TRENDING TAGS :
मैं बस ज़िंदा रहने की कोशिश कर रहा... GTA 6 में उलझे शशि थरूर, कंट्रोल समझने में छूटे पसीने! देखें VIDEO
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने मशहूर वीडियो गेम GTA 6 खेलने की कोशिश की, लेकिन गेम के कंट्रोल समझने में उन्हें काफी परेशानी हुई।
GTA 6: कांग्रेस सांसद शशि थरूर राजनीति और अपने बयानों को लेकर अक्सर चर्चा में रहते हैं, लेकिन इस बार उनका एक अलग ही अंदाज देखने को मिला। थरूर ने पहली बार मशहूर वीडियो गेम 'ग्रैंड थेफ्ट ऑटो 6' (GTA 6) खेलने की कोशिश की। उन्होंने इसका वीडियो अपने यूट्यूब चैनल पर शेयर किया है। वीडियो में थरूर गेम की दुनिया में आगे बढ़ने और अपने किरदार को कंट्रोल करने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं, लेकिन गेम के कंट्रोल समझने में उन्हें काफी परेशानी होती है। एक समय तो वह हार मानने की बात तक कहने लगते हैं।
शशि थरूर ने बताया कि उनकी टीम ने उन्हें इस मशहूर गेमिंग फ्रेंचाइजी से परिचित कराया। हालांकि, वीडियो गेम खेलना कभी भी उनका शौक नहीं रहा। उन्होंने कहा कि उनका बचपन ऐसे परिवार में बीता, जहां किताबें पढ़ने को ज्यादा महत्व दिया जाता था। उनके बच्चों ने भी डंजन्स एंड ड्रैगन्स जैसे बोर्ड गेम खेले हैं। गेम का नाम समझने की कोशिश करते हुए थरूर ने मजाकिया अंदाज में कहा, "सच कहूं तो मुझे इसका नाम ही समझ नहीं आया, क्योंकि ग्रैंड थेफ्ट ऑटो अंग्रेजी भाषा में कोई मतलब नहीं बनाता। ग्रैंड थेफ्ट यानी बड़ी चोरी, लेकिन ऑटो?"
गेम में जिंदा रहने की कोशिश करते दिखे थरूर
वीडियो में थरूर गेम के किरदार को इधर-उधर ले जाने और रास्ते में आने वाली रुकावटों से बचाने की कोशिश करते दिखाई देते हैं। लेकिन कंट्रोल समझने में उन्हें बार-बार दिक्कत होती है। इसी दौरान उन्होंने कहा, "नहीं, मैं तो बस जिंदा रहने की कोशिश कर रहा हूं।" गेम खेलने के अनुभव पर उन्होंने माना कि वह गेम खेलने वाले व्यक्ति नहीं हैं। उन्होंने कहा कि गेम की जगह और उसके किरदारों से वह खुद को ज्यादा जोड़ नहीं पाए।
हालांकि, थरूर ने यह भी कहा कि किसी कहानी को अनुभव करने का यह एक अलग तरीका है। उनके मुताबिक, वीडियो गेम के जरिए भी लोग कहानी को एक नए अंदाज में महसूस कर सकते हैं।
बोले- भारत में भी बनने चाहिए अपनी संस्कृति वाले गेम
GTA 6 खेलने के दौरान शशि थरूर ने भारत में वीडियो गेमिंग की लोकप्रियता पर भी बात की। उन्होंने सवाल उठाया कि जब भारत में बड़ी संख्या में लोग विदेशी गेम खेल रहे हैं, तो देश के डेवलपर्स भारतीय संस्कृति और अनुभवों पर आधारित गेम क्यों नहीं बना रहे हैं।
थरूर ने कहा कि भारत में पहले से ही करीब 50 करोड़ लोग गेम खेल रहे हैं। ऐसे में देश में इतने प्रतिभाशाली लोग हैं कि उन्हें भारतीय कहानियों, जगहों और संस्कृति पर आधारित गेम तैयार करने चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारतीय डेवलपर्स इस दिशा में काम करेंगे, ताकि लोगों को अपने देश की पृष्ठभूमि पर बने गेम खेलने का मौका मिले।
नोटबंदी पर भी कर गए कटाक्ष
शशि थरूर ने GTA 5 और GTA 6 के बीच के 13 साल के अंतर का जिक्र करते हुए इस दौरान भारत में हुए बदलावों पर भी बात की। उन्होंने नोटबंदी का नाम लेते हुए सरकार के फैसले पर तंज कसा। थरूर ने नोटबंदी को मजाकिया अंदाज में "ग्रैंड थेफ्ट विदाउट ऑटो" यानी बिना ऑटो वाली बड़ी चोरी बता दिया।
इस तरह GTA 6 खेलने की कोशिश के दौरान शशि थरूर का वीडियो गेम के कंट्रोल से जूझता अंदाज तो चर्चा में आया ही, साथ ही भारतीय गेमिंग इंडस्ट्री और नोटबंदी पर उनकी टिप्पणी भी सुर्खियों में रही।


