शशि थरूर के काफिले पर बड़ा हमला! केरलम में बीच सड़क पर 8 गुंडों ने घेरी गाड़ी, सुरक्षाकर्मी से जमकर मारपीट

Shashi Tharoor convoy attack Kerala: केरल के मलप्पुरम में शशि थरूर के काफिले पर हमला होने से सियासी माहौल गरमा गया है। वंडूर इलाके में हमलावरों ने गाड़ी घेरकर सुरक्षाकर्मी से मारपीट की। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और बाकी की तलाश जारी है, जबकि इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Harsh Srivastava
Published on: 4 April 2026 7:16 AM IST (Updated on: 4 April 2026 7:17 AM IST)
शशि थरूर के काफिले पर बड़ा हमला! केरलम में बीच सड़क पर 8 गुंडों ने घेरी गाड़ी, सुरक्षाकर्मी से जमकर मारपीट
X

Shashi Tharoor convoy attack Kerala: केरल के शांत माने जाने वाले मलप्पुरम जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और तनावपूर्ण खबर सामने आई है। कांग्रेस के दिग्गज नेता और तिरुवनंतपुरम से सांसद शशि थरूर के साथ वंडूर (Wandoor) इलाके में बदसलूकी और हमले का मामला प्रकाश में आया है। यूडीएफ उम्मीदवार ए.पी. अनिल कुमार के समर्थन में चुनाव प्रचार करने जा रहे थरूर के काफिले को न केवल बीच रास्ते में रोका गया, बल्कि उनके सुरक्षाकर्मी के साथ सरेआम मारपीट भी की गई। इस घटना के बाद इलाके में सियासी पारा गरमा गया है और पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो हमलावरों को सलाखों के पीछे भेज दिया है।

बीच सड़क पर घेरा थरूर का काफिला

शशि थरूर की टीम से मिली जानकारी के मुताबिक, यह पूरी वारदात उस समय हुई जब वे दो गाड़ियों के छोटे से काफिले के साथ चुनाव प्रचार के लिए निकल रहे थे। थरूर अपनी पहली गाड़ी में सवार थे। तभी अचानक दो कारों में सवार होकर आए करीब 8 अज्ञात हमलावरों ने फिल्मी अंदाज में रास्ता रोक लिया। चश्मदीदों का कहना है कि हमलावरों ने थारूर की कार को चारों तरफ से घेर लिया और खिड़कियों व शीशों पर जोर-जोर से मुक्के मारने शुरू कर दिए। अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और गाड़ी के भीतर सवार लोग सहम गए।

सुरक्षाकर्मी के साथ हाथापाई और धक्का-मुक्की

जब स्थिति बेकाबू होने लगी और हमलावर गाड़ी के भीतर घुसने की कोशिश करने लगे, तब शशि थरूर के निजी सुरक्षाकर्मी (गनमैन) ने बीच-बचाव करने की हिम्मत दिखाई। गनमैन ने जैसे ही हमलावरों को पीछे धकेलने और रास्ता साफ कराने की कोशिश की, उपद्रवियों ने उस पर ही हमला बोल दिया। सुरक्षाकर्मी के साथ जमकर धक्का-मुक्की और हाथापाई की गई। हमलावरों का तेवर इतना आक्रामक था कि वे किसी भी हद तक जाने को तैयार दिख रहे थे। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी, जिसके बाद भारी पुलिस बल वहां पहुंचा।

पुलिस की कार्रवाई और उठते सवाल

घटना की गंभीरता को देखते हुए मलप्पुरम पुलिस ने तत्काल केस दर्ज कर लिया है। अब तक दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि बाकी फरार आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस अब इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी है कि क्या यह हमला किसी पुरानी रंजिश या सड़क विवाद का नतीजा था, या फिर चुनाव के माहौल को खराब करने के लिए रची गई कोई सोची-समझी साजिश थी। शशि थरूर जैसे कद्दावर नेता पर इस तरह का हमला केरल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

Harsh Srivastava
ABOUT THE AUTHOR

Harsh Srivastava

Content Writer Mail ID - harshsri764@gmail.comharshsri764@gmail.com

हर्ष श्रीवास्तव वाराणसी के रहने वाले पत्रकार और डिजिटल कंटेंट प्रोफेशनल हैं। वर्तमान में वे लखनऊ स्थित न्यूज़ट्रैक में डेस्क इंचार्ज के पद पर कार्यरत हैं। यहां वे कंटेंट प्लानिंग, एडिटोरियल कोऑर्डिनेशन, न्यूज़रूम संचालन के साथ-साथ रिसर्च आधारित एक्सप्लेनर, न्यूज़ फीचर और विश्लेषणात्मक लेख तैयार करते हैं। उनके पास मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (MJMC) की डिग्री है। उन्होंने वर्ष 2023 में पत्रकारिता की शुरुआत की और हिन्दुस्तान, टाइम्स इंटरनेट, इंडिया न्यूज़ जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। वाराणसी, दिल्ली और लखनऊ में काम करने के दौरान उन्हें रिपोर्टिंग, कंटेंट राइटिंग और डिजिटल पत्रकारिता का अनुभव प्राप्त हुआ। हर्ष की विशेष रुचि राजनीति, चुनाव, अपराध, सार्वजनिक नीति, सुशासन और समसामयिक विषयों पर शोध-आधारित पत्रकारिता में है। वे गहन रिसर्च, फैक्ट-चेकिंग और सरल भाषा के माध्यम से जटिल विषयों को पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावी ढंग से पहुंचाने का प्रयास करते हैं।

Next Story