TRENDING TAGS :
BJP के संपर्क में सांसद, पार्टी टूट जाएगी! कांग्रेस का बड़ा दावा- परिसीमन बिल पर शरद पवार ने बताई सच्चाई
सूत्रों के मुताबिक, शरद पवार ने कांग्रेस को संदेश दिया है कि पार्टी बचाने के लिए उन्हें बिल का समर्थन करना पड़ रहा है।
Delimitation Bill: परिसीमन विधेयक को लेकर विपक्षी INDIA गठबंधन में खींचतान बढ़ती दिख रही है। एनसीपी (शरद पवार) ने बिल का समर्थन करने का ऐलान कर दिया है। पार्टी के इस फैसले ने कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ा दी हैं, क्योंकि वह लगातार इस विधेयक का विरोध कर रही है और विपक्षी दलों को एकजुट करने की कोशिश में जुटी है। इस बीच शनिवार को होने वाली INDIA गठबंधन की बैठक में सुप्रिया सुले के शामिल नहीं होने की खबर भी सामने आई है।
कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, सुप्रिया सुले अपने पिता शरद पवार की बिगड़ी तबीयत के चलते बैठक में शामिल नहीं होंगी। हालांकि, एनसीपी (शरद पवार) ने भरोसा दिया है कि वह बैठक में अपनी पार्टी का प्रतिनिधि भेजेगी। इस बीच सूत्रों का दावा है कि शरद पवार ने कांग्रेस आलाकमान को संदेश दिया है कि उनकी पार्टी के सांसदों की बीजेपी के साथ बातचीत हो चुकी है और वे परिसीमन बिल के समर्थन में खड़े हैं। पवार की ओर से कांग्रेस को बताया गया है कि ऐसी स्थिति में पार्टी को बचाने के लिए उन्हें इस बिल का समर्थन करना पड़ रहा है।
शरद पवार के संदेश के बाद कांग्रेस को सुप्रिया सुले का इंतजार
एनसीपी (शरद पवार) के समर्थन के संकेतों के बावजूद कांग्रेस ने अभी उम्मीद नहीं छोड़ी है। कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि पार्टी आखिरी पल तक इंतजार करेगी और खुद सुप्रिया सुले से इस मामले पर बात करना चाहेगी। सूत्रों के मुताबिक, सुप्रिया सुले पहले कांग्रेस नेताओं से लगातार बातचीत करती रही हैं, इसलिए पार्टी चाहती है कि वह खुद सामने आकर अपना रुख स्पष्ट करें।
कांग्रेस सूत्रों ने कहा कि अगर एनसीपी (शरद पवार) आखिरकार परिसीमन बिल के पक्ष में वोट करती है तो कांग्रेस उसे INDIA गठबंधन से बाहर का गुट मानेगी। हालांकि, पार्टी को अब भी उम्मीद है कि सुप्रिया सुले स्थिति साफ करेंगी। कांग्रेस का कहना है कि वह आखिरी वक्त तक उनके जवाब का इंतजार करेगी।
परिसीमन पर कांग्रेस की तीन मांगें
एक तरफ एनसीपी (शरद पवार) ने बिल के समर्थन का ऐलान किया है, तो दूसरी तरफ कांग्रेस अपनी मांगों पर अड़ी हुई है। पार्टी चाहती है कि लोकसभा की मौजूदा कुल सीटों की संख्या बरकरार रखी जाए। इसके साथ ही लोकसभा में सीटों का मौजूदा राज्यवार बंटवारा अगले 25 साल तक जारी रहे।
कांग्रेस की तीसरी मांग है कि महिला आरक्षण को लोकसभा की मौजूदा सीटों की संख्या के आधार पर ही लागू किया जाए। पार्टी का कहना है कि महिलाओं को आरक्षण देने के लिए परिसीमन को जरूरी शर्त नहीं बनाया जाना चाहिए।
सोनिया गांधी के घर हुई बैठक में राहुल-प्रियंका समेत बड़े नेता शामिल
परिसीमन बिल को लेकर कांग्रेस की रणनीति पर शुक्रवार को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने बैठक की। यह बैठक कांग्रेस पार्लियामेंट्री पार्टी (CPP) की चेयरपर्सन सोनिया गांधी के 10 जनपथ स्थित आवास पर हुई। इसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, AICC महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल और जयराम रमेश शामिल हुए।
बैठक में लोकसभा में कांग्रेस के डिप्टी लीडर गौरव गोगोई समेत पार्टी के कई अन्य नेता भी मौजूद रहे। इस दौरान परिसीमन विधेयक के खिलाफ आगे की रणनीति और विपक्षी दलों को एक मंच पर लाने की कोशिशों पर चर्चा हुई।
राहुल गांधी बोले- बिल को नाकाम करने के लिए पूरी ताकत से लड़ेंगे
कांग्रेस ने शुक्रवार को साफ संकेत दिया कि वह संसद में परिसीमन बिल का विरोध जारी रखेगी। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में राहुल गांधी ने कहा कि पार्टी इस विधेयक को नाकाम करने के लिए पूरी ताकत से लड़ेगी, जैसा उसने पिछली बार किया था।
सूत्रों ने बताया कि राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस हर विपक्षी पार्टी को अपने साथ लाने की पूरी कोशिश करेगी। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि बहुत सी बातें दूसरी पार्टियों के रुख पर निर्भर करेंगी। इसमें डीएमके, एनसीपी (शरद पवार) और कुछ अन्य दलों की भूमिका भी अहम होगी।
यानी कांग्रेस इस मुद्दे पर विपक्षी दलों को एकजुट करने की कोशिश कर रही है, लेकिन एनसीपी (शरद पवार) के समर्थन के ऐलान ने उसकी रणनीति के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है।
गौरव गोगोई का आरोप- महिला आरक्षण की आड़ में परिसीमन करना चाहती है सरकार
बैठक के बाद कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं के आरक्षण के नाम पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह परिसीमन करना चाहते हैं।
गोगोई ने कहा, 'महिलाओं के कोटे की आड़ में, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह डिलिमिटेशन करना चाहते हैं. पहले SIR के जरिए, वे चुनते थे कि कौन वोट देगा या नहीं, और अब परिसीमन के जरिए वे यह पता लगाएंगे कि आप कहां वोट दे सकते हैं और कहां नहीं।'
सरकार ने बिल में जोड़ा 50 फीसदी सीटें बढ़ाने का प्रावधान
दरअसल, सरकार ने सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या में एक समान 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी का प्रावधान जोड़ने के लिए संविधान संशोधन बिल में बदलाव किया है। इस बदलाव के बाद भी कांग्रेस की मुख्य चिंता संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों के नए सिरे से पुनर्गठन को लेकर बनी हुई है।
कांग्रेस मौजूदा लोकसभा सीटों की संख्या और राज्यवार बंटवारे को बरकरार रखने की मांग कर रही है। पार्टी का कहना है कि महिला आरक्षण को लागू करने के लिए परिसीमन को अनिवार्य नहीं बनाया जाना चाहिए।


