PM मोदी की तारीफ के बाद बदले सैम पित्रोदा के सुर! राहुल के फोन टैपिंग के आरोपों से क्यों बनाई दूरी?

Pitroda on Rahul Gandhi: पीएम मोदी की तारीफ के बाद सैम पित्रोदा ने राहुल गांधी के फोन टैपिंग आरोप से अलग रुख अपनाया। बोले- पीएम मोदी ऐसा नहीं करते। खुद के फोन टैप होने और बैंक खातों की निगरानी का भी किया दावा।

Aditya Kumar Verma
Published on: 14 Nov 2026 4:49 PM IST
Sam Pitroda on Rahul Gandhi
X

Sam Pitroda on Rahul Gandhi 

Pitroda on Rahul Gandhi: कांग्रेस की राजनीति में इन दिनों फोन टैपिंग (Phone Tapping) को लेकर चर्चा तेज है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर उनका फोन टैप कराने का आरोप लगाया था। राहुल का दावा था कि सरकार पर वह जो भी आरोप लगाते हैं, उनसे जुड़े सबूत उनके फोन में मौजूद हैं और प्रधानमंत्री को इसकी जानकारी है, क्योंकि उनका फोन टैप किया जाता है।

लेकिन अब राहुल गांधी के करीबी नेता और ओवरसीज कांग्रेस के प्रमुख सैम पित्रोदा (Sam Pitroda) ने इस दावे से अलग राय रखी है। उन्होंने साफ कहा है कि प्रधानमंत्री मोदी फोन टैप नहीं करते। हालांकि, इसी बातचीत में पित्रोदा ने खुद के फोन टैप होने, लैपटॉप पर हमला होने और बैंक खातों की निगरानी किए जाने का दावा भी किया है।

राहुल गांधी के दावे से अलग बोले पित्रोदा

सैम पित्रोदा ने एक टीवी समाचार चैनल से बातचीत में राहुल गांधी के फोन टैपिंग वाले आरोप पर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा, "पीएम ऐसा नहीं करते। पीएम स्क्रूड्राइवर लेकर कंप्यूटर पर नहीं बैठते।"

पित्रोदा के इस बयान को राहुल गांधी के आरोपों से दूरी बनाने के तौर पर देखा जा रहा है। राहुल गांधी ने सीधे प्रधानमंत्री मोदी पर फोन टैप कराने का आरोप लगाया था, लेकिन पित्रोदा का कहना है कि प्रधानमंत्री खुद ऐसा नहीं करते।

यह बयान ऐसे समय आया है, जब हाल ही में सैम पित्रोदा और प्रधानमंत्री मोदी के बीच दिवाली की शुभकामनाओं के आदान-प्रदान को लेकर भी काफी चर्चा हुई थी।

खुद के फोन टैप और खातों की निगरानी का दावा

एक तरफ सैम पित्रोदा ने प्रधानमंत्री मोदी को फोन टैपिंग के आरोप से अलग रखा, तो दूसरी तरफ उन्होंने खुद की निगरानी (Surveillance) किए जाने का दावा किया।

पित्रोदा ने कहा कि उन्हें यह मानने के अच्छे कारण हैं कि उनका फोन भी टैप किया जाता है। उन्होंने दावा किया, "मेरा फोन टैप किया जाता है, मेरे लैपटॉप पर अटैक होता है, मेरे बैंक अकाउंट सर्विलांस पर हैं।"

उन्होंने बताया कि इस मामले में उन्होंने विशेषज्ञों से सलाह ली थी। विशेषज्ञों ने उनके डिवाइस की जांच करने के बाद उन्हें फोन टैपिंग को लेकर आगाह किया था। हालांकि, पित्रोदा ने यह बताने से इनकार कर दिया कि उनके हिसाब से उनका फोन कौन टैप कर रहा है या उनके लैपटॉप और बैंक खातों को कौन निशाना बना रहा है।

‘कोई तो ऐसा कर रहा है’

सैम पित्रोदा ने अपनी बात आगे बढ़ाते हुए कहा कि कोई न कोई ऐसा कर रहा है, लेकिन उन्हें नहीं पता कि इसके पीछे कौन है। उन्होंने कहा, "कोई तो ऐसा कर रहा है। मुझे नहीं पता और मुझे फर्क भी नहीं पड़ता। मैं इसके साथ रहता हूं, मुझे कोई दिक्कत नहीं है। आसपास बुरे लोग हैं। आप क्या करते हैं।"

इस तरह पित्रोदा ने अपने फोन और दूसरे डिवाइस की निगरानी किए जाने का दावा तो किया, लेकिन इसके पीछे किसी व्यक्ति या संगठन का नाम नहीं लिया। उन्होंने यह भी स्पष्ट नहीं किया कि उनके डिवाइस की जांच करने वाले विशेषज्ञों ने किस तरह के तकनीकी सबूत दिए थे।

राहुल गांधी ने कहा था- मेरे फोन में हैं सारे सबूत

दरअसल, राहुल गांधी ने हाल ही में इंस्टाग्राम (Instagram) पर 'आस्क मी' सेशन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी को आमने-सामने बहस की चुनौती दी थी। उन्होंने कहा था कि वह प्रधानमंत्री के साथ अलग-अलग मुद्दों पर भाषणों के जरिए नहीं, बल्कि आमने-सामने बैठकर चर्चा और बहस करना चाहते हैं।

