Robot Fight Viral Video: लात-घूंसे चलाते रोबोट्स का वीडियो वायरल, यूजर्स बोले- अब पहलवानों की छुट्टी!

Humanoid Robot Fight Viral Video: इंसानों की तरह रिंग में भिड़े AI रोबोट, वायरल वीडियो देखकर लोग बोले- भविष्य आ चुका है!

Jyotsana Singh
Published on: 11 May 2026 2:31 PM IST (Updated on: 11 May 2026 2:32 PM IST)
Robot Fight Viral Video: लात-घूंसे चलाते रोबोट्स का वीडियो वायरल, यूजर्स बोले- अब पहलवानों की छुट्टी!
X

Humanoid Robot Fight Viral Video 

https://twitter.com/i/status/2053199679081607233

Robot Fight Viral Video: अभी तक रिंग में आपने पहलवानों को भिड़ते हुए देखा होगा, जिसमें पहलवान तरह-तरह के पैतरे अपना कर एक दूसरे को पटकनी देते हुए नजर आते हैं। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि रोबोट भी अब रिंग के भीतर कुश्ती के दावपेंच आजमाते नजर आएंगे। टेक्नोलॉजी की दुनिया हर दिन ऐसे नए प्रयोग कर रही है जो कुछ साल पहले तक सिर्फ साइंस-फिक्शन फिल्मों में दिखाई देते थे। अब एक ऐसा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें दो ह्यूमनॉइड रोबोट असली पहलवानों की तरह रिंग में एक-दूसरे पर पंच और किक बरसाते नजर आ रहे हैं। सैन फ्रांसिस्को में आयोजित इस रोबोट फाइट ने इंटरनेट पर सनसनी मचा दी है। कोई इसे भविष्य के खेल की शुरुआत बता रहा है तो कोई मजाक में कह रहा है कि अब पहलवानों की नौकरी खतरे में पड़ सकती है।

रिंग में आमने-सामने आए इंसानों जैसे रोबोट

वायरल वीडियो को वर्चुअल रियलिटी इनोवेटर Cix Liv ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर किया। वीडियो में दो बाइपेडल यानी दो पैरों पर चलने वाले ह्यूमनॉइड रोबोट एक अस्थायी फाइट रिंग में आमने-सामने खड़े दिखाई देते हैं। एक तरफ चीन की रोबोटिक्स कंपनी EngineAI का रोबोट था, जबकि दूसरी ओर Unitree Robotics का मॉडल मौजूद था। दोनों रोबोट बिल्कुल इंसानों की तरह फाइटिंग स्टांस लेते दिखाई दिए। कभी वे मुक्के मारते नजर आए तो कभी एक-दूसरे के वार से बचने की कोशिश करते दिखे।

सबसे दिलचस्प बात यह रही कि पूरे मुकाबले के दौरान एक इंसानी रेफरी भी मौजूद था, जो मैच को नियंत्रित करता दिखाई दिया। इससे यह मुकाबला किसी असली बॉक्सिंग या MMA मैच जैसा महसूस हुआ।

रोबोट्स की मूवमेंट देखकर लोग रह गए हैरान

वीडियो में रोबोट्स की बॉडी बैलेंसिंग और मूवमेंट ने लोगों को सबसे ज्यादा प्रभावित किया। पहले जहां रोबोट सिर्फ धीरे-धीरे चलने या साधारण काम करने तक सीमित दिखाई देते थे, वहीं अब वे तेज रिएक्शन और फाइटिंग मूव्स भी कर रहे हैं। इन रोबोट्स में लगे सेंसर, कैमरे और AI सिस्टम उन्हें सामने वाले की हरकत समझने और उसी हिसाब से प्रतिक्रिया देने में मदद करते हैं। यही वजह है कि वे पंच से बचने, आगे बढ़ने और संतुलन बनाए रखने में सक्षम दिखे। तकनीकी विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले समय में ऐसे रोबोट और ज्यादा स्मार्ट हो सकते हैं। वे सिर्फ मनोरंजन ही नहीं बल्कि सुरक्षा, रेस्क्यू ऑपरेशन और इंडस्ट्रियल कामों में भी बड़ी भूमिका निभा सकते हैं।

रियल स्टील फिल्म की याद दिला रहा वीडियो

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने इसे हॉलीवुड फिल्म 'Real Steel' से जोड़ना शुरू कर दिया। इस फिल्म में भी इंसानों की जगह विशाल रोबोट बॉक्सिंग करते दिखाए गए थे।

