TRENDING TAGS :
'6 लोगों को मार डाला... अब मेरी बारी', तेलंगाना के खूनी कांड में आरोपी के फोन कॉल ने उड़ाए होश, पुलिस सन्न
Ranga Reddy 6 Murder Case: इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।
Ranga Reddy 6 Murder Case
Ranga Reddy 6 Murder Case: तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में हुए 6 लोगों की सामूहिक हत्या के मामले में जांच के दौरान एक बेहद चौंका देने बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के बाद फरार आरोपी राज कुमार ने अपने माता-पिता को फोन कर बताया कि उसने 6 लोगों की हत्या कर दी है और अब वह खुद भी अपनी जान देने जा रहा है। इस कॉल के बाद से पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी है और आशंका जताई जा रही है कि वह आत्मघाती कदम उठा सकता है।
यह सनसनीखेज घटना रंगारेड्डी जिले के शाबाद मंडल स्थित दैवलगुडा गांव की है, जहां आरोपी ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर 6 लोगों की हत्या कर दी। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।
POCSO केस के बाद बदले की साजिश
शुरुआत की जांच में खुलासा हुआ है कि इस हत्याकांड की जड़ एक पॉक्सो (POCSO) मामला था। पुलिस के मुताबिक, 16 मई को एक नाबालिग लड़की की मां ने राज कुमार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि उसने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया था। शिकायत के आधार पर उसके खिलाफ पॉक्सो अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
मामला दर्ज होने के बाद राज कुमार कुछ वक़्त तक फरार रहा, लेकिन बाद में उसने जमानत के लिए आवेदन किया। चूंकि इस मामले में अधिकतम 7 साल की सजा का प्रावधान था, इसलिए उसे थाना स्तर पर जमानत मिल गई। जांच एजेंसियों का मानना है कि जमानत पर बाहर आने के बाद आरोपी ने शिकायतकर्ता परिवार से बदला लेने की योजना बनाई और उसी के अंतर्गत इस वारदात को अंजाम दिया।
पत्नी और मासूम बच्चों को भी नहीं छोड़ा
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने जिस परिवार से बदला लेने की ठानी थी, उसके सदस्यों के अलावा अपनी पत्नी और दोनों छोटे बच्चों की भी हत्या कर दी। मृतकों में 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला, 45 वर्षीय महिला, 17 वर्षीय नाबालिग पीड़िता, आरोपी की 30 वर्षीय पत्नी और उसके दो मासूम बेटे शामिल हैं, जिनकी उम्र महज दो और तीन वर्ष थी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की इस करतूत ने उसकी मानसिक स्थिति और क्रूरता दोनों को उजागर कर दिया है। जिस तरह उसने अपने ही परिवार को निशाना बनाया, उससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
फोन पर माता-पिता से कबूला जुर्म
जांच में सामने आया है कि वारदात के बाद भागते समय राज कुमार ने अपने माता-पिता को फोन किया। उसने कथित तौर पर कहा, "मैंने छह लोगों की हत्या कर दी है, अब मैं खुद भी मरने जा रहा हूं।" इसके बाद उसने फोन काट दिया। इस सूचना के बाद पुलिस ने उसकी तलाश और तेज कर दी है ताकि उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके और किसी भी संभावित आत्मघाती कदम को रोका जा सके।
पुलिस की कई टीमें कर रहीं तलाश
रंगारेड्डी पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में कई विशेष टीमें अलग-अलग इलाकों में आरोपी की तलाश कर रही हैं। पुलिस आसपास के जंगलों, गांवों और संभावित ठिकानों पर सघन तलाशी अभियान चला रही है। साथ ही आरोपी के मोबाइल फोन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है।
इस सामूहिक हत्याकांड के बाद पूरे दैवलगुडा गांव में मातम और तनाव का माहौल है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। वहीं, जांच एजेंसियां मामले के हर पहलू की गहन जांच कर रही हैं ताकि घटना से जुड़े सभी तथ्यों को सामने लाया जा सके।


