "मुख्यमंत्री हमारे अभिभावक जैसे हैं। जब बच्चे भूखे रहते हैं तो अभिभावक को भी दर्द होता है। हमें सिर्फ आश्वासन नहीं, न्याय और कार्रवाई चाहिए।"
प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों की प्रमुख मांगें हैं:
- 14वीं JPSC परीक्षा रद्द की जाए।
- JPSC और JSSC की भर्ती प्रक्रिया में व्यापक सुधार किए जाएं।
- भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।
- कथित भर्ती घोटाले में शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
10 अगस्त को विधानसभा घेराव की चेतावनी
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द फैसला नहीं लिया तो 10 अगस्त को झारखंड विधानसभा का घेराव किया जाएगा। उनका कहना है कि फिलहाल आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण है, लेकिन मांगों की अनदेखी जारी रही तो इसे और व्यापक रूप दिया जाएगा।
विधायक ने दिया समर्थन
चतरा से LJP विधायक जनार्दन पासवान भी आंदोलन स्थल पहुंचे और छात्रों को भरोसा दिलाया कि वे इस मुद्दे को विधानसभा में उठाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार को छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से सुनना चाहिए।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने क्या कहा?
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को कहा कि सरकार आंदोलनकारी अभ्यर्थियों की मांगों पर गंभीरता से विचार कर रही है। उन्होंने कहा, "छात्रों की सभी मांगों और सवालों की गंभीरता से समीक्षा की जा रही है। उचित समय पर निर्णय लेकर उन्हें भरोसा दिलाया जाएगा।"
हालांकि प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि अब उन्हें सिर्फ आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस निर्णय चाहिए।
CID की जांच जारी, 14 गिरफ्तार
भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की जांच झारखंड पुलिस की CID कर रही है। अब तक इस मामले में 14 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। छात्रों का आरोप है कि जब तक पूरी जांच पूरी नहीं होती और दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होती, उनका आंदोलन जारी रहेगा।


