TRENDING TAGS :
कांग्रेस की ‘वोट बचाओ’ रैली में महिला सांसद को थप्पड़! VIDEO वायरल होते ही पार्टी में मचा बवाल
Shyam Barve Viral Video: कांग्रेस की वोट बचाओ देश बचाओ रैली के दौरान सांसद श्याम कुमार बर्वे पर प्रतिभा धनोरकर को थप्पड़ मारने का आरोप लगा है। वीडियो वायरल होने के बाद खड़गे और राहुल गांधी से कार्रवाई की मांग की गई है।
Image Source- Social Media
Shyam Barve Viral Video: कांग्रेस (Congress) की ‘वोट बचाओ देश बचाओ’ रैली (Vote Bachao Desh Bachao Rally) के दौरान पार्टी के दो सांसदों के बीच हुई एक घटना अब विवाद का विषय बन गई है। एक वायरल वीडियो (Viral Video) को लेकर कांग्रेस के कुछ पदाधिकारियों ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से शिकायत की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि रामटेक से कांग्रेस सांसद श्याम कुमार बर्वे ने चंद्रपुर की सांसद प्रतिभा धनोरकर को बस में चढ़ते समय थप्पड़ मारा। इस मामले को लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से अनुशासनात्मक कार्रवाई (Disciplinary Action) की मांग की गई है।
यह शिकायत कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, सोनिया गांधी, केसी वेणुगोपाल और महाराष्ट्र के पार्टी प्रभारी सिरिवेला प्रसाद को ईमेल के जरिए भेजी गई है। इसमें कहा गया है कि 1 नवंबर को आयोजित रैली के दिन कुछ कांग्रेस सांसदों का व्यवहार पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचा रहा है।
सांसदों के बर्ताव पर उठाए सवाल
शिकायत में उस घटना का जिक्र किया गया है, जब कई कांग्रेस सांसद बस से रामलीला मैदान में आयोजित ‘वोट बचाओ देश बचाओ’ रैली में जा रहे थे। इसी दौरान बस के अंदर का एक वीडियो सामने आया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
पार्टी पदाधिकारियों की ओर से वरिष्ठ नेताओं को भेजे गए ईमेल में आरोप लगाया गया है कि रामटेक के सांसद श्याम कुमार बर्वे ने बस में चढ़ते समय चंद्रपुर की सांसद प्रतिभा धनोरकर को थप्पड़ मारा। शिकायत करने वालों का कहना है कि इस तरह का व्यवहार किसी भी चुने हुए जनप्रतिनिधि से अपेक्षित नहीं है और इससे पार्टी की छवि पर गलत असर पड़ रहा है।
महिलाओं के सम्मान की लड़ाई के बीच उठे सवाल
शिकायत में कांग्रेस के राजनीतिक रुख का हवाला देते हुए कहा गया है कि पार्टी लोकतंत्र (Democracy), संवैधानिक मूल्यों (Constitutional Values) और महिलाओं के सम्मान (Women’s Dignity) की रक्षा की बात करती है। ऐसे में अगर पार्टी के ही किसी सांसद का व्यवहार महिला सांसद के प्रति आपत्तिजनक दिखाई देता है तो इससे जनता के बीच गलत संदेश जाता है।
ईमेल में कहा गया है कि पार्टी के सांसदों और चुने हुए प्रतिनिधियों से जिम्मेदार व्यवहार की उम्मीद की जाती है। शिकायतकर्ताओं ने वरिष्ठ नेताओं से मांग की है कि संगठनात्मक अनुशासन (Organisational Discipline) और महिला नेताओं के सम्मान को ध्यान में रखते हुए इस तरह के व्यवहार को गलत ठहराया जाए और संबंधित सांसद के खिलाफ जरूरी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।
शिकायत में उम्मीद जताई गई है कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे इस मामले का संज्ञान लेंगे और उचित कदम उठाएंगे।
दस सेकंड के वीडियो में क्या दिखाई दिया?
जिस वीडियो को लेकर कांग्रेस के भीतर शिकायत की गई है, वह करीब दस सेकंड का है। इसमें कई कांग्रेस सांसद बस से रैली में जाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में रामटेक के सांसद श्याम कुमार बर्वे अपनी जगह से खड़े होते हैं और उनके बगल में बैठी चंद्रपुर की सांसद प्रतिभा धनोरकर को हल्का सा थप्पड़ मारते नजर आते हैं।
वीडियो की शुरुआत में प्रतिभा धनोरकर इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं देती हैं, लेकिन कुछ देर बाद वह श्याम कुमार बर्वे की ओर गुस्से से देखती दिखाई देती हैं। वीडियो सामने आने और कांग्रेस हलकों में वायरल होने के बाद ही पार्टी पदाधिकारियों ने सांसद के व्यवहार को लेकर वरिष्ठ नेताओं से शिकायत की।
प्रतिभा धनोरकर ने बताया मजाक का हिस्सा
वहीं इस पूरे मामले में प्रतिभा धनोरकर का पक्ष भी सामने आया है। उनसे मिलकर घटना पर उनका रुख जानने की कोशिश की गई तो उन्होंने कैमरे के सामने इस बारे में कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया। हालांकि, उन्होंने बताया कि उस समय सांसद आपस में हंसी-मजाक कर रहे थे और यह घटना भी उसी का हिस्सा थी।
प्रतिभा धनोरकर का कहना है कि यह सब मस्ती-मजाक के दौरान हुआ था और मीडिया को इसे गंभीरता से नहीं लेना चाहिए। यानी जहां कुछ कांग्रेस पदाधिकारियों ने वीडियो के आधार पर पार्टी नेतृत्व से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है, वहीं संबंधित महिला सांसद ने घटना को आपसी मजाक का हिस्सा बताया है।
अब इस वीडियो के वायरल होने और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं तक शिकायत पहुंचने के बाद सबकी नजर कांग्रेस नेतृत्व के रुख पर है। देखना होगा कि मल्लिकार्जुन खड़गे और दूसरे वरिष्ठ नेता इस मामले में कोई कार्रवाई करते हैं या प्रतिभा धनोरकर के बयान के बाद इसे यहीं खत्म माना जाता है।


