PM मोदी से हाथ मिलाएंगे शरद पवार? करीबी ने किया ऐसा दावा कि महाराष्ट्र में फिर उठा सियासी उबाल

महाराष्ट्र के मंत्री छगन भुजबल ने कहा है कि उन्हें निजी तौर पर नहीं लगता कि शरद पवार NDA में शामिल होंगे, लेकिन वह किसी खास मुद्दे पर सरकार का समर्थन कर सकते हैं।

Sachin Singh
Published on: 24 Nov 2026 9:23 PM IST
PM मोदी से हाथ मिलाएंगे शरद पवार? करीबी ने किया ऐसा दावा कि महाराष्ट्र में फिर उठा सियासी उबाल
X

Maharashtra: महाराष्ट्र की राजनीति में शरद पवार को लेकर एक बार फिर चर्चाओं का बाजार गर्म है। कभी NCP के दोनों गुटों के एक होने की अटकलें लगती हैं, तो कभी उनके NDA में शामिल होने की खबरें सामने आती हैं। यहां तक चर्चा है कि अगर शरद पवार NDA के करीब आते हैं, तो उनकी बेटी सुप्रिया सुले को केंद्र सरकार में मंत्री पद या महाराष्ट्र की राजनीति में कोई बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है।

हालांकि, इन तमाम अटकलों के बीच महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और सुनेत्रा पवार की अगुवाई वाली NCP के वरिष्ठ नेता छगन भुजबल ने एक अहम बयान दिया है। उन्होंने साफ कहा कि उन्हें निजी तौर पर नहीं लगता कि शरद पवार NDA में शामिल होंगे, लेकिन किसी खास मुद्दे पर वह केंद्र सरकार या सत्तारूढ़ गठबंधन का समर्थन कर सकते हैं।

NDA में शामिल होंगे शरद पवार?

छगन भुजबल ने मंगलवार, 24 नवंबर को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि राजनीतिक बैठकों और चर्चाओं के बाद अक्सर नए समीकरण बनने की अटकलें शुरू हो जाती हैं। लेकिन सिर्फ बैठकों के आधार पर किसी राजनीतिक फैसले का अनुमान लगाना सही नहीं है।

उन्होंने कहा, 'निजी रूप से, मुझे नहीं लगता कि शरद पवार NDA में शामिल होंगे। यह मेरी अपनी राय है। हालांकि, किसी खास मुद्दे पर, अगर उन्हें सही लगे, तो वह राजग नीत सरकारों या केंद्र सरकार का समर्थन कर सकते हैं।'

भुजबल के इस बयान से एक बात साफ होती है कि शरद पवार के NDA में शामिल होने को लेकर फिलहाल कोई पक्की बात सामने नहीं आई है। हालांकि, किसी खास मुद्दे पर सरकार के साथ आने की संभावना से उन्होंने इनकार भी नहीं किया।

परिसीमन बिल पर शरद पवार की पार्टी दे सकती है समर्थन

छगन भुजबल ने परिसीमन बिल को लेकर भी बड़ा संकेत दिया। उन्होंने कहा कि उचित जांच-पड़ताल और मुद्दे के महत्व को समझने के बाद NCP (शरद पवार) इस बिल का समर्थन कर सकती है।

दरअसल, सुप्रिया सुले ने पहले कहा था कि जब परिसीमन का मुद्दा सामने आएगा, तब उनकी पार्टी इस पर फैसला करेगी। इसी पर प्रतिक्रिया देते हुए भुजबल ने कहा, ''अगर उन्हें (सुप्रिया सुले) और NCP को लगता है कि यह मुद्दा सही है और इस पर समर्थन दिया जाना चाहिए, तो वे इसे परखने और इसके महत्व को समझने के बाद इसका समर्थन कर सकते हैं।''

गौरतलब है कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार संसद से परिसीमन बिल पारित कराने के लिए समर्थन जुटाने में लगी है। इसी साल अप्रैल में लोकसभा में यह बिल पेश किया गया था, लेकिन दो तिहाई बहुमत नहीं होने के कारण सदन में गिर गया था। ऐसे में इस मुद्दे पर शरद पवार गुट का रुख भी राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।

क्या 12 दिसंबर को राजनीति से संन्यास लेंगे शरद पवार?

शरद पवार को लेकर एक और चर्चा ने महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल बढ़ा रखी है। खबरें आई थीं कि वह 12 दिसंबर को अपने जन्मदिन के मौके पर सक्रिय राजनीति से संन्यास लेने का ऐलान कर सकते हैं। हालांकि, उनकी बेटी और सांसद सुप्रिया सुले ने इन खबरों को खारिज कर दिया है। सुले ने नाराजगी जताते हुए कहा कि उनके पिता अभी भी राज्यसभा के सदस्य हैं और उनका पांच साल का कार्यकाल बाकी है। उन्होंने पत्रकारों से कहा, 'कौन संन्यास लेगा, यह लोग तय करेंगे।'

फडणवीस बोले- शरद पवार कभी नहीं रुकेंगे

शरद पवार के संन्यास की अटकलों पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि शरद पवार के राजनीति से संन्यास लेने पर चर्चा करना उचित नहीं है। फडणवीस के मुताबिक, पवार जीवन में कभी नहीं रुकेंगे और ''कुछ न कुछ सकारात्मक काम करते रहेंगे।''

मुख्यमंत्री ने कहा, ''हम शरद पवार के अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हैं। वह आज भी सक्रिय हैं। मैंने उन्हें करीब से देखा है। वह लगातार विभिन्न परियोजनाओं और कार्यों में रुचि लेते रहते हैं। इसलिए उनके संन्यास पर चर्चा करना उचित नहीं है।''

Sachin Singh
ABOUT THE AUTHOR

Sachin Singh

Conetent Writer Mail ID - sachinsingh.alert@gmail.comsachinsingh.alert@gmail.com

Sachin Singh is a media professional with 4 years of experience in the field of journalism and digital media. After completing his education at Jamia Millia Islamia Central University, he has worked with reputed media organizations such as Editor ji, ABP News and Doordarshan. Currently, Sachin Singh is working as a Content Writer with News Track, where he contributes to fast-paced digital news coverage and content creation. His areas of interest include politics, national and international affairs, and food. With experience across different formats of journalism, he focuses on producing informative, accurate, and engaging content for digital audiences.

Next Story