'राहुल गांधी भी सबकी तरह करते हैं गलतियां', आखिर सैम पित्रोदा को क्यों आना पड़ा सामने? PM मोदी को लेकर कही बड़ी बात

'राहुल गांधी भी सबकी तरह करते हैं गलतियां', आखिर सैम पित्रोदा को क्यों

Sachin Singh
Published on: 11 Nov 2026 4:49 PM IST (Updated on: 11 Nov 2026 4:50 PM IST)
राहुल गांधी भी सबकी तरह करते हैं गलतियां, आखिर सैम पित्रोदा को क्यों आना पड़ा सामने? PM मोदी को लेकर कही बड़ी बात
X

Sam Pitroda Defends Rahul Gandhi: कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर लगातार हो रहे राजनीतिक हमलों के बीच इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा उनके समर्थन में खुलकर सामने आए हैं। शिकागो में समाचार एजेंसी ANI से बातचीत के दौरान पित्रोदा ने कहा कि राहुल गांधी में अपनी बात रखने का साहस है। वह अभी युवा हैं और हर दूसरे व्यक्ति की तरह उनसे भी गलतियां हो सकती हैं। लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि उनके उठाए जा रहे मुद्दों को नजरअंदाज कर दिया जाए।

पित्रोदा ने कहा कि राहुल युवाओं, समाज के वंचित तबकों और आर्थिक असमानता जैसे जरूरी मुद्दों पर आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल के राजनीतिक विरोधियों को भी इस बात का सम्मान करना चाहिए कि वह पूरे आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रख रहे हैं और सही मुद्दों के लिए खड़े हैं।

पीएम मोदी के बयान पर पित्रोदा ने जताई नाराजगी

सैम पित्रोदा का यह बयान ऐसे समय आया है, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुछ सप्ताह पहले राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्हें 'फेल प्रोडक्ट' कहा था। पीएम मोदी ने कांग्रेस पर राहुल गांधी को बार-बार राजनीतिक रूप से लॉन्च करने की कोशिश करने का तंज भी कसा था। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया था कि कांग्रेस विदेशों में सरकार की आलोचना करके भारत की अंतरराष्ट्रीय छवि को नुकसान पहुंचा रही है।

पीएम मोदी की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए पित्रोदा ने कहा कि उन्हें हैरानी हुई कि प्रधानमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर नेता प्रतिपक्ष की आलोचना की। उन्होंने कहा, "यह मेरे प्रधानमंत्री की छवि नहीं है। मैं एक गरिमापूर्ण प्रधानमंत्री देखना चाहता हूं।" पित्रोदा ने राजनीतिक विरोधियों के बीच ज्यादा सहनशीलता, सद्भाव और सम्मान बनाए रखने की बात कही।

विदेशी फंडिंग के आरोपों को किया खारिज

विपक्षी गतिविधियों को कमजोर करने या सरकार के खिलाफ माहौल बनाने के लिए विदेशी संस्थाओं से पैसा मिलने के आरोपों को भी पित्रोदा ने खारिज किया। उन्होंने साफ कहा कि वह प्रधानमंत्री की छवि खराब करने के लिए किसी विदेशी संस्था से कभी पैसा नहीं लेंगे। पित्रोदा ने बताया कि अमेरिका में उनकी बातचीत बुद्धिजीवियों, सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों और वैज्ञानिकों के साथ होती है।

राहुल गांधी के अमेरिकी दौरे में क्या होगा खास?

राहुल गांधी के आगामी अमेरिका दौरे को लेकर पित्रोदा ने बताया कि कांग्रेस नेता दो खास बातचीत वाले कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। पहला कार्यक्रम 17 नवंबर को न्यूयॉर्क की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में होगा, जबकि दूसरा 18 नवंबर को यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो में आयोजित किया जाएगा। शिकागो में राहुल गांधी प्रोफेसर रॉबर्ट पेप के साथ अंतरराष्ट्रीय मामलों और भू-राजनीति यानी जियोपॉलिटिक्स पर चर्चा करेंगे।

पेपर लीक और दिल्ली के प्रदूषण पर भी उठाए सवाल

पित्रोदा ने सरकार की प्राथमिकताओं पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने परीक्षा के पेपर लीक होने और दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण जैसे मुद्दों का जिक्र करते हुए कहा कि युवाओं को राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप नहीं, बल्कि समस्याओं का समाधान चाहिए। उनके मुताबिक, युवा समझते हैं कि कौन उन्हें गुमराह कर रहा है। नेताओं को राजनीतिक हमलों में समय और संसाधन खर्च करने के बजाय शिक्षा, विकास और आम लोगों से जुड़े जरूरी मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए।

सोनिया गांधी की किताब पर भी पित्रोदा ने किया बचाव

सैम पित्रोदा ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की नई किताब 'Belonging: A Journey of Love' को लेकर बीजेपी की आलोचना पर भी जवाब दिया। उन्होंने साफ किया कि उन्होंने अभी यह किताब नहीं पढ़ी है, लेकिन सोनिया गांधी को अपनी जिंदगी और अनुभवों के बारे में लिखने का पूरा अधिकार है।

पित्रोदा ने कहा कि अगर सोनिया गांधी अपनी किताब में किसी एक विषय पर तीन पन्ने लिखना चाहती हैं, तो यह पूरी तरह उनका फैसला है। उन्होंने कहा, "अगर वह A के बारे में लिखना चाहती हैं, तो लोग यह सवाल क्यों कर रहे हैं कि B के बारे में क्यों नहीं लिखा? यह उनकी पसंद है।"

Sachin Singh
ABOUT THE AUTHOR

Sachin Singh

Conetent Writer Mail ID - sachinsingh.alert@gmail.comsachinsingh.alert@gmail.com

Sachin Singh is a media professional with 4 years of experience in the field of journalism and digital media. After completing his education at Jamia Millia Islamia Central University, he has worked with reputed media organizations such as Editor ji, ABP News and Doordarshan. Currently, Sachin Singh is working as a Content Writer with News Track, where he contributes to fast-paced digital news coverage and content creation. His areas of interest include politics, national and international affairs, and food. With experience across different formats of journalism, he focuses on producing informative, accurate, and engaging content for digital audiences.

Next Story