TRENDING TAGS :
शरद पवार की बिगड़ी तबीयत! आनन-फानन में लाए गए अस्पताल, बेटी सुप्रिया सुले ने बताया कैसा है हाल?
NCP (SP) प्रमुख शरद पवार को सीने में दर्द और खांसी की शिकायत के बाद पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया।
Sharad Pawar Health Update: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार की तबीयत बिगड़ने के बाद सोमवार को उन्हें पुणे के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। 85 साल के शरद पवार को खांसी और सांस लेने के दौरान सीने में दर्द की शिकायत हुई थी। इसके बाद उन्हें पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक ले जाया गया।
उनकी बेटी और बारामती से सांसद सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर पिता की सेहत की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि खांसी की शिकायत के बाद शरद पवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहां डॉक्टरों की टीम उनकी जांच कर रही है और फिलहाल उनके सभी स्वास्थ्य मानक स्थिर हैं। सुप्रिया सुले ने लोगों की चिंता और शुभकामनाओं के लिए आभार भी जताया।
डॉक्टरों ने एहतियात के तौर पर निगरानी में रखा
रूबी हॉल क्लिनिक के मुख्य हृदय रोग विशेषज्ञ और चेयरमैन डॉ. पुरवेज के. ग्रांट ने बताया कि फिलहाल चिंता की कोई तत्काल वजह नहीं है। उन्हें उम्मीद है कि शरद पवार की परेशानी जल्द ठीक हो जाएगी। हालांकि, एहतियात के तौर पर डॉक्टरों ने उन्हें निगरानी में रखने का फैसला किया है। अस्पताल में उनकी जरूरी मेडिकल जांच की जा रही है और डॉक्टर उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
सांस लेने और खांसने पर बढ़ रहा था दर्द
जानकारी के मुताबिक, शरद पवार को जिस तरह का दर्द हुआ, उसे मेडिकल भाषा में 'प्लूरिटिक पेन' कहा जाता है। इस तरह का दर्द आमतौर पर गहरी सांस लेने, खांसने या छींकने के दौरान बढ़ सकता है। फिलहाल डॉक्टर उनकी जांच कर रहे हैं और आगे की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर इलाज को लेकर फैसला लिया जाएगा। परिवार की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, शरद पवार के स्वास्थ्य से जुड़े सभी मानक अभी स्थिर हैं।


