TRENDING TAGS :
लंदन जाने से क्यों रोके गए सौरव दास? CJP नेता को शो-कॉज नोटिस थमाकर विदेश मंत्रालय ने बता दी पूरी कहानी
सौरव दास ने आरोप लगाया था कि उन्हें ऑक्सफोर्ड यूनियन में लेक्चर देने के लिए लंदन जाने से रोका गया।
CJP: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सह-संयोजक सौरव दास को लंदन जाने से रोके जाने का मामला अब तूल पकड़ रहा है। सौरव दास ने आरोप लगाया था कि सरकार ने उन्हें ऑक्सफोर्ड यूनियन में लेक्चर देने के लिए ब्रिटेन जाने से रोक दिया। अब विदेश मंत्रालय ने इस मामले पर सफाई दी है। मंत्रालय के मुताबिक, उनके पासपोर्ट में जन्मस्थान से जुड़ी कथित गड़बड़ी को लेकर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। साथ ही उन्हें सात दिनों तक पासपोर्ट का इस्तेमाल न करने की सलाह दी गई है।
जन्मस्थान की जानकारी को लेकर मांगा गया जवाब
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बुधवार को प्रेस ब्रीफिंग में बताया कि चेन्नई के क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय (RPO) ने 23 नवंबर को सौरव दास को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। इसमें उनसे जन्मस्थान से जुड़ी जानकारी में कथित विसंगति पर सात दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
जायसवाल ने कहा कि पासपोर्ट आवेदन के दौरान आवेदक को सही जानकारी देना जरूरी होता है। अगर किसी भी स्तर पर अधिकारियों को दी गई जानकारी में गड़बड़ी या तथ्यों को छिपाने का मामला सामने आता है, तो आवेदक को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाता है, ताकि वह अपना पक्ष रख सके।
सौरव दास ने सरकार पर लगाए थे आरोप
दरअसल, सौरव दास ने सोमवार को दावा किया था कि उन्हें लंदन जाने से रोक दिया गया। उन्हें ऑक्सफोर्ड यूनियन में एक लेक्चर देने के लिए ब्रिटेन जाना था। दास ने इसे परेशान करने और युवाओं को डराने की कोशिश बताया था।
उन्होंने आरोप लगाया था कि केंद्र की बीजेपी सरकार ने उनके पासपोर्ट में कथित गड़बड़ी का हवाला देते हुए कारण बताओ नोटिस भेजा, ताकि उनकी लंदन यात्रा रोकी जा सके।
सात दिन तक पासपोर्ट इस्तेमाल न करने की सलाह
विदेश मंत्रालय के मुताबिक, सौरव दास को पासपोर्ट से जुड़ी कथित विसंगति पर अपना जवाब देने के लिए सात दिन का समय दिया गया है। इस दौरान उन्हें पासपोर्ट का इस्तेमाल न करने की सलाह भी दी गई है।
फिलहाल, इस मामले में विदेश मंत्रालय ने पासपोर्ट आवेदन में जानकारी की कथित गड़बड़ी को नोटिस जारी करने की वजह बताया है, जबकि सौरव दास इसे अपनी विदेश यात्रा रोकने और उन्हें निशाना बनाने की कार्रवाई बता रहे हैं।


