सुबह-सुबह 20 गाड़ियों के काफिले के साथ पहुंची ED, पंजाब में मंत्री संजीव अरोड़ा के घर ताबड़तोड़ रेड

Sanjeev Arora ED Raid: पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के चंडीगढ़ स्थित घर पर ED की छापेमारी से सियासत गरमा गई। AAP सांसद संजय सिंह और मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बीजेपी पर बड़ा हमला बोला।

Aditya Kumar Verma
Published on: 9 May 2026 9:34 AM IST
Sanjeev Arora ED Raid
X

Image Source- AI

Sanjeev Arora ED Raid: पंजाब की राजनीति में शुक्रवार सुबह उस समय हलचल मच गई जब प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी की टीम अचानक कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के घर पहुंच गई। ईडी ने चंडीगढ़ स्थित सेक्टर-2 आवास पर छापेमारी की कार्रवाई शुरू की। जानकारी के मुताबिक सुबह करीब 7 बजकर 25 मिनट पर रेड शुरू हुई।

बताया जा रहा है कि ईडी की टीम करीब 20 गाड़ियों के काफिले के साथ पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए और मौके पर करीब तीन दर्जन सीआईए और एसएफ के जवान तैनात किए गए। अचानक हुई इस कार्रवाई के बाद पंजाब की राजनीति में चर्चा तेज हो गई।

ईडी की कार्रवाई पर आम आदमी पार्टी का हमला

ईडी की रेड के बाद आम आदमी पार्टी ने केंद्र सरकार और बीजेपी पर सीधा हमला बोला। आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने ईडी की कार्रवाई को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी।

संजय सिंह ने कहा कि बीजेपी का “सुपारी किलर ईडी” एक बार फिर पंजाब पहुंच गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के घर छापेमारी शुरू कर दी गई है।

उन्होंने कहा कि दो-तीन दिन तक तमाशा चलेगा, फर्जी खबरें चलाई जाएंगी और फिर ईडी वापस चली जाएगी। इसके बाद उन्हें उनके मालिक की तरफ से नया टास्क दे दिया जाएगा।

“पंजाब सरकार को बदनाम करने की कोशिश”

वहीं संजय सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए बीजेपी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पंजाब की भगवंत मान सरकार को बदनाम करने और पंजाब की जनता का काम रोकने के लिए लगातार नए-नए हथकंडे अपनाए जा रहे हैं।

ईडी की इस कार्रवाई को लेकर आम आदमी पार्टी लगातार इसे राजनीतिक कार्रवाई बता रही है। पार्टी नेताओं का कहना है कि विपक्षी दलों के नेताओं को निशाना बनाने के लिए जांच एजेंसियों का इस्तेमाल किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी बीजेपी पर साधा निशाना

ईडी की कार्रवाई के बीच पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि आज फिर बीजेपी की ईडी संजीव अरोड़ा के घर पहुंची है।

भगवंत मान ने दावा किया कि पिछले एक साल में यह तीसरी बार है जब ईडी संजीव अरोड़ा के घर पहुंची है। उन्होंने यह भी कहा कि एक महीने के भीतर दूसरी बार यह कार्रवाई की गई है, लेकिन अब तक ईडी को कुछ नहीं मिला।

मुख्यमंत्री ने अपने बयान में कहा कि पंजाब गुरुओं की धरती है और यहां की जनता दबाव में झुकने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि औरंगज़ेब भी पंजाब को झुका नहीं पाया था। यह भगत सिंह की धरती है, जिन्होंने अंग्रेजों के सामने भी कभी सिर नहीं झुकाया।

“पंजाब मोदी की चालों के आगे नहीं झुकेगा”

भगवंत मान ने अपने बयान में कहा कि पंजाब कभी भी मोदी सरकार की चालों के आगे नहीं झुकेगा। उन्होंने ईडी और बीजेपी के बीच “अनैतिक गठबंधन” होने का आरोप लगाया और कहा कि पंजाब की जनता इस गठबंधन को खत्म कर देगी।

ईडी की छापेमारी के बीच अब पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान सुबह 10 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करने वाले हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि इस पूरे मामले को लेकर पंजाब सरकार अपनी तरफ से बड़ा जवाब दे सकती है।

फिलहाल ईडी की कार्रवाई को लेकर पंजाब में राजनीतिक माहौल पूरी तरह गर्म हो गया है और इस मुद्दे पर आम आदमी पार्टी और बीजेपी के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।

Aditya Kumar Verma

Aditya Kumar Verma

Mail ID - adityakumarverma993@gmail.com

आदित्य कुमार वर्मा न्यूजट्रैक में कंटेंट राइटर हैं। ये लगभग आठ वर्ष से पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़े हुए हैं और विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं।

Next Story