'पंजाब चुनाव की वजह...', अपनी गिरफ्तारी पर मुस्कुराते हुए बोले सत्येंद्र जैन, केजरीवाल का बड़ा दावा

Satyendar Jain Arrest: सत्येंद्र जैन ने गिरफ्तारी के बाद मुस्कुराते हुए कहा कि यह सब पंजाब चुनाव की वजह से किया जा रहा है। वहीं अरविंद केजरीवाल ने अमित शाह पर बड़ा दावा किया।

Aditya Kumar Verma
Published on: 19 Aug 2026 2:32 PM IST
Satyendar Jain Arrest
X

Image Source- Social Media

Satyendar Jain Arrest: दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच घमासान तेज हो गया है। आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) अपने करीबी नेता सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी के बाद केंद्र सरकार पर लगातार हमला बोल रहे हैं। अब उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) का नाम लेकर बड़ा दावा किया है।

अरविंद केजरीवाल ने एक एसीबी अधिकारी (ACB Officer) से बातचीत का हवाला देते हुए दावा किया कि अमित शाह का फोन आने के बाद सत्येंद्र जैन को गिरफ्तार किया गया, जबकि सुबह तक एजेंसी के पास उनकी गिरफ्तारी की कोई योजना नहीं थी। वहीं, गिरफ्तारी के बाद सत्येंद्र जैन ने भी पहली प्रतिक्रिया दी है। अदालत में पेशी के दौरान मुस्कुराते हुए उन्होंने कहा कि यह सब पंजाब चुनाव (Punjab Election) की वजह से किया जा रहा है। उन्होंने इस मामले को राजनीतिक मामला (Political Case) भी बताया।

दिल्ली जल बोर्ड टेंडर मामले में 6 गिरफ्तार

यह पूरा मामला दिल्ली जल बोर्ड (Delhi Jal Board) के सीवरेज वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट यानी एसटीपी (STP) को अपग्रेड करने से जुड़े टेंडर (Tender) में कथित हेराफेरी और रिश्वतखोरी (Bribery) के आरोपों से जुड़ा है।

एंटी करप्शन ब्यूरो यानी एसीबी (Anti Corruption Bureau) ने इस मामले में सत्येंद्र जैन समेत कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आम आदमी पार्टी पहले से ही इस मामले को फर्जी बता रही है।

अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को आरोप लगाया कि गृह मंत्री अमित शाह के कहने पर एसीबी ने सत्येंद्र जैन को गिरफ्तार किया है। उन्होंने अपने दावे के समर्थन में एसीबी के एक अधिकारी से हुई कथित बातचीत का हवाला दिया है।

केजरीवाल ने अमित शाह पर क्या दावा किया

अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर एक पोस्ट कर दावा किया कि एसीबी के एक अधिकारी ने उन्हें बताया कि सुबह तक एजेंसी के पास सत्येंद्र जैन को गिरफ्तार करने की कोई योजना नहीं थी।

केजरीवाल के मुताबिक, दोपहर में अमित शाह का सीधे फोन आया और सत्येंद्र जैन को गिरफ्तार करने के लिए कहा गया। इसके बाद ही उनकी गिरफ्तारी की गई।

केजरीवाल ने इसी दावे के आधार पर जांच एजेंसियों की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अब गिरफ्तारी इस आधार पर नहीं होती कि किसी ने कोई अपराध किया है या नहीं, बल्कि इस आधार पर होती है कि वे किसे गिरफ्तार करना चाहते हैं।

‘अमित शाह बताएं जैन को क्यों गिरफ्तार करवाया’

अरविंद केजरीवाल ने एक अन्य पोस्ट में अमित शाह से सीधे सवाल किया। उन्होंने पूछा कि अमित शाह बताएं कि उन्होंने जांच एजेंसी पर दबाव डालकर सत्येंद्र जैन को क्यों गिरफ्तार करवाया।

आप प्रमुख ने एक बार फिर इस मामले को फर्जी बताया। उन्होंने कहा कि यह मामला भी सत्येंद्र जैन के खिलाफ पिछले मामले की तरह मनगढ़ंत है। केजरीवाल ने दावा किया कि आखिर में यह मामला भी झूठा साबित होगा।

इस तरह सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी के बाद आप ने सीधे केंद्र सरकार और गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए इसे राजनीतिक कार्रवाई बताया है।

मुस्कुराते हुए कोर्ट पहुंचे सत्येंद्र जैन

सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी के बाद उनकी पहली प्रतिक्रिया भी सामने आई है। मनी लॉन्ड्रिंग (Money Laundering) से जुड़े एक मामले में पहले ही करीब ढाई साल जेल में बिता चुके सत्येंद्र जैन को बुधवार को अदालत में पेश किया गया।

अदालत में पेशी के दौरान सत्येंद्र जैन के चेहरे पर मुस्कान नजर आई। कोर्ट रूम के बाहर जब उनसे गिरफ्तारी को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि पंजाब चुनाव की वजह से यह सब किया जा रहा है। सत्येंद्र जैन ने इस मामले को राजनीतिक केस (Political Case) भी बताया है।

ACB ने कोर्ट से मांगी 14 दिन की रिमांड

एसटीपी टेंडर में कथित भ्रष्टाचार (Corruption) के मामले में एसीबी ने सत्येंद्र जैन और अन्य आरोपियों को राउज एवेन्यू कोर्ट (Rouse Avenue Court) में पेश किया।

एसीबी ने अदालत से सत्येंद्र जैन समेत आरोपियों की 14 दिन की न्यायिक हिरासत (Judicial Custody) की मांग की है। अब मामले में अदालत की प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई होगी।

सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी के बाद एक तरफ आम आदमी पार्टी इसे राजनीतिक कार्रवाई और फर्जी मामला बता रही है, वहीं दूसरी तरफ एसीबी ने दिल्ली जल बोर्ड के एसटीपी टेंडर से जुड़े कथित भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के मामले में कार्रवाई की है। इस गिरफ्तारी के बाद आप और बीजेपी के बीच सियासी टकराव और तेज हो गया है।

Aditya Kumar Verma
ABOUT THE AUTHOR

Aditya Kumar Verma

Content Writer Mail ID - adityakumarverma993@gmail.comadityakumarverma993@gmail.com

आदित्य कुमार वर्मा उत्तर प्रदेश के पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव प्राप्त है। उन्होंने भारतीय राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य और मानवीय सरोकारों से जुड़ी खबरों की व्यापक रिपोर्टिंग की है। उनके पास मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (MJMC) की डिग्री है और वे रिपोर्टर, एंकर तथा सब-एडिटर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। साथ ही वो उत्तर प्रदेश की राजनीति, शासन-प्रशासन और नौकरशाही व्यवस्था की गहरी समझ रखते हैं। पत्रकारिता के अलावा उन्हें पुस्तकों का अध्ययन, लेखन, कविता-लेखन और पाठ और यात्राएं करना विशेष रूप से पसंद है। विभिन्न संस्कृतियों और समाजों को करीब से जानने-समझने की उनकी रुचि ने उनके दृष्टिकोण को व्यापक बनाया है, जिसका सकारात्मक प्रभाव उनकी लेखन शैली और रिपोर्टिंग में भी देखने को मिलता है।

Next Story