TRENDING TAGS :
Ration Card New Rule 2026: गेहूं यहां से, चावल वहां से.. सरकार की नई व्यवस्था से लाखों लोगों को राहत
Ration Card New Rules 2026: अब राशन कार्ड धारक एक ही दुकान पर निर्भर नहीं रहेंगे, जरूरत के अनुसार अलग-अलग दुकानों से गेहूं और चावल ले सकेंगे।
Ration Card New Rules 2026
Ration Card New Rules 2026: भारत में राशन व्यवस्था की नींव करीब 85 साल पहले द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान पड़ी थी। खाद्यान्न संकट और महंगाई से निपटने के लिए शुरू हुई यह व्यवस्था आज डिजिटल तकनीक और 'वन नेशन, वन राशन कार्ड' जैसी योजनाओं के जरिए करोड़ों लोगों तक खाद्य सुरक्षा पहुंचा रही है।आधुनिक तकनीक के समावेश के साथ यह योजना अब लोगों के लिए और ज्यादा सुलभ और सुविधा सम्पन्न होती जा रही है। यही वजह है कि, राशन लेने के लिए घंटों लाइन में लगना, मशीन में अंगूठा मैच न होना या फिर दुकान पर अनाज खत्म होने जैसी समस्याएं अब धीरे-धीरे बीते दिनों की बात बनने जा रही हैं। केंद्र सरकार ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) को और अधिक सुविधाजनक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। अब राशन कार्ड धारक अपनी जरूरत और सुविधा के अनुसार अलग-अलग राशन दुकानों से गेहूं, चावल या अन्य खाद्यान्न प्राप्त कर सकेंगे। इस व्यवस्था का सबसे बड़ा लाभ उन लोगों को मिलेगा जो काम या रोजगार के कारण अपने गृह जिले या राज्य से दूर रहते हैं। केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा ने बताया कि यह सुविधा ‘वन नेशन, वन राशन कार्ड’ (ONORC) योजना के तहत उपलब्ध कराई जा रही है। जिससे राशन वितरण प्रणाली को अधिक लचीला और पारदर्शी बनाया जा सके।
अब राशन लेने के लिए एक ही दुकान पर जाने की नहीं होगी जरूरत
अब तक अधिकांश राशन कार्ड धारकों को अपने कार्ड से जुड़े निर्धारित उचित दर विक्रेता यानी राशन की दुकान से ही अनाज लेना पड़ता था। यदि किसी कारणवश उस दुकान पर अनाज उपलब्ध नहीं होता था या तकनीकी समस्या आ जाती थी तो लाभार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। नई व्यवस्था के तहत लाभार्थी अपने हिस्से का राशन अलग-अलग दुकानों से भी प्राप्त कर सकते हैं। उदाहरण के तौर पर यदि किसी दुकान पर गेहूं उपलब्ध है लेकिन चावल नहीं, तो उपभोक्ता गेहूं वहां से और चावल किसी दूसरी राशन दुकान से ले सकता है। इससे राशन प्राप्त करने की प्रक्रिया पहले की तुलना में कहीं अधिक आसान हो जाएगी।
ATM की तरह काम करेगी यह सुविधा
सरकार इस व्यवस्था को बैंकिंग सिस्टम के एटीएम नेटवर्क की तरह बता रही है। जिस प्रकार कोई भी व्यक्ति अपने बैंक के अलावा किसी भी एटीएम से पैसे निकाल सकता है, उसी तरह राशन कार्ड धारक भी अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी अधिकृत राशन दुकान से खाद्यान्न प्राप्त कर सकेंगे। इसके लिए लाभार्थी को केवल आधार आधारित प्रमाणीकरण और बायोमेट्रिक सत्यापन कराना होगा। सत्यापन के बाद सिस्टम में उपलब्ध कोटे के अनुसार राशन जारी कर दिया जाएगा।
क्या है वन नेशन, वन राशन कार्ड योजना?
वन नेशन, वन राशन कार्ड (ONORC) केंद्र सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य देशभर में राशन वितरण प्रणाली को पोर्टेबल बनाना है। इस योजना के तहत राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) के पात्र लाभार्थी देश के किसी भी राज्य या केंद्र शासित प्रदेश में जाकर अपने हिस्से का राशन प्राप्त कर सकते हैं। योजना की शुरुआत प्रवासी मजदूरों और असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए की गई थी। कोविड-19 महामारी के दौरान इस योजना की उपयोगिता सबसे अधिक सामने आई, जब लाखों लोग अपने गृह राज्य से दूर फंसे हुए थे।
प्रवासी मजदूरों और उनके परिवारों को मिलेगा सबसे बड़ा फायदा
देश में करोड़ों लोग रोजगार, शिक्षा और व्यवसाय के लिए अपने घर से दूर रहते हैं। पहले ऐसे लोगों को राशन प्राप्त करने में काफी दिक्कत होती थी क्योंकि उनका राशन कार्ड किसी दूसरे जिले या राज्य में पंजीकृत होता था।
ONORC के तहत अब वे जहां रह रहे हैं, वहीं से अपना राशन प्राप्त कर सकते हैं। इतना ही नहीं, परिवार के सदस्य अलग-अलग स्थानों पर रहते हुए भी अपने हिस्से का राशन अलग-अलग जगहों से ले सकते हैं। इससे प्रवासी परिवारों को काफी राहत मिलेगी।
लंबी लाइन और राशन की कमी जैसी समस्याओं से मिलेगी राहत
नई व्यवस्था का एक बड़ा फायदा यह भी है कि लाभार्थियों को किसी एक दुकान पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। यदि किसी दुकान पर भीड़ ज्यादा है या खाद्यान्न उपलब्ध नहीं है, तो वे दूसरी दुकान का विकल्प चुन सकते हैं। इससे राशन दुकानों पर दबाव कम होगा और वितरण प्रणाली अधिक व्यवस्थित बनेगी। साथ ही लाभार्थियों को पूरा राशन मिलने की संभावना भी बढ़ेगी।
डिजिटल तकनीक बना रही राशन वितरण को आसान
पिछले कुछ वर्षों में सरकार ने राशन वितरण प्रणाली को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने पर विशेष जोर दिया है। आधार लिंकिंग, ई-पीओएस मशीनों और ऑनलाइन रिकॉर्ड के कारण अब राशन वितरण अधिक पारदर्शी हुआ है।
नई पोर्टेबिलिटी सुविधा भी इसी डिजिटल ढांचे का हिस्सा है। इससे फर्जीवाड़े पर रोक लगाने के साथ-साथ यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि पात्र लाभार्थियों तक उनका खाद्यान्न समय पर पहुंचे।
राशन कार्ड धारकों के लिए क्या है संदेश?
यदि आपका राशन कार्ड राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत पंजीकृत है और आधार से लिंक है, तो आप इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। इसके लिए अलग से नया कार्ड बनवाने की जरूरत नहीं है। बायोमेट्रिक सत्यापन के जरिए आप देश के किसी भी हिस्से में अपने कोटे का राशन प्राप्त कर सकते हैं।


