TRENDING TAGS :
बाला साहेब ठाकरे की तस्वीर शिवसेना ने ही फाड़ डाली! जानिए शाइना एनसी ने सफाई में क्या कुछ कहा | VIDEO
सोनिया गांधी की किताब के विरोध में मुंबई में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शाइना एनसी का एक वीडियो वायरल हो रहा है।
Shaina NC Viral Video: मुंबई में शिवसेना (शिंदे गुट) की प्रेस कॉन्फ्रेंस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल। सोनिया गांधी की किताब में सावरकर को लेकर लिखी बातों के विरोध में फाड़ रहीं थीं तस्वीरें, शाइना एनसी ने आरोपों को बताया गलत और दी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी। महाराष्ट्र की राजनीति में इन दिनों एक नया विवाद चर्चा में है। इस बार मामला शिवसेना (शिंदे गुट) की प्रवक्ता शाइना एनसी से जुड़ा है। मुंबई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सोनिया गांधी की किताब का विरोध करते हुए शाइना एनसी के हाथों कथित तौर पर ऐसी चूक हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
आरोप है कि विरोध प्रदर्शन के दौरान वह गलती से हिंदू हृदय सम्राट बाला साहेब ठाकरे की तस्वीर ही फाड़ने लगीं। हालांकि, पास में बैठे शिवसेना नेता संजय निरुपम ने तुरंत उन्हें टोका। इसके बाद शाइना एनसी ने तस्वीर फाड़ना रोक दिया और उसे नीचे रख दिया। इस घटना के सामने आने के बाद महाराष्ट्र के राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।
सोनिया गांधी की किताब के विरोध में हो रही थी प्रेस कॉन्फ्रेंस
दरअसल, पूरा विवाद कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की किताब 'Belonging: A Journey of Love' को लेकर शुरू हुआ है। एकनाथ शिंदे की शिवसेना के नेताओं ने इस किताब में स्वतंत्रता सेनानी विनायक दामोदर सावरकर को लेकर की गई टिप्पणियों पर आपत्ति जताई है। पार्टी नेताओं का आरोप है कि किताब के पेज नंबर 201 और 443 पर सावरकर के ब्रिटिश सरकार को माफी के लिए पत्र लिखने का जिक्र किया गया है। शिवसेना नेताओं का कहना है कि सावरकर को लेकर इस तरह की बातें स्वीकार नहीं की जा सकतीं।
इसी मुद्दे पर शिंदे गुट के छह प्रवक्ताओं ने मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। इस दौरान नेताओं ने सोनिया गांधी की किताब की प्रतियां और कुछ तस्वीरें पत्रकारों के सामने फाड़कर अपना विरोध जताया। साथ ही उन्होंने उद्धव ठाकरे से भी इस मामले में अपना रुख साफ करने की मांग की।
जिस तस्वीर को फाड़ने लगीं, उसमें थे बाला साहेब और मणिशंकर अय्यर
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शाइना एनसी के हाथ में जो तस्वीर थी, उसमें बाला साहेब ठाकरे और कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर नजर आ रहे थे। बताया गया कि यह तस्वीर साल 2004 की उस घटना से जुड़ी थी, जब सावरकर के मुद्दे पर बाला साहेब ठाकरे ने मणिशंकर अय्यर के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया था। इसी तस्वीर को प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिखाया गया था।
आरोप है कि सोनिया गांधी की किताब और तस्वीरों का विरोध करते हुए शाइना एनसी ने इसी तस्वीर को फाड़ना शुरू कर दिया। तभी संजय निरुपम ने उनका ध्यान तस्वीर की ओर दिलाया। गलती का एहसास होने पर शाइना ने तुरंत हाथ रोक लिया। पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड हो गई और वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर बहस शुरू हो गई।
शाइना एनसी ने दी सफाई, बोलीं- दिखाइए कहां फाड़ी तस्वीर
वीडियो वायरल होने और विवाद बढ़ने के बाद शाइना एनसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी सफाई दी। उन्होंने बाला साहेब ठाकरे की तस्वीर फाड़ने या उनका अपमान करने के आरोपों को खारिज किया। शाइना ने कहा कि कोई उन्हें दिखाए कि उन्होंने बाला साहेब ठाकरे की तस्वीर कहां फाड़ी या उनका अनादर कहां किया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस घटना को जानबूझकर गलत तरीके से पेश किया जा रहा है और उनके खिलाफ झूठा नैरेटिव बनाया जा रहा है।
शाइना एनसी ने यह भी चेतावनी दी कि उनके खिलाफ मानहानिकारक दावे फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने साफ कहा कि वह मणिशंकर अय्यर की तस्वीर को हजार बार फाड़ेंगी और यही उन्हें बाला साहेब ठाकरे ने सिखाया है।
वायरल वीडियो के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में नई बहस
इस पूरे मामले में एक तरफ सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं, तो दूसरी तरफ शाइना एनसी आरोपों को गलत बताते हुए अपनी सफाई दे रही हैं। जिस प्रेस कॉन्फ्रेंस का मकसद सोनिया गांधी की किताब में सावरकर को लेकर की गई टिप्पणियों का विरोध करना था, वही अब बाला साहेब ठाकरे की तस्वीर को लेकर विवाद में घिर गई है। फिलहाल यह घटना महाराष्ट्र की सियासत में चर्चा का विषय बनी हुई है।


