Andhra Pradesh: शर्मिला रेड्डी ने सीएम भाई के खिलाफ खोला मोर्चा, आज से शुरू करेंगी राज्यवापी विरोध-प्रदर्शन

Andhra Pradesh: मुख्यमंत्री वाईएस जगनमोहन रेड्डी को इस बार न केवल विपक्ष से बल्कि परिवार से भी चुनौती मिल रही है। उनकी सगी बहन शर्मिला रेड्डी ने उनकी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

Krishna Chaudhary
Published on: 22 Feb 2024 10:36 AM IST (Updated on: 22 Feb 2024 11:37 AM IST)
CM YS Jaganmohan Reddy Sharmila Reddy
X

CM YS Jaganmohan Reddy Sharmila Reddy (photo: social media )

Andhra Election 2024: दक्षिणी सूबा आंध्र प्रदेश में इस साल लोकसभा चुनाव के साथ-साथ विधानसभा चुनाव भी होंगे, लिहाजा प्रदेश की सियासत गरमाई हुई है। सत्तारूढ़ वाईएसआर कांग्रेस के खिलाफ विपक्षी टीडीपी और साउथ सुपरस्टार पवन कल्याण की पार्टी जनसेना माहौल बनाने में जुटी हुई है। मुख्यमंत्री वाईएस जगनमोहन रेड्डी को इस बार न केवल विपक्ष से बल्कि परिवार से भी चुनौती मिल रही है। उनकी सगी बहन शर्मिला रेड्डी ने उनकी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

वाईएस शर्मिला रेड्डी ने जनवरी में अपनी पार्टी वाईएसआई तेलंगाना का कांग्रेस में विलय कर दिया था। अब उनके कंधे पर आंध्र प्रदेश में मृतप्राय कांग्रेस को जीवित करने की जिम्मेदारी है। इसके लिए वो खुलकर अपने भाई के सरकार के खिलाफ मैदान में उतर गई हैं। आज यानी गुरुवार 22 फरवरी को उन्होंने ‘चलो सचिवालय’ विरोध प्रदर्शन बुलाया है।

हाउस अरेस्ट के डर से दफ्तर में गुजारी रात

राज्यव्यापी विरोध-प्रदर्शन के ऐलान से सत्तारूढ़ खेमे में हलचल पैदा हो गई। शर्मिला को भनक लग गई कि उन्हें उनकी भाई की पुलिस हाउस अरेस्ट करने वाली है। इसलिए उन्होंने अपना घर छोड़ रात विजयवाड़ा स्थित प्रदेश कांग्रेस दफ्तर में बिताई। जहां से आज वो विरोध-प्रदर्शन के लिए निकलेंगी। कांग्रेस दफ्तर के बाहर भारी संख्या में पुलिसफोर्स तैनात हैं।


सीएम भाई पर बोला हमला

शर्मिला रेड्डी ने जगन सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जनगमोहन रेड्डी पिछले पांच सालों में युवाओं, बेरोजगारों और छात्रों के महत्वपूर्ण मुद्दों का समाधान करने में विफल रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले रही पुलिस का एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा, हमारे चारों ओर हजारों पुलिसकर्मी तैनात कर दिये गये। लोहे की बाड़ लगा दी गई है और हमें बंधक बना लिया गया है। अगर हम बेरोजगारों के पक्ष में खड़े हैं तो वे हमें गिरफ्तार कर रहे हैं।' आप तानाशाह हैं जो हमें रोकने की कोशिश कर रहे हैं। आपके कार्य इसका प्रमाण हैं। वाईसीपी सरकार को बेरोजगारों से माफी मांगनी चाहिए।

विरासत के लिए जंग

शर्मिला रेड्डी अविभाजित आंध्र प्रदेश के दिग्गज कांग्रेस नेता और लगातार दो बार विधानसभा चुनाव जीतकर मुख्यमंत्री बने वाईएस राजशेखर रेड्डी की बेटी और राज्य के मौजूदा सीएम जगनमोहन रेड्डी की छोटी बहन हैं। हेलीकॉप्टर क्रैश में राजशेखर रेड्डी के निधन के बाद जगन ने खुद को सीएम बनाने की मांग कांग्रेस के आलाकमान के सामने रखी थी लेकिन बात नहीं बनी, जिसके बाद पूरा रेड्डी परिवार बगावत कर कांग्रेस से अलग हो गया।

जगन ने इसके बाद खुद की पार्टी वाईएसआर कांग्रेस बनाई और राज्य में लंबी पदयात्रा निकाला। 2019 के लोकसभा और विधानसभा चुनाव में उन्हें अप्रत्याशित सफलता मिली। दोनों चुनावों में उन्हें प्रचंड जीत मिलीं। इसमें उनकी छोटी बहन शर्मिला का भी बड़ा योगदान बताया जाता है। लेकिन सत्ता आने के बाद परिवार में मतभेद शुरू हो गए। भाई-बहन के बीच पिता की विरासत को लेकर लड़ाई शुरू हो गई, जो अब सड़कों पर उतर आई है।

Krishna Chaudhary
ABOUT THE AUTHOR

Krishna Chaudhary

Krishna Chaudhary having four year experience of working in different positions during his Journalism. Having Expertise to create content in Politics, Crime, National and International Affiars.

Next Story