राहुल गांधी ने दावा किया था, "मैं गारंटी देता हूं कि मेरे साथ आमने-सामने की बहस के बाद मोदी प्रधानमंत्री नहीं रह पाएंगे।"

इसी बातचीत के दौरान उन्होंने अपने फोन टैप होने का आरोप भी लगाया था। राहुल ने कहा था कि सरकार पर लगाए गए उनके सभी आरोपों के सबूत उनके फोन में हैं और प्रधानमंत्री को इसकी जानकारी है, क्योंकि उनका फोन टैप किया जाता है।

‘सामने बैठकर बहस हो तो सब पता चल जाएगा’

राहुल गांधी पिछले कुछ दिनों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लगातार खुली बहस की चुनौती दे रहे हैं। उनका कहना है कि आमने-सामने की चर्चा में कई ऐसे मुद्दे सामने आ सकते हैं, जिन पर वह सरकार से जवाब चाहते हैं।

राहुल गांधी ने दावा किया था कि इस बहस से यह भी पता चल जाएगा कि कौन विदेशी ताकतों के नियंत्रण में है और कौन देशविरोधी गतिविधियों में शामिल है। उन्होंने पहले भी कहा था कि उन्हें प्रधानमंत्री को देशद्रोही साबित करने में सिर्फ पांच मिनट लगेंगे।

दिवाली पर PM मोदी ने दी थी शुभकामनाएं

सैम पित्रोदा का यह बयान इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि कुछ दिन पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके बीच दिवाली की शुभकामनाओं का आदान-प्रदान हुआ था।

प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट करते हुए सैम पित्रोदा और उनकी पत्नी अंजना बेन को दिवाली की शुभकामनाएं दी थीं।

पीएम मोदी ने लिखा था, "सैम भाई आपको और अंजना बेन को दिवाली की शुभकामनाएं और नूतन वर्ष अभिनंदन। आने वाले आनंदमय और स्वस्थ वर्ष के लिए प्रार्थना करता हूं। जय जगन्नाथ।"

इसके जवाब में पित्रोदा ने भी प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया था और उन्हें स्वस्थ वर्ष की शुभकामनाएं दी थीं।

मोदी को अपना गुजराती दोस्त बताते रहे हैं पित्रोदा

इससे पहले सैम पित्रोदा ने प्रधानमंत्री मोदी को अपना गुजराती दोस्त बताया था। उन्होंने कहा था कि एक व्यक्ति के तौर पर वह मोदी का सम्मान करते हैं और उनके प्रति उनकी कोई व्यक्तिगत शिकायत नहीं है।

पित्रोदा ने बताया था कि वह और उनकी पत्नी पहले भी प्रधानमंत्री से मिल चुके हैं। इस दौरान मोदी ने उनके साथ काफी आत्मीयता से व्यवहार किया था।

उन्होंने कहा था, "एक गुजराती नेता, दोस्त या शुभचिंतक के तौर पर मोदी के खिलाफ मुझे कोई शिकायत नहीं है। उनका व्यवहार मेरे प्रति बहुत आत्मीय रहा है और मैं इसकी कद्र करता हूं। इसी तरह, मैं गुजरात में उनके घर भी कई बार जा चुका हूं।"

राहुल के आरोप और पित्रोदा के बयान से बढ़ी चर्चा

अब सैम पित्रोदा के ताजा बयान के बाद फोन टैपिंग का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है। एक तरफ राहुल गांधी प्रधानमंत्री मोदी पर उनका फोन टैप कराने का आरोप लगा रहे हैं, तो दूसरी तरफ पित्रोदा कह रहे हैं कि प्रधानमंत्री ऐसा नहीं करते।

हालांकि, पित्रोदा ने खुद के फोन, लैपटॉप और बैंक खातों की निगरानी किए जाने का दावा भी किया है। उन्होंने यह नहीं बताया कि इसके पीछे कौन है। ऐसे में राहुल गांधी के आरोप और सैम पित्रोदा की अलग राय ने कांग्रेस के भीतर इस मुद्दे पर चर्चा को और तेज कर दिया है।

Aditya Kumar Verma
ABOUT THE AUTHOR

Aditya Kumar Verma

Content Writer Mail ID - adityakumarverma993@gmail.comadityakumarverma993@gmail.com

आदित्य कुमार वर्मा उत्तर प्रदेश के पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव प्राप्त है। उन्होंने भारतीय राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य और मानवीय सरोकारों से जुड़ी खबरों की व्यापक रिपोर्टिंग की है। उनके पास मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (MJMC) की डिग्री है और वे रिपोर्टर, एंकर तथा सब-एडिटर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। साथ ही वो उत्तर प्रदेश की राजनीति, शासन-प्रशासन और नौकरशाही व्यवस्था की गहरी समझ रखते हैं। पत्रकारिता के अलावा उन्हें पुस्तकों का अध्ययन, लेखन, कविता-लेखन और पाठ और यात्राएं करना विशेष रूप से पसंद है। विभिन्न संस्कृतियों और समाजों को करीब से जानने-समझने की उनकी रुचि ने उनके दृष्टिकोण को व्यापक बनाया है, जिसका सकारात्मक प्रभाव उनकी लेखन शैली और रिपोर्टिंग में भी देखने को मिलता है।

Next Story