2027 चुनाव से पहले संजय सिंह को सुल्तानपुर कोर्ट से बड़ी राहत, 5 साल पुराने केस में बरी

संजय सिंह को सुल्तानपुर की एमपी-एमएलए कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। पांच साल पुराने आचार संहिता और कोविड गाइडलाइन उल्लंघन केस में सबूतों के अभाव में AAP सांसद समेत 12 आरोपी बरी हो गए।

Alakha Singh
Published on: 24 Nov 2026 7:42 PM IST
2027 चुनाव से पहले संजय सिंह को सुल्तानपुर कोर्ट से बड़ी राहत, 5 साल पुराने केस में बरी
X

Sultanpur News: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सियासी सरगर्मी तेज है। इसी बीच आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह को अदालत से बड़ी राहत मिली है। सुल्तानपुर की विशेष एमपी-एमएलए कोर्ट ने पांच साल पुराने आचार संहिता और कोविड गाइडलाइन उल्लंघन के मामले में उन्हें बरी कर दिया है। कोर्ट ने सबूतों के अभाव में संजय सिंह समेत मामले के सभी 12 जीवित आरोपियों को दोषमुक्त कर दिया। सुनवाई के दौरान एक आरोपी की मौत हो चुकी थी।

मंगलवार को फैसला सुनाते वक्त सांसद संजय सिंह खुद अदालत में मौजूद रहे। करीब पांच साल तक चली सुनवाई के बाद आए इस फैसले को उन्होंने न्याय की जीत बताया। वहीं, फैसले के बाद उनके समर्थकों में खुशी का माहौल है।

बिना अनुमति जनसभा करने का था आरोप

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पूरा मामला 13 अप्रैल 2021 का है, जब उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव चल रहे थे। आरोप था कि संजय सिंह और उनके साथियों ने सुल्तानपुर के हसनपुर गांव में बिना प्रशासनिक अनुमति के जनसभा की थी। यह सभा आम आदमी पार्टी की जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी सलमा बेगम के समर्थन में आयोजित की गई थी।

इस मामले में बंधुआ कला थाने के तत्कालीन प्रभारी प्रवीण कुमार यादव की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया था। संजय सिंह समेत 12 लोगों पर आदर्श आचार संहिता और कोविड गाइडलाइन के उल्लंघन का आरोप लगाया गया था।

पुलिस की विवेचना और सबूतों पर नहीं टिक सका केस

मामले की सुनवाई विशेष एमपी-एमएलए मजिस्ट्रेट शुभम वर्मा की अदालत में हुई। संजय सिंह के अधिवक्ता रुद्र प्रताप सिंह के मुताबिक, अभियोजन पक्ष आरोपों को साबित करने के लिए पर्याप्त साक्ष्य पेश नहीं कर सका। पुलिस विवेचना में कमियों और सबूतों के अभाव के चलते अदालत ने सभी जीवित आरोपियों को बरी कर दिया।

संजय सिंह के अलावा मकसूद, सिकंदर, शहबान, इन्द्रीश, अजय गौड़, धर्मराज, जगदीश प्रसाद, सुकई, जलील, जीसान, मोहम्मद सलाम और सलीम को भी इस मामले में राहत मिली। हालांकि, मुकदमे की सुनवाई के दौरान एक आरोपी की मृत्यु हो गई थी।

संजय सिंह ने इस मुकदमे को राजनीतिक साजिश के तहत दर्ज कराया गया मामला बताया और अदालत के फैसले को न्याय की जीत करार दिया।

एक दिन पहले BJP पर बरसे थे संजय सिंह

अदालत से राहत मिलने से ठीक एक दिन पहले संजय सिंह पीलीभीत में आम आदमी पार्टी की सत्ता परिवर्तन जनाक्रोश रैली में भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोल चुके थे। पीलीभीत हाईवे पर रिछोला किफायतुल्लाह गांव के पास आयोजित रैली में उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा देश में नफरत की राजनीति को बढ़ावा दे रही है।

उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके पास बुलडोजर और नफरत के अलावा जनता को देने के लिए कुछ नहीं है। संजय सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे बुनियादी मुद्दों से जनता का ध्यान भटका रही है।

AAP सांसद ने युवाओं के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा। उनका कहना था कि नौजवानों को रोजगार और बेहतर शिक्षा देने के बजाय उन्हें गुमराह किया जा रहा है।

2027 से पहले AAP को मिली सियासी राहत

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले संजय सिंह को पांच साल पुराने मुकदमे में मिली यह राहत आम आदमी पार्टी के लिए अहम है। एक तरफ पार्टी सत्ता परिवर्तन और जनाक्रोश रैलियों के जरिए भाजपा को घेरने में जुटी है, तो दूसरी तरफ संजय सिंह लगातार सरकार पर हमलावर हैं। ऐसे में अदालत का यह फैसला उनके राजनीतिक अभियान को नया आत्मविश्वास दे सकता है।

Alakha Singh
ABOUT THE AUTHOR

Alakha Singh

alakhsingh2025@hotmail.com

Alakha Singh is a Senior journalist with having more than one decade of experience in digital media. Alakha Singh has covered Loksabha Elections 2014 and 2019 closely with the several state assembly elections. He has expertise in SEO oriented content writing on various topics and issues. At HT Digital Alakha Singh has been recognised as one of the top performer of the team for many years continuously. At Livehindustan Alakha has worked on National, States and Utility beats (Career Beat in last 4 years mainly), Earlier he worked with HT Digital for more than 8 years and 2.5 years with Amar Ujala web. In initial days of his career Alakha Singh also worked as a reporter (stringer) with NBT Gurgaon. He pursued P.G. Diploma in Journalism from South Campus, University of Delhi in 2013 and MAMC from Kurukshetra University in 2014. He Belongs to District Banda of Uttar Pradesh.

Next Story