कई यूजर्स ने लिखा कि अब साइंस-फिक्शन फिल्मों की कल्पनाएं सच होती दिखाई दे रही हैं। कुछ लोगों ने मजाक में कहा कि ' कुछ सालों में WWE और UFC में भी रोबोट उतर सकते हैं।'

एक यूजर ने लिखा, 'भविष्य आ चुका है।' वहीं दूसरे ने कमेंट किया, 'अब इंसानों की फाइट से ज्यादा रोबोट फाइट देखने में मजा आएगा।'

AI और रोबोटिक्स की तेजी से बढ़ रही दुनिया

पिछले कुछ वर्षों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रोबोटिक्स के क्षेत्र में तेजी से विकास हुआ है। दुनिया की कई बड़ी कंपनियां ऐसे ह्यूमनॉइड रोबोट बना रही हैं जो इंसानों की तरह चल-फिर सकें और जटिल काम कर सकें। Tesla का Optimus रोबोट, Boston Dynamics के रोबोट और चीन की कई कंपनियों के मॉडल पहले ही दुनिया का ध्यान खींच चुके हैं। अब रोबोट्स को सिर्फ मशीन नहीं बल्कि 'स्मार्ट असिस्टेंट' के रूप में देखा जा रहा है।

विशेषज्ञों के अनुसार, आने वाले समय में रोबोट्स का इस्तेमाल फैक्ट्री, अस्पताल, होटल, वेयरहाउस और यहां तक कि घरेलू कामों में भी बढ़ सकता है। ऐसे में रोबोट फाइटिंग जैसे इवेंट्स टेक्नोलॉजी को मनोरंजन के साथ जोड़ने की नई कोशिश माने जा रहे हैं।

क्या रोबोट स्पोर्ट्स बन सकते हैं भविष्य का बड़ा बिजनेस?

जिस तरह ई-स्पोर्ट्स ने पिछले कुछ वर्षों में करोड़ों डॉलर का उद्योग खड़ा कर दिया, उसी तरह भविष्य में रोबोट स्पोर्ट्स भी बड़ा बाजार बन सकते हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि अगर रोबोट फाइटिंग को पेशेवर तरीके से विकसित किया गया तो यह एक नया स्पोर्ट्स एंटरटेनमेंट सेक्टर बन सकता है। इसमें टेक कंपनियां, गेमिंग इंडस्ट्री और स्पोर्ट्स ब्रांड्स बड़ी भूमिका निभा सकते हैं।

हालांकि अभी यह तकनीक शुरुआती दौर में है, लेकिन वायरल वीडियो ने यह संकेत जरूर दे दिया है कि लोग ऐसी प्रतियोगितियों को देखने में दिलचस्पी रखते हैं।

कुछ लोगों ने जताई चिंता

जहां एक तरफ लोग इस वीडियो को देखकर उत्साहित हैं, वहीं कुछ यूजर्स ने चिंता भी जाहिर की। उनका कहना है कि AI और रोबोटिक्स का तेजी से बढ़ता प्रभाव इंसानों की नौकरियों और सुरक्षा के लिए चुनौती बन सकता है।

कुछ लोगों ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि 'अब पहलवानों को भी अपनी नौकरी बचाने की चिंता करनी पड़ेगी।' हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल रोबोट इंसानों की जगह पूरी तरह नहीं ले सकते, क्योंकि उन्हें अभी भी कंट्रोल और प्रोग्रामिंग की जरूरत होती है।

भविष्य की झलक बना वायरल वीडियो

फिलहाल यह वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है और लाखों लोग इसे देख चुके हैं। छोटी सी भीड़ के सामने हुई यह रोबोट फाइट अब दुनिया भर में चर्चा का विषय बन गई है। इस वीडियो ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि टेक्नोलॉजी बहुत तेजी से बदल रही है। जो चीजें कभी फिल्मों और कल्पनाओं तक सीमित थीं, वे अब धीरे-धीरे असल दुनिया का हिस्सा बनती जा रही हैं। इस रोमांचक स्पोर्ट इवेंट के बाद इस बात की चर्चें जोर पकड़ने लगे हैं कि, आने वाले वर्षों में शायद रोबोट सिर्फ इंसानों की मदद ही नहीं करेंगे, बल्कि खेल और मनोरंजन की दुनिया में भी नई क्रांति लाते नजर आएंगे।

Jyotsana Singh
ABOUT THE AUTHOR

Jyotsana Singh

Content Writer Mail ID - jyotsana.b.singh@gmail.comjyotsana.b.singh@gmail.com

Jyotsana Singh is an Tech/Auto and Tourism Desk Content Writer at Newstrack.com.

Next Story