TRENDING TAGS :
बुर्का नशीं होकर भारत में दाखिल हुई श्रद्धा दुबे? नेपाल बॉर्डर पर पहुंची पुलिस, खंगाले CCTV
Shraddha Dubey Near Nepal: लखनऊ के शिवा शर्मा हत्याकांड में फरार श्रद्धा दुबे की तलाश में पुलिस भारत-नेपाल सीमा तक पहुंची। सोनौली के भगवानपुर बाजार में CCTV फुटेज खंगाले गए और बुर्के वाली महिला को लेकर पूछताछ हुई।
Image Source- Social Media
Shraddha Dubey Near Nepal: लखनऊ के चर्चित शिवा शर्मा हत्याकांड (Shiva Sharma Murder Case) में फरार आरोपित श्रद्धा दुबे (Shraddha Dubey) की तलाश अब भारत-नेपाल सीमा (Indo-Nepal Border) तक पहुंच गई है। शुक्रवार शाम लखनऊ की एसओजी (SOG) और क्राइम ब्रांच (Crime Branch) की संयुक्त टीम सोनौली के भगवानपुर बाजार पहुंची और कई दुकानों व अन्य प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस ने दुकानदारों से बुर्का पहने महिला की आवाजाही को लेकर भी पूछताछ की। हालांकि श्रद्धा दुबे के नेपाल से भारतीय सीमा में दाखिल होने की बात सामने आई है, लेकिन इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
नेपाल बॉर्डर तक पहुंची पुलिस की तलाश
श्रद्धा दुबे की तलाश में शुक्रवार शाम लखनऊ पुलिस की टीम सोनौली कोतवाली क्षेत्र के भगवानपुर बाजार पहुंची। एसओजी और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने यहां दुकानों और दूसरे प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी।
करीब तीन से चार घंटे तक चली इस पड़ताल में पुलिस ने दुकानदारों से भी पूछताछ की। टीम का मकसद यह पता लगाना था कि श्रद्धा दुबे की संभावित आवाजाही से जुड़ा कोई सुराग मिल सकता है या नहीं। इस जांच में स्थानीय पुलिस ने भी टीम का सहयोग किया।
शिवा शर्मा हत्याकांड में नाम सामने आने के बाद से ही मॉडल श्रद्धा दुबे फरार है। घटना के बाद उसके बहराइच के रास्ते नेपाल जाने की बात सामने आई थी। इसके बाद से पुलिस और एसटीएफ (STF) की टीमें उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं।
नेपाल से भारत आने का मिला इनपुट
इसी बीच लखनऊ पुलिस को सूचना मिली कि श्रद्धा दुबे भगवानपुर के रास्ते नेपाल से भारतीय सीमा में दाखिल हुई है। इसी इनपुट के आधार पर लखनऊ से टीम सीमावर्ती बाजार पहुंची और वहां जांच शुरू की गई।
हालांकि, पुलिस को इस सूचना की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। यही वजह है कि टीम ने आसपास के इलाकों में सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ स्थानीय लोगों से भी जानकारी जुटाई।
बुर्के में महिला की तलाश
भगवानपुर बाजार में पुलिस ने खास तौर पर बुर्का पहने महिला की आवाजाही के बारे में दुकानदारों से पूछताछ की। जिन दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे लगे थे, वहां पुलिस ने रिकॉर्डिंग को ध्यान से देखा।
दुकानदारों के मुताबिक, लखनऊ से सादे कपड़ों में पहुंची पुलिस टीम के साथ भगवानपुर पुलिस के जवान भी मौजूद थे। टीम ने यह जानने की कोशिश की कि क्या नेपाल से भारत में दाखिल होने के दौरान बुर्का पहने कोई महिला यहां से गुजरी थी।
इसके अलावा पुलिस ने संभावित स्थानीय मददगारों के बारे में भी जानकारी जुटाई। कई घंटे तक सीसीटीवी फुटेज खंगालने और पूछताछ करने के बाद लखनऊ से आई टीम वापस लौट गई।
फिलहाल जांच में कोई अहम सुराग मिलने की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, श्रद्धा के संभावित रूप से नेपाल से भारत आने की सूचना के मद्देनजर सीमावर्ती इलाके में निगरानी बढ़ाए जाने की जानकारी सामने आ रही है।
श्रद्धा समेत तीन के खिलाफ NBW जारी
उधर, इस मामले में पुलिस की कानूनी कार्रवाई भी तेज हो गई है। 25 हजार रुपये की इनामी श्रद्धा दुबे, उसकी बहन समेत तीन आरोपियों के खिलाफ कोर्ट ने शुक्रवार को एनबीडब्ल्यू (NBW) जारी किया है।
हजरतगंज पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ कोर्ट में अर्जी दाखिल की थी। इसके बाद अदालत की ओर से गैर-जमानती वारंट जारी किया गया।
शिवा की मां ने दर्ज कराया था मुकदमा
पुलिस आयुक्त तरुण गाबा के मुताबिक, इस मामले में हजरतगंज कोतवाली में शिवा की मां ने मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि, उसके ड्राइवर और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया था।
जांच आगे बढ़ने के दौरान ड्राइवर दानिश का नाम भी सामने आया था। अब श्रद्धा दुबे की तलाश लखनऊ से निकलकर भारत-नेपाल सीमा तक पहुंच चुकी है और पुलिस सीसीटीवी फुटेज तथा स्थानीय स्तर पर मिली सूचनाओं के जरिए उसके संभावित ठिकाने तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।


