शरद पवार की पार्टी ने दिया BJP का साथ तो भड़की कांग्रेस! याद दिलाया राज्यसभा वाला एहसान

Sharad Pawar: परिसीमन विधेयक पर शरद पवार की NCP-SP ने समर्थन का ऐलान किया है, जिससे कांग्रेस नाराज है। महाराष्ट्र कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव में शरद पवार की उम्मीदवारी के लिए छोड़ी गई सीट का जिक्र कर सहयोगी दल पर सवाल उठाए हैं।

Shalni Kumari
Published on: 28 Nov 2026 11:22 AM IST
NCP SP
X

Sharad Pawar

Sharad Pawar: महाराष्ट्र में महा विकास अघाड़ी (MVA) की एकजुटता पर एक बार फिर सवाल खड़े होने लगे हैं। केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन विधेयक ने विपक्षी गठबंधन के भीतर नई दरार पैदा कर दी है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ने परिसीमन प्रक्रिया का समर्थन करने का फैसला किया है, जबकि कांग्रेस इस रुख से नाराज है। मामला इतना बढ़ गया कि महाराष्ट्र कांग्रेस ने सार्वजनिक रूप से शरद पवार की पार्टी को राज्यसभा चुनाव के दौरान किए गए सहयोग की याद दिला दी। कांग्रेस का कहना है कि जिस पार्टी के लिए उसने अपनी राज्यसभा सीट पर दावा छोड़ दिया था, वही अब भाजपा सरकार के प्रस्ताव का समर्थन कर रही है।

कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर एनसीपी (एसपी) के फैसले पर सवाल उठाए। पार्टी ने मार्च 2026 में महाराष्ट्र की सात राज्यसभा सीटों के लिए हुए चुनाव की परिस्थितियों का जिक्र किया। कांग्रेस के मुताबिक, उस समय शरद पवार की पार्टी के पास विधानसभा में महज 10 विधायक थे, जबकि राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए 36 वोटों की जरूरत थी।

कांग्रेस के पास 16 और उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना के पास 20 विधायक थे। कांग्रेस का दावा है कि सुप्रिया सुले ने अपने पिता शरद पवार की उम्मीदवारी के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से समर्थन मांगा था। इसके बाद राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे ने बिना किसी हिचकिचाहट के शरद पवार को समर्थन देने पर सहमति जताई थी।

कांग्रेस ने आगे बताया कि उसने राज्यसभा सीट पर अपना दावा छोड़ दिया था। शिवसेना (यूबीटी) ने भी शरद पवार की उम्मीदवारी का समर्थन किया और महा विकास अघाड़ी ने सर्वसम्मति से उनके नाम पर सहमति बनाई। अब कांग्रेस इसी घटनाक्रम को याद दिलाते हुए सवाल उठा रही है कि जिस गठबंधन ने शरद पवार के लिए एकजुट होकर रास्ता बनाया, उसकी सहयोगी पार्टी अब भाजपा सरकार के प्रस्तावित विधेयक के समर्थन में कैसे खड़ी हो गई?

जितेंद्र आव्हाड के बयान से शुरू हुआ विवाद

एनसीपी (एसपी) के परिसीमन समर्थन के फैसले की जानकारी पार्टी नेता जितेंद्र आव्हाड ने शुक्रवार को दी। उन्होंने बताया कि शरद पवार के साथ चर्चा के बाद पार्टी ने प्रस्तावित परिसीमन प्रक्रिया का समर्थन करने का निर्णय लिया है।

आव्हाड के अनुसार, परिसीमन एक संवैधानिक आवश्यकता है और पार्टी इसी आधार पर इसका समर्थन कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस फैसले के पीछे पार्टी की राजनीतिक स्थिति नहीं, बल्कि परिसीमन का संवैधानिक पहलू है। हालांकि, उनके इस बयान के बाद महाराष्ट्र में कांग्रेस और एनसीपी (एसपी) के बीच मतभेद खुलकर सामने आ गए हैं।

सुप्रिया सुले के बयान से पहले ही मिले थे संकेत

एनसीपी (एसपी) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने भी कुछ दिन पहले परिसीमन विधेयक को लेकर ऐसा बयान दिया था, जिससे पार्टी के रुख में नरमी के संकेत मिले थे। 26 नवंबर को उन्होंने कहा था कि विधेयक के प्रावधानों को समझे बिना उसका विरोध करना जल्दबाजी होगी।

सुप्रिया सुले का तर्क था कि किसी कानून का विरोध केवल इस आधार पर नहीं होना चाहिए कि उसे मौजूदा सरकार लेकर आई है। पहले उसके प्रावधानों का अध्ययन करना चाहिए और फिर देश के हित में जरूरी सुझाव देने चाहिए। अब जितेंद्र आव्हाड के समर्थन वाले बयान के बाद यह साफ हो गया है कि पार्टी परिसीमन के मुद्दे पर कांग्रेस से अलग रुख अपना रही है।

543 से 850 सीटें करने का प्रस्ताव

केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन विधेयक में लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव शामिल है। इसके तहत राज्यों के लिए 815 और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए 35 सीटें निर्धारित करने की बात कही गई है।

इस प्रस्ताव को लेकर कांग्रेस विपक्षी दलों को एकजुट करने की कोशिश में जुटी है। ऐसे समय में एनसीपी (एसपी) का अलग रुख INDIA गठबंधन के लिए मुश्किलें बढ़ा सकता है। महाराष्ट्र में कांग्रेस की नाराजगी से यह भी स्पष्ट हो गया है कि परिसीमन का मुद्दा अब केवल केंद्र सरकार और विपक्ष के बीच टकराव तक सीमित नहीं रहा, बल्कि विपक्षी गठबंधन के सहयोगी दलों के बीच भी मतभेद की वजह बन गया है।

Shalni Kumari
ABOUT THE AUTHOR

Shalni Kumari

Mail ID - skumari4bih@gmail.comskumari4bih@gmail.com
Next Story